वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

डीआरआई ने अगरतला में 8 किलोग्राम मेथंफेटामाइन (याबा) की गोलियां जब्त कीं; एक ड्रग तस्कर गिरफ्तार

प्रविष्टि तिथि: 20 NOV 2026 10:03PM by PIB Delhi

राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की ओर से एक और सफल कार्रवाई में त्रिपुरा के अगरतला में 8 किलोग्राम मेथंफेटामाइन की गोलियां (याबा) जब्त की गई और एक नशीले पदार्थों के तस्कर को गिरफ्तार किया गया। डीआरआई की ओर से 17 नवंबर 2026 को चलाए गए इस अभियान से पूर्वोत्तर क्षेत्र में कृत्रिम मादक पदार्थों की सीमा पार तस्करी पर रोक लगाने के डीआरआई के लगातार प्रयासों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई।

मादक पदार्थों की खेप की आवाजाही के संबंध में मिली विशिष्ट सूचना के आधार पर, डीआरआई के अधिकारियों ने एक संदिग्ध वाहन को रोका। जब संदिग्ध सफेद मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर को देखा गया और रुकने का इशारा किया गया, तो उसके चालक ने तेजी से गाड़ी भगाकर भागने की कोशिश की। डीआरआई अधिकारियों ने तुरंत पीछा किया और इच्छा बाजार के रेलवे क्रॉसिंग के पास वाहन को रोक लिया। वाहन में सवार लोग वाहन छोड़कर पैदल भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, अधिकारियों ने उनमें से एक को पकड़ लिया, जबकि बाकी भाग निकले।

वाहन की गहन तलाशी लेने पर आगे की यात्री सीट के फुटवेल में छिपाई गई एक प्लास्टिक की थैली बरामद हुई। थैली में आठ काले पैकेट थे, जिनमें सभी में में पांच सफेद पैकेट थे, और इन सफेद पैकेटों में नारंगी रंग की दस गोलियां थीं, जिन पर मेथंफेटामाइन होने का संदेह था।

बरामद 8 किलोग्राम (शुद्ध) मेथंफेटामाइन की गोलियों को वाहन सहित स्वापक औषधि एवं मनः प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत जब्त कर लिया गया। इस अधिनियम के तहत एक शख्स को गिरफ्तार किया गया।

यह जब्ती पूर्वोत्तर क्षेत्र में कृत्रिम मादक पदार्थों की बड़ी खेपों को रोकने के लिए डीआरआई के लगातार किए जाने वाले प्रयासों को और मजबूत करती है। इलाके में डीआरआई की ओर से हाल ही में चलाए गए अभियानों के चलते मेथंफेटामाइन टैबलेट और क्रिस्टल मेथंफेटामाइन की बड़ी जब्ती हुई है, जिसमें पिछले हफ्ते सिलचर में 20 किलोग्राम याबा टैबलेट की जब्ती; बीते महीने सिलचर और आइजोल में दो अभियानों में क्रमशः 20 किलोग्राम क्रिस्टल मेथंफेटामाइन और 30 किलोग्राम मेथंफेटामाइन टैबलेट की जब्ती शामिल है।

ये लगातार जब्ती इलाके में सक्रिय मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क की पहचान करने और उन्हें बाधित करने में डीआरआई की खुफिया जानकारी जुटाने की क्षमता और परिचालन सतर्कता को रेखांकित करती हैं।

***

पीके/केसी/आरटी/एमएम


(रिलीज़ आईडी: 2339432) आगंतुक पटल : 13
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati