ग्रामीण विकास मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एनआईआरडीपीआर, हैदराबाद में राजभाषा निरीक्षण समिति द्वारा हिंदी अनुभाग का निरीक्षण

प्रविष्टि तिथि: 20 NOV 2026 5:27PM by PIB Delhi

ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की राजभाषा निरीक्षण समिति द्वारा आज राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (एनआईआरडीपीआर), हैदराबाद के हिंदी अनुभाग का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण समिति का नेतृत्व श्री अल्ताफ हुसैन हाजी, उप-महानिदेशक एवं सांख्यिकीय सलाहकार, ग्रामीण विकास मंत्रालय ने किया। समिति में श्री राजेश कुमार, उप-निदेशक (राजभाषा) तथा श्री रविकांत गुप्ता, कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी भी शामिल थे।

इस अवसर पर संस्थान के डॉ. ए. देबप्रिया, एसोसिएट प्रोफेसर एवं राजभाषा (प्रभारी) ने समिति के सदस्यों का स्वागत किया। श्रीमती अन्नपूर्णा, हिंदी अनुवाद अधिकारी ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से संस्थान में राजभाषा हिंदी के कार्यान्वयन, अनुवाद कार्यों तथा राजभाषा अधिनियम एवं नियमों के अनुपालन की स्थिति से समिति को अवगत कराया।

निरीक्षण के दौरान समिति ने संस्थान में हिंदी पत्राचार की प्रगति की सराहना की तथा 'क' एवं 'ख' क्षेत्रों में हिंदी पत्राचार बढ़ाने, हिंदी के रिक्त पदों को भरने, नामपट्ट एवं कार्यालयीन पंजी-पुस्तिकाओं को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों ने ई-ऑफिस में हिंदी में टिप्पण एवं प्रारूपण को प्रोत्साहित करने तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराने के सुझाव भी प्रस्तुत किए।

अंत में डॉ. ज्योतिस सत्यपालन, प्रोफेसर एवं अध्यक्ष, सीपीजीएस एवं डीई ने निरीक्षण समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। संस्थान ने समिति द्वारा दिए गए सुझावों के प्रभावी अनुपालन का आश्वासन दिया। निरीक्षण कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

*****

PU


(रिलीज़ आईडी: 2339147) आगंतुक पटल : 23