इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय
भाषिणी ने वैश्विक डिजिटल स्वास्थ्य शिखर सम्मेलन 2026 में भागीदारी की। समावेशी और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा के निर्माण में बहुभाषी कृत्रिम बुद्धिमत्ता(ए आई) की भूमिका को रेखांकित किया
डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ नाग ने स्वास्थ्य सेवा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से भाषाई बाधाओं को दूर करने पर मुख्य भाषण दिया तथा सहानुभूति और मरीज-केंद्रित देखभाल के महत्व पर प्रकाश डाला
भाषिणी ने स्वास्थ्य सेवा संबंधी अनुप्रयोगों, स्वास्थ्य के लिए डेटा दान तथा इंटरैक्टिव कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रदर्शन प्रस्तुत किए
प्रविष्टि तिथि:
21 NOV 2026 7:21PM by PIB Delhi
डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 20–21 नवंबर 2026 को आयोजित ग्लोबल डिजिटल हेल्थ समिट (जीडीएचएस) 2026 में अपनी भागीदारी पूरी की। दो दिवसीय इस सम्मेलन के दौरान भाषिणी ने अपने बहुभाषी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पारिस्थितिकी तंत्र को प्रदर्शित किया और बताया कि किस प्रकार भाषा प्रौद्योगिकियां स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर सकती हैं, चिकित्सकीय कार्यप्रवाह को सुगम बना सकती हैं तथा अधिक सुलभ, समावेशी और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा अनुभव उपलब्ध करा सकती हैं।
सम्मेलन के समापन दिवस पर डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अमिताभ नाग ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से स्वास्थ्य सेवा में भाषाई बाधाओं को दूर करना: एआई के उपयोग से भाषाई बाधाओं को हटाने के भाषिणी मॉडल को साझा करना विषय पर मुख्य भाषण दिया।
अपने संबोधन में उन्होंने डिजिटल स्वास्थ्य अवसंरचना में भाषा संबंधी बुद्धिमत्ता को शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया जिससे मरीज अपनी पसंद की भाषा में स्वास्थ्य सेवाओं को समझ सकें, संवाद कर सकें और उनका लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि भाषा डिजिटल स्वास्थ्य सेवा की एक महत्वपूर्ण, लेकिन अक्सर नजरअंदाज किया जाता है । मुख्य भाषण में इस बात पर चर्चा की गई कि बहुभाषी कृत्रिम बुद्धिमत्ता डॉक्टरों और मरीजों के बीच संवाद में सहायता कर सकती है, चिकित्सकीय दस्तावेजीकरण को सरल बना सकती है और चिकित्सा संबंधी जानकारी तक पहुंच को बेहतर बना सकती है।
इसमें स्वास्थ्य सेवा में सहानुभूति के महत्व को भी रेखांकित किया गया। यह समझना आवश्यक है कि उपचार केवल बीमारी के निदान और दवा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि डॉक्टरों, देखभाल करने वालों और मरीजों के बीच मानवीय संबंध भी उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
जब उपचार से जुड़ी जानकारी मरीज की अपनी भाषा में दी जाती है, चाहे वह बोडो, मराठी, पंजाबी या मैथिली हो तो वह अधिक परिचित, विश्वसनीय और सहज महसूस हो सकती है। मरीजों की अपनी परिचित भाषा में देखभाल, आश्वासन और समझ व्यक्त करने की क्षमता उन्हें अधिक आराम और विश्वास प्रदान कर सकती है तथा स्वास्थ्य पेशेवरों के साथ मजबूत संबंध बनाने में मदद कर सकती है।
भाषिणी की भाषा प्रौद्योगिकियों के माध्यम से इस प्रकार के संवाद को अधिक समावेशी और संवेदनशील बनाया जा सकता है, जिससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिले कि मरीजों की बात सुनी और समझी जा रही है।
मुख्य भाषण में स्वास्थ्य के लिए भाषा दान (भाषा दान) का भी उल्लेख किया गया। यह स्वास्थ्य सेवा के लिए भाषा संसाधनों के विकास तथा चिकित्सा एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य से संबंधित बहुभाषी कृत्रिम बुद्धिमत्ता क्षमताओं को मजबूत करने में समुदाय आधारित योगदान के महत्व को दर्शाता है।
स्वास्थ्य के लिए डेटा दान को भी एक ऐसी पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया जिसका उद्देश्य बहुभाषी स्वास्थ्य संबंधी डेटासेट तैयार करना है। इसके अंतर्गत लोगों द्वारा लक्षणों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का वर्णन करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बोलचाल के शब्दों और वाक्यांशों को उनके संबंधित चिकित्सकीय शब्दों के साथ दर्ज किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य यह समझना है कि लोग अपने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को रोजमर्रा की भाषा में किस प्रकार स्वाभाविक रूप से व्यक्त करते हैं। इसमें क्षेत्रीय वाक्यांशों और आम तौर पर इस्तेमाल होने वाले ऐसे शब्दों को भी शामिल किया जाता है, जो औपचारिक चिकित्सकीय शब्दावली से सीधे मेल नहीं खाते। उदाहरण के लिए, “पैर में पानी भर गया है” जैसे वाक्यांश को चिकित्सकीय शब्द “एडीमा (शोफ)” से जोड़ा जा सकता है। भारत की विभिन्न भाषाओं में ऐसे अभिव्यक्तियों को दर्ज करके और उन्हें मानक चिकित्सकीय शब्दावली से जोड़कर इस पहल का उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रणालियों को यह बेहतर ढंग से समझने में सक्षम बनाना है कि लोग अपने लक्षणों का वर्णन किस प्रकार करते हैं। इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करने तथा मरीजों और स्वास्थ्य पेशेवरों के बीच अधिक प्रभावी संवाद स्थापित करने में मदद मिल सकती है।
भाषिणी के प्रदर्शनी स्टॉल पर स्वास्थ्य सेवा से जुड़े अनुप्रयोगों और बहुभाषी कृत्रिम बुद्धिमत्ता क्षमताओं को दिखाया गया। प्रदर्शनी में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), जवाहरलाल स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (जिपमर) तथा भारतीय सेना के महानिदेशालय चिकित्सा सेवाएं से संबंधित उपयोग के उदाहरण प्रस्तुत किए गए। इन उदाहरणों में चिकित्सकीय परिस्थितियों में वाक् और भाषा प्रौद्योगिकियों के उपयोग को प्रदर्शित किया गया।

जिपमर में ई-भाषिणी को ई-सुश्रुत अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) के साथ एकीकृत किया गया है। इसके माध्यम से चिकित्सकीय उपचार, भर्ती मरीजों से संबंधित नोट्स तथा छुट्टी के निर्देशों का आवाज के माध्यम से दर्ज़ किया जा सकता है।
एम्स में विभिन्न भाषाओं में डॉक्टर-मरीज के बीच बातचीत में सहायता करने वाली प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही भाषिणी की वाक्-से-पाठ सुविधा को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र की ई-अस्पताल प्रिस्क्रिप्शन मॉड्यूल के साथ एकीकृत किए जाने को भी प्रदर्शित किया गया। भारतीय सेना के चिकित्सा सेवाओं के महानिदेशालय ने आई-धन्वंतरि में भाषिणी की क्षमताओं का प्रदर्शन किया। इसमें डॉक्टरों द्वारा बोले गए चिकित्सकीय नोट्स को टाइप किए गए पाठ में बदला जाता है, जिससे चिकित्सकीय दस्तावेजीकरण में सहायता मिलती है।
प्रदर्शनी में डॉक्टरों और मरीजों के बीच बहुभाषी संवाद से संबंधित प्रदर्शन भी किया गया। इसमें दिखाया गया कि भाषिणी की भाषा और भाषा प्रौद्योगिकियां अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले डॉक्टरों और मरीजों के बीच संवाद को सुगम बना सकती हैं, मरीजों की समझ बढ़ा सकती हैं और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ तथा समावेशी बना सकती हैं।
भाषिणी के स्टॉल पर एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित इंटरैक्टिव स्वास्थ्य सेवा व्यक्तित्व का भी प्रदर्शन किया गया। इससे यह दिखाया गया कि संवादात्मक और आवाज-आधारित कृत्रिम बुद्धिमत्ता किस प्रकार अधिक सुलभ संवाद उपलब्ध करा सकती है तथा प्रौद्योगिकी आधारित स्वास्थ्य सेवा अनुभवों को अधिक रोचक और सहज बना सकती है।
अन्य प्रदर्शनों में भाषिणी मोबाइल एप्लिकेशन शामिल था। इसमें अनुवाद और आवाज आधारित क्षमताओं को प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा श्रुतलेख, जो वास्तविक समय में बहुभाषी प्रतिलेखन और अनुवाद में सहायता करता है; स्वास्थ्य के लिए डेटा दान, जो लक्षणों का वर्णन करने के लिए इस्तेमाल होने वाले बोलचाल के शब्दों और उनके संबंधित चिकित्सकीय शब्दों को एकत्र करके चिकित्सा भाषा डेटासेट तैयार करने की समुदाय आधारित पहल है; तथा ग्रंथिका, जो लिखित और मौखिक भाषा संसाधनों को एकत्र करने और डिजिटलीकृत करने के लिए भाषिणी का निर्देशित मंच है, का भी प्रदर्शन किया गया।
जीडीएचएस 2026 में अपनी भागीदारी के माध्यम से भाषिणी ने यह रेखांकित किया कि बहुभाषी कृत्रिम बुद्धिमत्ता केवल भाषा के अनुवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य प्रणालियों में एक महत्वपूर्ण सक्षम परत के रूप में कार्य कर सकती है।



संस्थागत उपयोग के उदाहरणों, वाक् प्रौद्योगिकियों, चिकित्सकीय भाषा संसाधनों और समुदाय आधारित योगदान को एक साथ लाकर प्रदर्शनी तथा मुख्य भाषण ने इस बात को रेखांकित किया कि भारत की भाषाई विविधता को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी, संवेदनशील और उत्तरदायी बनाना कितना महत्वपूर्ण है।
डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग के विषय में
डिजिटल इंडिया भाषिणी प्रभाग, डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का एक प्रभाग है, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित बहुभाषी डिजिटल समावेशन के लिए राष्ट्रीय पारिस्थितिकी तंत्र विकसित कर रहा है।
भाषिणी 36 भारतीय पाठ भाषाओं, 23 भारतीय वाक् भाषाओं और 35 अंतरराष्ट्रीय भाषाओं को समर्थन प्रदान करती है तथा सरकारी और आम जनता के लिए उपलब्ध डिजिटल सेवाओं में भाषा संबंधी कृत्रिम बुद्धिमत्ता क्षमताओं के एकीकरण को सक्षम बनाती है।
भाषिणी के पारिस्थितिकी तंत्र में 11 अरब से अधिक अनुमान/प्रसंस्करण (इनफरेंस) दर्ज किए जा चुके हैं तथा प्रतिदिन लगभग 2.4 करोड़ इनफरेंस संसाधित किए जा रहे हैं। यह इसकी बहुभाषी कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रौद्योगिकियों के बढ़ते उपयोग को दर्शाता है।
इसके पारिस्थितिकी तंत्र में अनुवाद, वाक् पहचान, वाक् संश्लेषण, लिप्यंतरण तथा अन्य भाषा सेवाओं से संबंधित प्रौद्योगिकियां शामिल हैं, जो भारत की भाषाई विविधता के बीच डिजिटल जानकारी और सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने में सहायता करती हैं।
जीडीएचएस 2026 के बारे में
ग्लोबल डिजिटल हेल्थ समिट (जीडीएचएस) 2026 का आयोजन 20–21 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में “कृत्रिम बुद्धिमत्ता का क्रियान्वयन – एआई एक्शन में” विषय के अंतर्गत किया गया। इस सम्मेलन में सरकार, स्वास्थ्य सेवा, उद्योग और शिक्षा जगत से जुड़े हितधारकों ने भाग लिया। सम्मेलन में प्रौद्योगिकी प्रदर्शनियों, प्रदर्शनों, वैज्ञानिक चर्चाओं तथा विभिन्न संवादों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावहारिक क्रियान्वयन और डिजिटल स्वास्थ्य समाधानों को आगे बढ़ाने तथा उन्हें स्वास्थ्य प्रणालियों में अपनाने के तरीकों पर चर्चा की गई।
*****
पीके/केसी/आरटी/एनकेएस
(रिलीज़ आईडी: 2339726)
आगंतुक पटल : 39
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English