पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने नई दिल्ली में आयोजित ओमान के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व किया


श्री सोनोवाल ने भारत और ओमान की 5,000 साल पुरानी साझा समुद्री विरासत का उल्लेख करते हुए कहा, अरब सागर ने कभी भी दोनों देशों को अलग नहीं किया, बल्कि हमेशा उन्हें आपस में जोड़ने का काम किया है

समुद्री सहयोग एवं व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर भारत-ओमान का संयुक्त दृष्टिकोण दस्तावेज सशक्त आपूर्ति श्रृंखलाओं के विस्तार, जहाज निर्माण, हरित ईंधन और नीली अर्थव्यवस्था के विकास को गति प्रदान करेगा

प्रविष्टि तिथि: 20 NOV 2026 9:23PM by PIB Delhi

नई दिल्ली, 20 नवंबर, 2026: केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित ओमान सल्तनत के दूतावास में आयोजित राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व किया। श्री सोनोवाल इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भारत में ओमान सल्तनत के राजदूत महामहिम ईसा सालेह अल शिबानी ने वरिष्ठ राजनयिकों, सरकारी अधिकारियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में उनका स्वागत किया।

श्री सर्बानंद सोनोवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत सरकार और देश की जनता की ओर से महामहिम सुल्तान हैथम बिन तारिक, ओमान की सरकार तथा वहां के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ओमान में निरंतर शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना भी की।

केंद्रीय मंत्री ने दोनों देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए बताया कि लगभग पांच हजार वर्षों से नाविक और व्यापारी अरब सागर को पार करते रहे हैं। इसके माध्यम से प्राचीन भारतीय बंदरगाहों के संबंध मस्कट, सोहार और सलालाह से जुड़े रहे हैं। श्री सोनोवाल ने कहा, “अरब सागर ने हमारे देशों को कभी अलग नहीं किया है, बल्कि इसने हमेशा हमें जोड़े रखा है।” उन्होंने आगे कहा कि सदियों से चले आ रहे इन आदान-प्रदानों ने दोनों देशों के बीच औपचारिक राजनयिक संबंध स्थापित होने से बहुत पहले ही आपसी विश्वास की मजबूत नींव रख दी थी।

इस वर्ष जनवरी में पोरबंदर से अपनी पहली यात्रा पूरी करने के बाद आईएनएसवी कौंडिन्य का स्वागत करने के लिए मस्कट पहुंचे श्री सोनोवाल ने इस पोत को भारत और ओमान के बीच सदियों पुराने समुद्री, व्यापारिक एवं आपसी संबंधों का जीवंत प्रतीक बताया। यह पोत अजंता की गुफाओं में चित्रित पांचवीं शताब्दी के एक जहाज से प्रेरित है और इसका निर्माण पारंपरिक सिलाई तकनीक का उपयोग करके किया गया है।

श्री सोनोवाल ने दिसंबर 2025 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओमान यात्रा के बाद भारत-ओमान रणनीतिक साझेदारी को मिली नई गति का उल्लेख करते हुए दो महत्वपूर्ण उपलब्धियों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। इनमें जून 2026 में व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) का लागू होना और समुद्री सहयोग से संबंधित संयुक्त दृष्टिकोण दस्तावेज को अपनाना शामिल है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत और ओमान स्वाभाविक रूप से समुद्री साझेदार राष्ट्र हैं। दोनों देश एशिया, अफ्रीका और यूरोप को जोड़ने वाले प्रमुख समुद्री व्यापार मार्गों पर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थित हैं। श्री सोनोवाल ने कहा कि ओमान के दुकम, सोहर व सलालाह बंदरगाहों को भारत के विस्तारित होते बंदरगाह नेटवर्क के साथ जोड़कर व्यापारिक संपर्क मजबूत किए जा सकते हैं और आपूर्ति शृंखलाओं को अधिक लचीला बनाया जा सकता है। उन्होंने बंदरगाह आधारित विकास, जहाज निर्माण और मरम्मत, हरित ईंधन, डिजिटल बंदरगाह प्रणालियों, समुद्री प्रशिक्षण, रसद तथा नीली अर्थव्यवस्था के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग की व्यापक संभावनाओं पर भी जोर दिया।

श्री सोनोवाल ने समुद्री सुरक्षा के महत्व पर भी जोर दिया और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मामलों में ओमान की संतुलित एवं रचनात्मक भूमिका की सराहना की। उन्होंने भारतीय नागरिकों, विशेष रूप से संकट में फंसे भारतीय नाविकों को लगातार मानवीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए ओमान के अधिकारियों के प्रति भारत की ओर से गहरा आभार व्यक्त किया।

श्री सर्बानंद सोनोवाल दोनों देशों के बीच मानवीय संबंधों का उल्लेख करते हुए ओमान में रह रहे लगभग सात लाख भारतीयों के योगदान का जिक्र किया। उन्होंने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों की सराहना की। इनमें ‘मांडवी से मस्कट’ नामक पुस्तक का प्रकाशन और ओमान में भारतीय परिवारों से जुड़े हजारों ऐतिहासिक दस्तावेजों का डिजिटलीकरण शामिल है।

श्री सोनोवाल ने ओमान के विजन 2040 और भारत के विकसित भारत 2047 के बीच सशक्त तालमेल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महामहिम सुल्तान हैथम बिन तारिक और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों की साझेदारी हिंद महासागर क्षेत्र में आपसी विश्वास, स्थिरता व सहयोग का एक आदर्श उदाहरण बनकर उभरी है।

केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन के समापन पर भारत की स्थायी मित्रता के लिए प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि दोनों देशों का साझा इतिहास उनके संबंधों को मजबूत आधार प्रदान करता है, समुद्र एक साझा क्षितिज प्रस्तुत करता है और आपसी विश्वास दोनों देशों को मिलकर आगे बढ़ने का भरोसा देता है।

*****

पीके/केसी/आरटी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2339413) आगंतुक पटल : 16
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English