पर्यटन मंत्रालय
पर्यटन मंत्रालय ने एमआईसीई और विवाह पर्यटन पर हितधारकों के साथ परामर्श बैठक आयोजित की
बैठक सरकार और उद्योग के बीच बेहतर सहयोग के जरिए एमआईसीई और विवाह पर्यटन के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने पर केंद्रित रही
अंतरराष्ट्रीय एसोसिएशन बैठकों की वैश्विक रैंकिंग में भारत 2022 में 37वें स्थान पर थी जो 2025 में 26वें स्थान पर पहुंच गई है
प्रविष्टि तिथि:
20 NOV 2026 6:49PM by PIB Delhi
पर्यटन मंत्रालय ने 19 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में एमआईसीई (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंस और एग्जीबिशन) तथा विवाह पर्यटन पर हितधारकों के साथ परामर्श बैठक आयोजित की. पर्यटन मंत्रालय के सचिव श्री भुवनेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में प्रमुख उद्योग संघों, सम्मेलन एवं प्रदर्शनी स्थलों और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में दोनों क्षेत्रों की प्रगति की समीक्षा की गई और भारत को कारोबारी आयोजनों तथा विवाह समारोहों के लिए दुनिया के अग्रणी गंतव्य के रूप में स्थापित करने को लेकर उद्योग जगत से सुझाव मांगे गए।
इस परामर्श बैठक में भारतीय प्रदर्शनी उद्योग संघ (आईईआईए), इवेंट एंड एंटरटेनमेंट मैनेजमेंट एसोसिएशन (ईईएमए), इंडियन वेडिंग्स इंडस्ट्री एसोसिएशन (आईडब्ल्यूआईए), जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर (जेडब्ल्यूसीसी), इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (आईटपीओ), इंडिया कन्वेंशन प्रमोशन ब्यूरो (आईसीपीबी), भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की), पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए श्री भुवनेश कुमार ने एमआईसीई क्षेत्र की संभावनाओं को रेखांकित किया और इस क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए व्यवस्थित दृष्टिकोण, बेहतर समन्वय तथा सरकार और उद्योग के बीच नियमित संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया।
पर्यटन मंत्रालय के अपर सचिव एवं महानिदेशक (पर्यटन) श्री सुमन बिल्ला ने एमआईसीई और विवाह पर्यटन के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में क्षेत्रीय संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
बैठक में एमआईसीई और विवाह पर्यटन के समग्र पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने, पेशेवर सेवा प्रदाताओं को मान्यता देने, क्षेत्र से जुड़े आंकड़ों में सुधार करने और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के सहयोग से भारतीय पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार भारत को दुनिया के प्रमुख एमआईसीई पर्यटन गंतव्यों में शामिल करने की दिशा में काम कर रही है. भारत का MICE बाजार, जिसका मूल्य 2024 में 49.4 अरब अमेरिकी डॉलर था, 2030 तक बढ़कर 103.7 अरब अमेरिकी डॉलर होने का अनुमान है. पर्यटन मंत्रालय ‘अतुल्य भारत’ अभियान के तहत ‘मीट इन इंडिया’ उप-ब्रांड के जरिए भारत को एमआईसीई पर्यटन गंतव्य के रूप में बढ़ावा दे रहा है।
अंतरराष्ट्रीय एसोसिएशन बैठकों के क्षेत्र में भी भारत ने प्रगति दर्ज की है. इंटरनेशनल कांग्रेस एंड कन्वेंशन एसोसिएशन (आईसीसीए) के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की रैंकिंग 2022 में 37वें स्थान से सुधरकर 2025 में 26वें स्थान पर पहुंच गई। एशिया-प्रशांत क्षेत्र में भारत छठे स्थान पर रहा। 2025 में नई दिल्ली भारत के शहरों में सबसे ऊंची रैंकिंग वाला शहर रहा, जबकि बेंगलुरु और मुंबई संयुक्त रूप से उसके बाद रहे।
******
पीके / केसी / आरटी/ केजे
(रिलीज़ आईडी: 2339273)
आगंतुक पटल : 17