प्रधानमंत्री कार्यालय
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में 'कौशल दीक्षांत समारोह' में भाग लेने के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का मूल पाठ
प्रविष्टि तिथि:
21 NOV 2026 9:49PM by PIB Delhi
उत्तर प्रदेश के ऊर्जावान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी, केन्द्रीय मंत्रिमंडल में मेरे वरिष्ठ साथी और इसी संसदीय क्षेत्र से प्रतिनिधित्व कर रहे श्रीमान राजनाथ सिंह जी, श्रीमान जयंत चौधरी जी, संसद में मेरे पंकज चौधरी जी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जी, ब्रजेश पाठक जी, अन्य जनप्रतिनिधि और मेरे युवा साथियों,
मुझे खुशी है कि हमारे मित्र जयंत चौधरी जी ने कौशल विकास के इतने बड़े कार्यक्रम के लिए लखनऊ को चुना। आपने ताली तो बजा दी, लेकिन मैं अभी बात तो बताना मेरी बाकी है। मुझे खुशी इसलिए है कि उत्तर प्रदेश के सांसद होने के नाते मेरे लिए गर्व की बात है और मेरे सौभाग्य है, उत्तर प्रदेश के सांसद के नाते देशभर से आए हुए, मेरे युवा दोस्तों का स्वागत करने का मुझे आज अवसर मिल रहा है।
साथियों,
आज अपने जीवन का एक अहम पड़ाव पार किया है। अब आप राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से सीधे जुड़ने वाले हैं और आज का दिवस मेरे लिए बड़ा महत्वपूर्ण है। मैं आज सुबह दिल्ली से निकला, बंगाल गया और आज के दिन का मेरा पहला कार्यक्रम आईआईटी में था। 75 साल हुए आईआईटी को, देश का पहला आईआईटी खड़गपुर बना था, उसके 75 साल का समारोह था और जिस ऊर्जा के साथ, जिस सपनों को लेकर, जिस आशा और अरमान को लेकर के मैं आईआईटी के बच्चों के पास गया था, उतने ही उमंग और उत्साह के साथ मैं आईटीआई के बच्चों के पास आया हूं। चाहे आईआईटी हो या आईटीआई हो, मेरे लिए तो यही मेरे देश की अमानत है, यही मेरे देश का सामर्थ्य है और यही मेरे देश का भविष्य है। आईटीआई में पढ़ते हुए जो स्किल आपने सीखी है, जो हुनर आपने सीखा है, वो अब विकसित भारत की बड़ी ऊर्जा है, ये विकसित भारत आप ही के हाथों से, आप ही के हुनर ने बनने वाला है। कोई भी राष्ट्र अपने युवाओं के कौशल से इसी तरह कुशलता से आगे बढ़ता है और हमारा देश तो हमेशा से ही कौशल का सम्मान करने वाला देश है। आप यहां लखनऊ में ही देखिए, चिकनकारी का काम कितना काम होता है, लंबे समय तक दुनिया में भारत की पहचान ऐसे ही कौशल से रही है। बहुत बारीक मलमल, बनारस और कांजीवरम का रेशम, कश्मीर की पश्मिना, हमारे सूती कपड़े, कलमकारी, दुनिया की, दुनिया की श्रेष्ठ तलवारों को बनाने वाली स्टील, कांस्य और पंचधातु की मूर्तियों का निर्माण, ऐसे सैकड़ों अनगिनत काम, शायद कोई एक व्यक्ति एक साथ गिना भी नहीं सकता है और जो हमारे समाज का आधार स्तम्भ हुआ करते थे।
साथियों,
हमारे यहां पहले की समाज व्यवस्था ही कौशल के इर्द गिर्द ही रची हुई थी। मेरे जन्म गुजरात में हुआ, मैं गुजरात का एक अनुभव बताता हूं। गुजरात में एक शब्द प्रयोग है- वसवाया। ये वसवाया परंपरा रही है यानी जहां कोई गांव बसेगा, वहां अपने कौशल से गांव का जीवन चलाने वाले हुनरमंद लोग भी बसेंगे और वो होंगे तभी तो गांव बसेगा यानी ऐसे हुनरमंद लोग जिनके बिना गांव के जीवन की कल्पना भी मुश्किल होती थी।
साथियों,
हमारे यहां प्राचीन काल से देश के हर क्षेत्र में ऐसी व्यवस्था रही है। लेकिन दुर्भाग्य से धीरे-धीरे यह व्यवस्था महत्व खोती चली गई। मैं जब गुजरात में मुख्यमंत्री था, तब मेरे सामने एक बार ये प्रश्न उठा था कि किस तरह के कितने कौशल होते हैं, जिनके बिना हमारा जीवन बहुत मुश्किल हो जाएगा? मैंने अपने अफसरों को ये काम दिया, वो लेकर आए कोई 30-35 चीजों को करने के लिए, मैंने कहा- ये ऐसा मत करो, थोड़ा मैं एक रास्ता दिखाता हूं, आप सोचिए! और मैंने उनको कहा कि - सुबह जागने से लेकर के रात सोने तक और जन्म से लेकर मृत्यु तक व्यक्ति को, परिवार को, समाज को किन-किन चीजों की आवश्यकता पड़ती है, कितनी प्रकार की सेवाओं की जरूरत होती है, हर व्यक्ति को अनिवार्य रूप से चाहिए ही, मैंने कहा अरे याद करके जरा लिस्ट बनाइए अपने अनुभव से। - जब पहले डिपार्टमेंट के लोग मेरे पास 30-35 चीज लेकर के आए थे। उन्होंने जब बैठ करके, सोच करके सूची बनाई, एक सप्ताह के बाद मुझे मिले, एक हजार काम ढूंढकर लाए थे वो, यानी हमें गुलदस्ता बनाने वाला भी चाहिए, हमें खिलौना बनाने वाला भी चाहिए, हमें मेहंदी लगाने वाले भी चाहिए, कितने प्रकार की सेवाओं की जरूरत पड़ती है और यही तो वो स्किल्स थीं, वो कौशल था, जो हमारे समाज को गतिमान बनाए हुए थे। मैंने अफसरों से इसी पर फोकस करने को कहा और फिर वहां गुजरात में कौशल विकास का एक आधुनिक इकोसिस्टम तैयार हुआ।
साथियों,
भारत में कौशल व्यवस्था की तबाही में एक और बात का दोष रहा। जब हमारे देश में आक्रांता आए, हमारा देश स्वर्णिम युग लेकर के दुनिया के लिए आकर्षण का भी केंद्र था, ईर्ष्या का भी केंद्र था और भारत में जब आए, उन्होंने क्या किया? सबसे पहली चोट उन्होंने हुनर पर की, आप में भी बहुत बच्चों ने इतिहास में पढ़ा होगा, हमारे ऐसे जो कारीगर हुआ करते थे, कोई चीज बना लें और वो चीज सबसे ज्यादा अच्छी बने, तो उस बनाने वाले के अंगूठे काट दिए जाते थे, क्यों? उन आतताइयों को पता था कि ये हुनर ही है, ये इसके हाथों में जो कौशल है, वो ही भारत को महान और समृद्ध बना रहा है और इसलिए उसकी शक्ति नष्ट करनी है, तो उसके अंगूठे काट दो, बाद में अंग्रेज आए, वो जरा बड़े sophisticated थे, उन्होंने तरीका बदला, उन्होंने देश के लोगों को, मैकाले ने एक ऐसी शिक्षा व्यवस्था थोपनी शुरू की जिसमें स्किल आधारित हमारी व्यवस्था सिर्फ कागजी क्लर्क बनाने तक सीमित हो गई। काले क्लर्क बनाने का काम कारोबार शुरू हो गया। अंग्रेजों ने भारत में कौशल को तबाह करके अपने यहां इंडस्ट्री को आगे बढ़ाया, यहां से सारी चीजे ले गए, अपने यहां मैन्युफैक्चरिंग को आगे बढ़ाया और समय के साथ अंग्रेजों का कागजी क्लर्क होने को सम्मान के साथ देखा जाने लगा। हमारे समाज की स्थिति कैसी है, अगर कोई बच्चा आईटीआई में दाखिल होता है, तो उसके मां-बाप, यार-दोस्तों को, रिश्तेदारों को बताते नहीं है कि आईटीआई में जाता है, छुपाते हैं। उन्हें शर्म आती है, क्यों? वो यूनिवर्सिटी में नहीं जा रहा है, कॉलेज में नहीं जा रहा है, ये तो ब्लू कलर के कपड़े पहनकर के ये हाथ से काम कर रहा है, ये परिस्थिति पैदा हो गई और मैंने ठान लिया है, मुझे इस परिस्थिति को बदलना है। जितना सम्मान आईआईटी के लोगों का होगा, उतना ही सम्मान मेरे आईटीआई के बच्चों का भी होगा। अरे बड़ी से बड़ी कम्पनी हो, ये कागजी सर्टिफिकेट लेकर के घूमने वाले दो-तीन लोग होते हैं, लेकिन उस कम्पनी को ताकत देने के लिए 200-300 आईटीआई वालों की जरूरत पड़ती है, तब जाकर के कम्पनी चलती है।
और इसलिए साथियों,
सामाजिक जीवन में एक मनोवैज्ञानिक परिवर्तन की बहुत बड़ी आवश्यकता है और मैं जयंत चौधरी जी को और उनके सभी अधिकारियों को भी मैं बधाई दूंगा। अभी मैं देख रहा था, जो बेटे-बेटी यहां सर्टिफिकेट लेने आए थे, उनका ठाठ देखा था, उनके कपड़े देखे थे, किसी यूनिवर्सिटी के convocation में ऐसे कपड़े नहीं होते, जैसे मेरे ITI के बच्चों के होते हैं। ये ठाठ, ये रुबाब, देश का प्रधानमंत्री ITI के बच्चों को सर्टिफिकेट देने के लिए बंगाल की यात्रा से दौड़ करके लखनऊ आकर के उनके पास खड़ा होकर के गर्व अनुभव कर रहा है।
साथियों,
वो गुलामी की मानसिकता थी, जिससे देश आजादी के बाद भी बाहर नहीं निकल पाया। आजादी के बाद भी क्लेरिकल जॉब पर जोर रहा और कौशल पीछे छूटता गया। एक बार मैंने दादा धर्माधिकारी जी की किताब पढ़ी थी, कोई Postgraduate किया हुआ सज्जन उन्हें मिलने आया, वो कहता था कि कोई कि परिचय हो तो नौकरी लगा दो, तो दादा धर्माधिकारी जी ने पूछा भई तुम्हें आता क्या है? बोले- मैं Postgraduate हूं, अरे बोले Postgraduate हो भई तुझे आता क्या है ये तो बताओ, अरे बोले मेरे पास गोल्ड मेडल है, मेरे पास certificate है, मैं Postgraduate हूं। अरे तुझे कुछ आता है क्या? तो वो समझा नहीं, बार-बार कह रहा था- मैं Postgraduate हूं। तो दादा धर्माधिकारी जी ने पूछा- अच्छा भाई तुम ये बताओ, तुझे गाड़ी चलाना आता है क्या? बोले- नहीं। बोले- खाना पकाना आता है क्या? बोले-नहीं! तो तुझे आता क्या है? मेरे पास certificate है। देश में एक वक्त था जो कागज़ी certificate वाला कार्यकाल रहा होगा, वक्त बदल रहा है और मैं आज आपको बात कहने जा रहा हूं। आज आपने देखा होगा, मीडिया में, सोशल मीडिया में एक चर्चा चल रही है और उस चर्चा में कह रहे हैं आज सब लोग कि मोदी जी ने Parliament में 2023 में कहा था कि आप ये भारत सरकार के जो PSUs हैं, उसमें पैसा लगाइए मालामाल हो जाएंगे और उस समय लोगों ने मेरी मजाक उड़ाई थी और आज इतिहास गवाह है कि जिन्होंने पैसे लगाए, वो मालामाल हो गए। मैंने दूसरी एक बात कही थी दोस्तों एक साल पहले, मैंने कहा था- मैं देशवासियों से आग्रह करता हूं, एक साल के लिए अगर जरूरत न हो तो कृपा करके सोना मत खरीदिए, गोल्ड मत खरीदिए और मुझे खुशी है, अगर लाल बहादुर शास्त्री ने कहा था देशवासियों को कि एक टाइम खाना छोड़ दो, इस देश ने उनकी बात को माना था। मेरे देश का चरित्र वही है, मेरे जैसे एक सामान्य व्यक्ति ने कहा कि गोल्ड कम खरीदिए, देशवासियों ने गोल्ड कम खरीदा, गोल्ड के दाम टूट गए। आज लोग मुझे कह रहे हैं- मोदी जी आपने कहा, आपकी बात मानी, हमारे पैसे बच गए। मैं आज एक और बात कहने जा रहा हूं, आप लिखकर रखिए, वक्त बदल रहा है, ये कागजी certificate लेकर के कोट पैन्ट टाई पहनकर के घूमने वाले लोग, उससे ज्यादा ये हुनर वालों की कदर होने वाली है। जिसके पास कौशल है, जिसके पास हुनर है, उसकी मांग बढ़ने वाली है। मैं जब सऊदी अरेबिया जाता हूं, दुबई जाता हूं, अबू धाबी जाता हूं, कतर जाता हूं, कुवैत जाता हूं, तो वहां के रॉयल फैमिली के लोग एक बात हमेशा कहते हैं कि ये जो हमारे शानदार आधुनिक शहर दिख रहे हैं न आपको, ये हमारे पैसों से नहीं, हिन्दुस्तान के कारीगरों के परिश्रम से बने हैं। ये दुबई की रौनक, ये अबु धाबी की चमचमाता हुआ अबु धाबी, ये सऊदी अरेबिया, ये भारत के कारीगरों के हुनर और परिश्रम का परिणाम है, हर रॉयल फैमिली भारत की शक्ति का गौरवगान करती है दोस्तों। आज दुनिया में जितनी भी सरकारें हमारे साथ समझौता कर रही हैं, उसमें एक बात उनकी होती है, हमें हर साल 90 हजार लोग चाहिए, हमें हर साल डेढ़ लाख लोग चाहिए, हमें हर साल एक लाख लोग चाहिए। आज पूरी दुनिया भारत के लोगों को मांग रही है। और कौन चाहिए यूनिवर्सिटी से निकले हुए नहीं, आईटीआई से निकले हुए लोग चाहिए। जिसके पास कौशल है, जिसके पास हुनर है, दुनिया में उसकी मांग बढ़ रही है। और इसलिए मैं कह रहा हूं दोस्तों, आने वाले बीस साल, बीस साल के बाद, वो मूवी की बात नहीं कर रहा हूं मैं, बीस साल के बाद विकसित भारत!
साथियों,
21वीं सदी का भारत कौशल को, स्किल को सम्मान देकर ही आगे बढ़ सकता है। इसलिए, बीते वर्षों में हमारी सरकार ने श्रमेव जयते की भावना से एक के बाद एक कई कदम उठाए हैं। हमने अलग स्किल मिनिस्ट्री बनाई, वहीं से शुरू किया। हमारे यहां पहले केवल कॉलेज-यूनिवर्सिटी में डिग्री पाने वालों के लिए दीक्षांत समारोह होते थे। बड़ा-बड़ा टोपा पहन करके आते थे, बड़े-बड़े कोट-वोट पहन करके आते थे। मैंने कहा- नहीं। अगर आन बान शान के साथ दीक्षांत समारोह होगा, तो मेरे आईटीआई के बच्चों का होगा। मुझे उनकी उंगलियों में भारत का भविष्य दिखता है। मुझे उनके हुनर में हिन्दुस्तान का सामर्थ्य नजर आता है। हमने जब नई नेशनल एजुकेशन पॉलिसी बनाई, तो उसमें भी कौशल विकास पर बहुत ज्यादा जोर दिया।
साथियों,
आज के इस आधुनिक जमाने में AI को लेकर क्या कुछ कहा जा रहा है, AI से ये हो जाएगा, AI वो हो जाएगा, AI से इसका रोजगार छिन जाएगा, उसका रोजगार छिन जाएगा। लेकिन मेरी ये बात अच्छे से समझ लीजिए, जिसके पास स्किल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता। हमने कोविड के दौरान देखा है, हर एक को पता है कैसे हाल हो गए थे हर परिवार के, लोग असहाय हो गए थे, जिनकी सेवाओं से उनका जीवन चलता था, वो मौत के डर से गांव छोड़-छोड़ करके अपने यहां चले गए थे और तब लोगों को पता चला कि हम कितने ही पैसे वाले क्यों न हो, ये स्किल्ड मैनपॉवर के बिना हम गुजारा नहीं कर सकते जी और तब वो स्किल वर्कर ही था, जिसने देश की कई बातों को संभाला था, काम किया था।
साथियों,
जब आप कोई हुनर सीखते हैं, तो आप केवल मशीनों पर काम नहीं करते। आप लोगों की जिंदगी को आसान बनाते हैं। आप देश का सामर्थ्य बढ़ाते हैं, वो भी एक वक्त था, हिन्दुस्तान मोबाइल फोन इंपोर्ट करता था और आज मेरे देश की बेटे-बेटियां वो मोबाइल फोन बनाती हैं, दुनिया भी में भारत का बना मोबाइल फोन जा रहा है दोस्तों। देश की मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी आप के कारण बढ़ती है। इसलिए, आज ITI को इतना महत्व दिया जा रहा है। 2014 के बाद हमारी सरकार ने सिर्फ एक दशक में लगभग 5 हज़ार नई ITI बनाई हैं। ITI में पढ़ने वालों की संख्या भी 5 लाख से अधिक बढ़ी है और इसमें भी लड़कियों की संख्या ढाई गुणा से अधिक हो चुकी है।
साथियों,
ITI में ट्रेनिंग, क्वालिटी, फैकल्टी और इंफ्रास्ट्रक्चर, ये भी हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण रहा है। पहले इसमें भी ITI नेटवर्क पिछड़ता जा रहा था। Skill और vocational courses के नाम पर वो पुराने trade पढ़ाए जा रहे थे। आज ITIs में 30 से अधिक New age trades की पढ़ाई होने लगी है। Gen Z ने जिसका उल्लेख भी किया। एयरोनॉटिकल स्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के असिस्टेंट की बात हो, साइबर सिक्योरिटी असिस्टेंट की बात हो, ड्रोन टेक्नीशियन की बात हो, ग्रीन हाइड्रोजन टेक्नीशियन की बात हो, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स की बात हो, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स हो, एनिमेशन एंड स्पेशल इफेक्ट्स, सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन, ITI में ऐसे हर कोर्स वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इंट्रोड्यूस किए गए हैं। आप के शहर में कितना ही बड़ा hospital क्यों न हो, दुनिया भर में बड़ी-बड़ी पढ़ाई करके आया वो कितना ही बड़ा डॉक्टर क्यों न हो, लेकिन वहां पर hospital में जो मशीन होते हैं न, उसको चलाने वाले ITI के बच्चे न हों, तो एक भी मरीज ठीक नहीं हो सकता है, कितना ही बड़ा डॉक्टर क्यों न हो, ये ताकत आपके पास है। मैं आपको उस ताकत का एहसास कराने के लिए निकाला हूं दोस्तों, मैं आपको उस सामर्थ्य की पूजा करने निकला हूं, मैं आपके उस सामर्थ्य को सम्मान देने के लिए निकला हूं। क्योंकि मुझे पता है कि आईटीआई आने वाले भविष्य के लिए एक गौरवपूर्ण गाथा लिखने वाला है।
और साथियों,
ये जो काम हो रहे हैं, वो केवल भारत की जरूरतों के हिसाब से नहीं है, ये पूरी दुनिया की जरूरतों को देखते हुए डिजाइन किए जा रहे हैं। आप आए दिन सुनते हैं कि भारत इस देश के साथ ट्रेड एग्रीमेंट कर रहा है, उस देश के साथ FTA की चर्चा चल रही है, ये सब आप युवाओं के लिए ही हो रहा है, ये आपके लिए नया अवसर बना रहा है।
साथियों,
हमारा प्रयास है कि ITI का Curriculum को भी बदले, उसकी मशीनें भी बदलें, Trainer भी नई Technology सीखें और Training का Industry से सीधा संबंध भी बनना चाहिए। तभी पीएम सेतु स्कीम के तहत 60 हज़ार करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इसका बहुत बड़ा लाभ आप सभी युवाओं को होने जा रहा है।
साथियों,
आज भारत जिस तेजी से विकास कर रहा है, उसमें भी आप युवाओं के लिए स्किल्ड वर्कर्स के लिए रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं। अभी आपने सुना होगा, बीते 12-13 वर्षों में ही भारत में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं, ये बहुत बड़ी घटना है। आजादी के बाद का हिन्दुस्तान का अगर सबसे बड़ा कोई अचीवमेंट है, तो मेरी दृष्टि से ये 50 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर आने का है। और विकसित भारत का रास्ता भी इसी से गुजरने वाला है। सरकार ने इन लोगों को सुविधाएं दीं, गरीब को empower किया, इन्हें भरोसा मिला कि वो गरीबी से बाहर निकल सकते हैं। और इस महाअभियान में देश में स्किल्ड वर्कर्स के लिए भी लाखों-लाख नए मौके बने। जैसे 4 करोड़ गरीबों के घर बने, तो वहां इलेक्ट्रिशियन को, कारपेंटर को काम मिला। कहीं पानी की पाइप लाइन बिछी, कहीं पहली बार बिजली लाइन पहुंची, तो काम आप जैसे युवाओं के द्वारा ही सफल हुआ।
साथियों,
आज देश में नए-नए सेक्टर्स में अलग-अलग स्किल्स की डिमांड बढ़ रही है। मैं आपको एक और उदाहरण देता हूं। कुछ महीने पहले जब पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू हुआ, गैस की सप्लाई बाधित हो गई, LPG मिलेगा, नहीं मिलेगा, संकट के बादल छा गए और हमारे जो खास प्रेमी लोग हैं, वो तो उछल गए। अब गैस मिलने वाला नहीं है, चूल्हा जलने वाला नहीं है, लोग भूखे मरने वाले हैं, पेट्रोल पंप पर लाइनें लगने वाली हैं, देखा होगा आप जरा अखबार निकाल के देख लीजिए, क्या-क्या कहा जाता था, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। लेकिन दूसरी तरफ जब होर्मुज का संकट आ गया, LPG आएगी या कि नहीं आएगी, तो हम भी तो कोई सो करके सोते हुए रहने नहीं चाहते थे, हम भी कदम उठाना चाहते थे और तब सरकार ने तय किया कि एक दिन में कम से कम शहरों के अंदर जो लोग रहते हैं, उनके घरों में डेली एक लाख PNG कनेक्शन जरूर दे, पाइप गैस देने के लिए हर घर में पाइप लाइन लगाकर के गैस देने की व्यवस्था करें, ताकि संकट आ जाए, तो हम टिक पाएं और मैं खुद उसका रिव्यू मीटिंग लेता था, क्योंकि मेरा इरादा था हर दिन एक लाख होने चाहिए, ताकि मैं कोई बड़ा संकट आने से पहले व्यवस्था कर पाऊं। और जब मैं रिव्यू मीटिंग बुलाता था, तो एक ही बात सामने आती थी, मैं कहता था- भई 15-20 हजार से आपका आंकड़ा क्यों बढ़ता नहीं है, कभी 22 हजार, कभी 23 हजार, कभी 20 हजार, एक दिन में एक लाख नहीं पहुंच पा रहे थे, सरकार पैसे देने को तैयार थी। आपको पता है, क्या जवाब मिला, बोले- साहब हमारे पास सब हमने ताकत लगा दी, हमें प्लंबर्स नहीं मिल रहे, प्लंबर्स की कमी पड़ रही है। देखिए, क्या ताकत है आपकी, देश तरस रहा था कि हमें प्लंबर्स चाहिए। यानी अगर आप स्किल्ड हैं, तो आपके पास रोजगार पाने के लिए मौके उतने ही ज्यादा हैं। आज हमें सोलर पावर से जुड़े सेक्टर में बहुत बड़ी संख्या में स्किल्ड मैनपावर चाहिए। आज देश में पूरी एक नई स्पोर्ट्स इकॉनमी बन रही है। हमें स्पोर्ट्स इक्विपमेंट बनाने वाले, खेल से जुड़ा जो और सामान है उसकी इंडस्ट्री के लिए, फिटनेस के लिए यानी स्पोर्ट्स इकोसिस्टम में भी आपके लिए नए अवसरों के यानी एक प्रकार से आसमान तक के लिए आपके रास्ते खुले पड़े हैं जी। हमारे युवाओं को इन अवसरों का पूरा लाभ उठाना है।
साथियों,
आज भारत, विश्व की स्किल कैपिटल बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है, स्किल कैपिटल मतलब आप लोग हैं उसके केंद्र में। और मैं हिन्दुस्तान की बात नहीं, दुनिया की बात कर रहा हूं, आपके भरोसे कर रहा हूं दोस्तों। और एक खुशखबरी सभी युवाओं के लिए है, उत्तर प्रदेश के लिए है। अगले साल यानी 2027 में, अगले साल 2027 में भारत World Skills Asia प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा वाला है, दुनिया के एशिया के नौजवान यहां आने वाले हैं और यह आयोजन, यह आयोजन 2027 में उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा। दुनिया के अनेक देशों के युवाओं को यूपी होस्ट करने वाला है। मैं यूपी को इसके लिए भी अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं।
साथियों,
उत्तर प्रदेश आज देश के विकास को गति दे रहा है। एक समय था, जब यहां के नौजवानों के सामने अवसरों की बहुत कमी थी। हमारे योगी जी, मौर्य जी, ब्रजेश जी, पंकज चौधरी जी, इन सबने मिलकर के, इन सबके नेतृत्व में, डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदल दिया है। आज यूपी वाले गर्व से कहते हैं कि यूपी एक्सप्रेस वे प्रदेश है, यूपी में इतने सारे इंटरनेशनल एयरपोर्ट है, यहां बड़ी-बड़ी यूनिवर्सिटीज़ बन रही हैं, टूरिज्म फल-फूल रहा है, यहां मोबाइल बनाने वाली बड़ी फैक्ट्रियां हैं, यूपी में चिप बनाने वाली फैक्ट्री बन रही है और जिसकी सबसे ज्यादा चर्चा है ऑपरेशन सिंदूर, ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन की नींद उड़ाने वाली ब्रह्मोस भी अब यूपी में बन रही है। यूपी में हो रहे इन सारे विकास कार्यों की वजह से आज आप सब युवाओं के लिए नए अवसर बन रहे हैं।
साथियों,
यूपी में पहले क्या होता था? वो भी हमें भूलना नहीं है। कुछ दिन पहले मैं अपने Parliamentary Constituency काशी में मेरे संसदीय क्षेत्र में था। वहां एक फैक्ट्री का उद्घाटन हुआ, वहां एक बिटिया ने मुझे बताया कि वो अब रात 11 बजे भी यहां काम करके आराम से घर लौटती है, ये सामान्य बात नहीं है, वो उत्तर प्रदेश वालों को पता है कि सूरज ढलने के बाद बेटी का घर से बाहर निकलने का मतलब क्या होता है। वो बेटी कह रही थी, बोली- रात 11 बजे मैं फैक्ट्री में काम करने के बाद अकेली घर जाती हूं। योगी जी के नेतृत्व में यहां भाजपा सरकार ने सुरक्षा का ये वातावरण बनाया है। सुरक्षा का एहसास और समृद्धि का विश्वास ही विकसित भारत बनाएगा। इसलिए मैं देश के हर युवा से कहता हूं कि आपके सामने इस समय पूरा आसमान है, बड़े सपने देखिए, अपने कौशल का विकास करिए और अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा दीजिए। और कभी भी यह महसूस करना मत कि आप अकेले हैं, जब भी आपको लगेगा, आप अकेले है, आप सोच लेना मैं आपके साथ खड़ा हूं। इसी विश्वास के साथ एक बार फिर आप सब जन जब नए जीवन की तरफ आगे बढ़ रहे हैं, आपके माता-पिता के सारे सपने आप पूरे कीजिए, आपने जो कुछ पाया है, उसे समाज की शक्ति बनाने में समर्पित कर दीजिए, आप भी बढ़ेंगे, देश भी बढ़ेगा, आपका परिवार भी गौरव से भर जाएगा। इसी भावना के साथ आप सबको इस विशेष अवसर पर आज मैं अभी देख रहा था टीवी पर, अनेक ITIs में सब नौजवान बैठे हुए हैं, मैं आपको, उनको, सबको बहुत-बहुत बधाई देता हूं, बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।
मेरे साथ बोलिए-
भारत माता की जय!
भारत माता की जय!
भारत माता की जय!
भारत माता की जय!
बहुत-बहुत धन्यवाद!
***
MJPS/SS/SS/AV
(रिलीज़ आईडी: 2339783)
आगंतुक पटल : 38
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English