वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने फिक्की से एक वैश्विक चैंबर के रूप में उभरने और भारत की वैश्विक आर्थिक भागीदारी को मजबूत करने का आह्वान किया


श्री गोयल ने भारतीय व्यवसायों से हाल ही में हुए विभिन्न मुक्त व्यापार समझौतों से मिले अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया

श्री पीयूष गोयल ने बुनियादी ढांचे, डिजिटल कनेक्टिविटी और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में भारत द्वारा किए गए विभिन्न बदलावों पर प्रकाश डाला

श्री गोयल ने वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच निर्यात में वृद्धि को बनाए रखने में भारतीय उद्योग जगत के प्रयासों की सराहना की

श्री गोयल ने भारतीय उद्योगों से ‘विकसित भारत 2047’ की दिशा में बढ़ने की यात्रा का नेतृत्व करने का आग्रह किया

प्रविष्टि तिथि: 19 NOV 2026 9:07PM by PIB Delhi

केन्द्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली में आयोजित फिक्की की वार्षिक आम बैठक के समापन सत्र को संबोधित किया। उन्होंने फिक्की से अपनी स्थापना की दूसरी सदी में प्रवेश करने के क्रम में खुद को नए सिरे से एक वैश्विक चैंबर के रूप में उभारने  तथा भारतीय व्यवसायों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों, तकनीकों एवं अवसरों से जोड़ने में और भी बड़ी भूमिका निभाने का आग्रह किया।

श्री गोयल ने याद दिलाया कि महात्मा गांधी की सलाह पर 1926-27 के आसपास फिक्की की स्थापना हुई थी। इसका उद्देश्य स्वदेशी को बढ़ावा देना, स्वतंत्रता संग्राम का समर्थन करना और भारतीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करना था। उन्होंने फिक्की को अपने सौ वर्ष पूरा करने पर बधाई दी और भारत की स्वतंत्रता, आत्मनिर्भरता एवं औद्योगिक विकास की यात्रा में इसके पूर्व अध्यक्षों एवं नेतृत्व के योगदानों को सराहा।

श्री गोयल ने हाल ही में हुए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के जरिए भारतीय व्यवसायों को मिलने वाली बाजार तक बेहतर पहुंच का उल्लेख किया और उनसे इन समझौतों से सृजित  हुए अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजारों तक भारत की तरजीही पहुंच, जो कुछ साल पहले तक लगभग 10 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की जीडीपी के बराबर थी, पिछले साढ़े चार वर्षों में 60 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर और बढ़ गई है और यह कुल मिलाकर लगभग 70 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गई है। आठ से नौ अलग-अलग भू-भागों में चल रहे द्विपक्षीय और बहुपक्षीय व्यापार समझौतों के कारण अगले एक से डेढ़ वर्ष में इसके बढ़कर लगभग 85 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच जाने की उम्मीद है, जोकि  वैश्विक जीडीपी का लगभग 76 प्रतिशत होगा।

भारतीय व्यवसायों के लिए बढ़ते वैश्विक अवसरों का उल्लेख करते हुए, श्री गोयल ने कहा कि फिक्की की अगली सदी एक अधिक महत्वाकांक्षी वैश्विक दृष्टिकोण से प्रेरित होनी चाहिए। इसमें भारतीय उत्पादों एवं सेवाओं को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक ले जाने और दुनिया की बेहतरीन चीजों को भारत लाने पर ध्यान केन्द्रित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत अपनी विकास यात्रा एवं भविष्य को बाकी दुनिया के साथ साझा करने के साथ-साथ वैश्विक अवसरों एवं क्षमताओं को देश में लाना चाहता है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि फिक्की अब केवल एक भारतीय चैंबर बनकर नहीं रह सकता, बल्कि इसे वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करानी होगी। उन्होंने इस संगठन से अंतरराष्ट्रीय साझेदारियां बनाने, तकनीक के हस्तांतरण को सुगम बनाने, विदेशों में भारतीय उद्यमों को बढ़ावा देने और वैश्विक कंपनियों को भारत में मैन्यूफैक्चरिंग, निवेश तथा ‘ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स’ (जीसीसी) स्थापित करने हेतु आकर्षित करने में मदद करने का आह्वान किया।

मिस्र और इटली की अपनी हाल की यात्राओं का उल्लेख करते हुए, श्री गोयल ने कहा कि भारत के साथ काम करने में अंतरराष्ट्रीय साझेदारों की बढ़ती दिलचस्पी देश की बढ़ती वैश्विक साख को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि जहां मिस्र के साथ ‘तरजीही व्यापार समझौता’ (प्रिफरेंशियल ट्रेड एग्रीमेंट) या ‘मुक्त व्यापार समझौता’ (फ्री ट्रेड एग्रीमेंट) करने की संभावनाओं पर बातचीत शुरू हो गई है, वहीं भारत-यूरोपीय संघ के प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते ने इतालवी व्यवसायों के बीच काफी दिलचस्पी पैदा की है। उन्होंने कहा कि भारत के साथ काम करने के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यवसायों की प्रतिबद्धता व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग के बढ़ते अवसरों को दर्शाती है।

भारत की बढ़ती आर्थिक शक्ति और वैश्विक जुड़ाव पर प्रकाश डालते हुए, श्री गोयल ने कहा कि भारत ने वित्त वर्ष 2026-27 में एक ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के निर्यात का एक महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्त वर्ष के पहले छह महीनों में भारत का निर्यात 480 बिलियन अमेरिकी डॉलर का रहा, जोकि वार्षिक लक्ष्य का 48 प्रतिशत है और इसमें लगभग 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने अक्टूबर में लगभग 90 बिलियन अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड मासिक निर्यात का भी उल्लेख किया और वैश्विक अनिश्चितताओं तथा भू-राजनैतिक चुनौतियों के बावजूद इस उपलब्धि को हासिल करने में भारतीय व्यवसायों के योगदान की सराहना की।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि एक ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के निर्यात का भारत का लक्ष्य, सरकार और उद्योग जगत की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस वर्ष की शुरुआत में निर्यात संवर्धन परिषदों और उद्योग संघों के साथ हुई चर्चाओं का उल्लेख करते हुए, उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य वैश्विक व्यापार वृद्धि के सुस्त रहने के अनुमानों के बावजूद निर्धारित किया गया था। उन्होंने वैश्विक संघर्षों एवं व्यवधानों के बीच निर्यात में वृद्धि को बनाए रखने में भारतीय व्यवसायों के प्रयासों की सराहना की।

केन्द्रीय मंत्री ने पिछले एक दशक में भारत में आए विभिन्न बदलावों के बारे में बात की और बुनियादी ढांचे, डिजिटल कनेक्टिविटी, वित्तीय समावेशन तथा बैंकिंग क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत के मजबूत व्यापक आर्थिक आधार, कुशल कार्यबल, उद्यमिता इकोसिस्टम और निर्णायक नेतृत्व ने देश की इस क्षमता को इस तरह सुदृढ़ किया है कि वह दुनिया के साथ मजबूती एवं आत्मविश्वास के साथ जुड़ सके।

श्री गोयल ने भारत की बढ़ती आर्थिक क्षमताओं को भी रेखांकित किया और बताया कि हमारा देश दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। उन्होंने बैंकिंग क्षेत्र में गैर-निष्पादित ऋणों में आई भारी कमी, किफायती कर्ज की बेहतर सुलभता और वित्तीय समावेशन के विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने इस तथ्य को रेखांकित कि सरकार ने 56 करोड़ ‘मुद्रा लोन’ दिए हैं, जिनमें से 55 प्रतिशत से अधिक ऋण महिला उद्यमियों को मिले हैं। इससे उन्हें औपचारिक अर्थव्यवस्था में शामिल होने और अपनी उद्यमशीलता की यात्रा को आगे बढ़ाने में मदद मिली है।

श्री गोयल ने कहा कि भारत का बढ़ता मध्यम वर्ग, क्रय शक्ति और विस्तृत होता घरेलू बाजार आर्थिक विकास के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करते हैं। उन्होंने देश की व्यापक विकास यात्रा के हिस्से के रूप में ‘मेक इन इंडिया’ एवं ‘डिजिटल इंडिया’ जैसी पहलों, ग्रामीण घरों में 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण और 80 करोड़ लोगों को लगातार मुफ्त अनाज उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया।

श्री गोयल ने भारत के विकास में उद्यमिता की भूमिका की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि भारत का स्टार्ट-अप इकोसिस्टम देश के लिए गर्व की बात है। इटली में भारतीय स्टार्ट-अप के साथ अपनी हाल की बातचीत का उल्लेख करते हुए, उन्होंने बताया कि बीकानेर, कोटा और जमशेदपुर जैसे शहरों के उद्यमियों ने इसमें हिस्सा लिया। इन उद्यमियों ने इटली के अपने समकक्षों के साथ बातचीत की और संभावित व्यापार एवं निवेश के अवसरों पर चर्चा की।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ की परिकल्पना ‘स्वदेशी’ की उस भावना पर आधारित है, जिसने लगभग एक सदी पहले फिक्की की स्थापना को प्रेरित किया था। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दर्शन का उल्लेख करते हुए, केन्द्रीय मंत्री ने आज भी उसकी प्रासंगिकता को रेखांकित किया और इस बात पर जोर दिया कि आत्मनिर्भरता और स्वदेशी की भावना भारत के आर्थिक विकास का आधार बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब भारत को एक कदम और आगे बढ़ना चाहिए तथा ऐसी क्षमताएं एवं रणनीतिक शक्तियां विकसित करनी चाहिए, जिनसे दुनिया भारतीय उत्पादों, सेवाओं, तकनीकों तथा प्रतिभाओं पर और अधिक निर्भर हो जाए।

केन्द्रीय मंत्री ने नवाचार एवं तकनीक के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमताओं पर भी प्रकाश डाला और इस संदर्भ में भारतीय स्टार्टअप तथा अंतरिक्ष में निजी क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख  किया। उन्होंने एक भारतीय निजी कंपनी द्वारा अपने पहले ही प्रयास में अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक एक रॉकेट को प्रक्षेपित किए जाने का उदाहरण दिया और इसे भारत के उद्यमशीलता तथा तकनीकी इकोसिस्टम के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने रचनात्मक एवं तकनीकी क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग का भी उल्लेख किया और कहा कि भारत वैश्विक नवाचार में लगातार अधिक योगदान दे रहा है।

श्री गोयल ने फिक्की से आग्रह किया कि वह अपनी दूसरी सदी का उपयोग भारतीय उद्योग को वैश्विक स्तर पर ले जाने, भविष्य की तकनीकों में युवा उद्यमियों का समर्थन करने, भारत को वैश्विक मैन्यूफैक्चरिंग एवं निवेश के केन्द्र के रूप में बढ़ावा देने और तकनीक को खेतों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) तथा कारीगर समुदायों सहित देश के सुदूरवर्ती  हिस्सों तक पहुंचाने के लिए करे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि फिक्की भारत के 140 करोड़ लोगों और वैश्विक बाजारों तथा अवसरों के बीच एक सेतु के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

अपने संबोधन के समापन करते हुए, श्री पीयूष गोयल ने इस बात पर भरोसा जताया कि भारत वैश्विक स्तर पर मौजूद कठिन चुनौतियों से पार पाने और अवसरों एवं विकास के एक केन्द्र  के रूप में उभरने में सक्षम है। उन्होंने फिक्की के नेतृत्व तथा सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपने प्रयासों को जारी रखें और ‘विकसित भारत 2047’ की दिशा में देश की यात्रा में अपना योगदान दें।

***

पीके/केसी/आरटी/आर


(रिलीज़ आईडी: 2338857) आगंतुक पटल : 22
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English