सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार कल 25 नवंबर को समावेश-  SAMAVESH और नए ई-अनुदान पोर्टल का शुभारंभ करेंगे


एआई-सक्षम समावेश विभाग की योजनाओं और सेवाओं के लिए एकीकृत डिजिटल माध्यम उपलब्ध कराएगा

नया ई-अनुदान पोर्टल अनुदान-सहायता प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने और पारदर्शिता बढ़ाने में सहायक होगा

प्रविष्टि तिथि: 24 NOV 2026 5:12PM by PIB Delhi

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री श्री बी. एल. वर्मा के साथ, कल राष्ट्रीय राजधानी स्थित डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र (डी आई ए सी ) में समावेश -SAMAVESH (Single Access Mechanism for All Verticals of Empowerment & Social Harmony) और नए ई-अनुदान पोर्टल का शुभारंभ करेंगे।

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह शुभारंभ भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के डिजिटल तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि दोनों प्लेटफॉर्म विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में पहुंच को बढ़ाने, सेवा वितरण को सरल बनाने, संस्थागत दक्षता में सुधार करने तथा अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने के लिए तैयार किए गए हैं।

समावेश -SAMAVESH: योजनाओं और सेवाओं के लिए एकीकृत डिजिटल माध्यम

सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग द्वारा विकसित  समावेश - SAMAVESH एक एकीकृत डिजिटल माध्यम के रूप में कार्य करेगा। यह विभाग की योजनाओं, सेवाओं और संगठनात्मक पोर्टलों को एक ही एकीकृत प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगा। इसका उद्देश्य नागरिकों, लाभार्थियों और अन्य हितधारकों को एकल डिजिटल इंटरफेस के माध्यम से सूचना और सेवाओं तक सुविधाजनक, निर्बाध और उपयोगकर्ता-अनुकूल पहुंच प्रदान करना है।

समावेश - SAMAVESH विभाग के 20 से अधिक पोर्टलों को एकीकृत करता है। इनमें विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के लिए शुरू से अंत तक डिजिटल कार्यप्रवाह उपलब्ध कराने वाले नौ पोर्टल भी शामिल हैं। अनेक डिजिटल प्लेटफॉर्मों को एकीकृत करने से नेविगेशन आसान होगा, पहुंच संबंधी बाधाएं कम होंगी और कल्याणकारी सेवाओं के अधिक प्रभावी वितरण में सुविधा होगी।

इसकी प्रमुख विशेषताओं में सामान्य लॉगिन सुविधा शामिल है जिसके माध्यम से उपयोगकर्ता एकीकृत प्रमाणीकरण प्रणाली द्वारा कई सेवाओं तक पहुंच सकेंगे।

प्लेटफॉर्म पर ‘सामाजिक सहायक’ नामक एआई-संचालित चैटबॉट भी उपलब्ध होगा। यह भाषिणी -BHASHINI के के माध्यम से 22 से अधिक क्षेत्रीय भाषाओं में सूचना और सहायता प्रदान करेगा। इससे विभिन्न भाषाई पृष्ठभूमि वाले नागरिकों के लिए सरकारी सेवाएं अधिक समावेशी और सुलभ बनेंगी।

यह पोर्टल डिजीलॉकर और पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (प एफ एम एस ) जैसे राष्ट्रीय डिजिटल प्लेटफॉर्मों के  माध्यम से सेवाओं तक निर्बाध पहुंच भी उपलब्ध कराएगा। एकीकृत लाभार्थी डैशबोर्ड से योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों से संबंधित जानकारी की बेहतर निगरानी, ट्रैकिंग और पर्यवेक्षण में सहायता मिलेगी।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता, बहुभाषी सहायता और परस्पर-संचालित डिजिटल अवसंरचना के एकीकरण के माध्यम से समावेश -SAMAVESH का उद्देश्य विभाग के लिए अधिक सुलभ, उत्तरदायी और नागरिक-केंद्रित डिजिटल इंटरफेस स्थापित करना है।

नया ई-अनुदान पोर्टल: अनुदान-सहायता प्रबंधन को सरल बनाना

नया ई-अनुदान पोर्टल विभाग की चार प्रमुख योजनाओं—नशे की मांग में कमी के लिए राष्ट्रीय कार्य योजना (एन ए पी डी डी आर ), स्माइल (एस एम आई एल ई ), अटल वयो अभ्युदय योजना (ए वी वाई ए वाई ) और श्रेष्ठ (एस एच आर ई एस एच टी ए )—के अंतर्गत अनुदान-सहायता प्रक्रियाओं को एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाएगा।

नए स्वरूप वाला यह पोर्टल विभाग की योजनाओं के तहत सहायता प्राप्त करने वाले गैर-सरकारी संगठनों, स्वैच्छिक संगठनों और अन्य संस्थानों के लिए व्यवसाय सुगमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

यह आवेदन प्रक्रियाओं को सरल बनाएगा, दस्तावेजी आवश्यकताओं को कम करेगा तथा दस्तावेजों के स्वचालित सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराएगा। इससे प्रक्रियागत जटिलताएं कम होंगी और अनुदान-सहायता प्रस्तावों के अधिक प्रभावी प्रसंस्करण में सुविधा होगी।

प्रौद्योगिकी आधारित ई-निरीक्षण सुविधाओं, जिसमें वीडियो आधारित निरीक्षण और जियो-टैग किए गए साक्ष्य शामिल हैं, के माध्यम से यह प्लेटफॉर्म निगरानी और जवाबदेही को भी मजबूत करेगा। इन सुविधाओं से विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता प्राप्त संस्थानों और परियोजनाओं की बेहतर निगरानी संभव होगी।

पी एफ एम एस  के साथ एकीकरण से धनराशि के वितरण और भुगतान की पूरी प्रक्रिया की निगरानी संभव होगी। इससे धन के उपयोग में अधिक पारदर्शिता आएगी और वित्तीय जवाबदेही मजबूत होगी।

इस एकीकृत डिजिटल व्यवस्था से अनुदान प्रबंधन की दक्षता बढ़ने, समय पर प्रसंस्करण में सुविधा होने तथा सहायता प्राप्त परियोजनाओं और गतिविधियों के क्रियान्वयन की बेहतर निगरानी की उम्मीद है।

इस  कार्यक्रम के दौरान प्रौद्योगिकी सहयोग को मजबूत करने तथा कौशल विकास और रोजगार के अवसरों का विस्तार करने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों का भी आदान-प्रदान किया जाएगा।

पहला समझौता ज्ञापन सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग तथा भाषिणी - BHASHINI के बीच होगा। इसका उद्देश्य बहुभाषी पहुंच को सुगम बनाना और भाषा प्रौद्योगिकी सेवाओं को समावेश -SAMAVESH के साथ एकीकृत करना है। इस सहयोग से 22 से अधिक क्षेत्रीय भाषाओं में सूचना और सेवाओं तक पहुंच उपलब्ध कराने तथा दस्तावेजों के सारांश सहित प्रौद्योगिकी-सक्षम सेवाएं प्रदान करने में सहायता मिलेगी। इससे प्लेटफॉर्म का समावेशी और नागरिक-केंद्रित स्वरूप और मजबूत होगा।

दूसरा समझौता ज्ञापन सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग तथा राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एन एस डी सी) के बीच होगा। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के अनुदान-सहायता घटक के तहत कौशल विकास और रोजगार से संबंधित सहायता एवं सेवाएं उपलब्ध कराना है।

इस साझेदारी का उद्देश्य लाभार्थियों के लिए कौशल विकास और रोजगार संबंधी पहलों को मजबूत करना, आजीविका के अवसरों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करना तथा उनके सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण में सहायता करना है।

समावेश -SAMAVESH और नए ई-अनुदान पोर्टल का शुभारंभ कल्याणकारी कार्यक्रमों के अधिक प्रभावी क्रियान्वयन के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और संस्थागत साझेदारियों का लाभ उठाने के प्रति विभाग की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इन पहलों से विभाग की सेवा वितरण व्यवस्था को मजबूत करने, नागरिकों और क्रियान्वयन करने वाले संगठनों के लिए सेवाओं तक पहुंच को आसान बनाने तथा समावेशी, पारदर्शी और प्रौद्योगिकी-आधारित शासन के व्यापक उद्देश्य को आगे बढ़ाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।

******

पीके/केसी/आरटी/एनकेएस


(रिलीज़ आईडी: 2340888) आगंतुक पटल : 32
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English