संस्कृति मंत्रालय
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली से ‘युवा सोमनाथ यात्रा’ को रवाना किया
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत 1,100 से अधिक विद्यार्थी सोमनाथ की विशेष यात्रा पर रवाना हुए
इस पहल के अंतर्गत अब तक 35,000 से अधिक श्रद्धालु सोमनाथ के दर्शन कर चुके हैं
इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं को भारत की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है
प्रविष्टि तिथि:
20 NOV 2026 3:26PM by PIB Delhi
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित ‘युवा सोमनाथ यात्रा’ को नई दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना किया। विभिन्न कॉलेजों और संस्थानों के 1,100 से अधिक विद्यार्थी गुजरात के सोमनाथ मंदिर की विशेष यात्रा पर रवाना हुए।
श्री शेखावत ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि एक हजार वर्षों तक बार-बार हुए आक्रमणों के बावजूद, सोमनाथ मंदिर आज भी भारत की चिरस्थायी सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक के रूप में खड़ा है। उन्होंने कहा कि हमारी पिछली पीढ़ियों ने न केवल अपनी आस्था की रक्षा की, बल्कि देश की समृद्ध परंपराओं और विरासत को भी सहेज कर रखा। उन्होंने कहा कि सोमनाथ का इतिहास भारत की आस्था, दृढ़ता और सांस्कृतिक निरंतरता को दर्शाता है।
श्री शेखावत ने युवा प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह कोई सामान्य यात्रा नहीं है, बल्कि भारत के संघर्ष और जीवटता के इतिहास को समझने तथा इसकी गौरवशाली विरासत को आगे ले जाने का एक अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को भारत की बौद्धिक संपदा, स्थापत्य विरासत और सांस्कृतिक उपलब्धियों पर गर्व करने के लिए प्रोत्साहित किया, जिन्होंने पूरे विश्व को प्रभावित किया है और आज भी कर रही हैं।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत, अब तक 35,000 से अधिक श्रद्धालुओं को सोमनाथ महादेव के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। यह पहल सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व तथा भारत की विरासत में इसके अमिट स्थान को उजागर करती है।
संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री समर नंदा ने कहा, “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत 17 राज्यों के श्रद्धालुओं ने सोमनाथ महादेव के दर्शन किए हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में 11 मई 2026 को सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ भी मनाई गई थी। युवा सोमनाथ यात्रा युवा पीढ़ी को सोमनाथ और इसके समृद्ध ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है।”
रेलगाड़ी के प्रस्थान से पूर्व, 'साधो बैंड' ने रेलवे स्टेशन पर भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक और उत्साहपूर्ण हो गया। इन भक्तिमय प्रस्तुतियों ने युवा प्रतिभागियों में नया जोश भर दिया और इस अवसर की गरिमा को बढ़ाया।
इस अवसर पर एनसीसी की महिला कैडेटों द्वारा औपचारिक 'गार्ड ऑफ ऑनर' ने कार्यक्रम का महत्व और भी बढ़ा दिया।
इस पहल का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक धरोहर से जोड़ना है, साथ ही सोमनाथ के ऐतिहासिक महत्व के बारे में जागरूक करना है।
20 से 25 नवंबर 2026 तक निर्धारित यह विशेष रेलगाड़ी नई दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से गुजरात के वेरावल जंक्शन तक जाएगी। वहाँ से विद्यार्थी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व का अनुभव करने के लिए सोमनाथ मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे।
***
पीके/केसी/आरटी/जेके/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2339111)
आगंतुक पटल : 17