पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
श्री सर्बानंद सोनोवाल ने वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों की निंदा की; जोखिम भरे समुद्री इलाकों से गुजरने वाले भारतीय नाविकों के लिए समुद्री सुरक्षा और कड़ी करने के निर्देश दिए
सोनोवाल ने डीजीएमए को विदेश मंत्रालय के साथ परामर्श और समन्वय बढ़ाने का निर्देश दिया
हर भारतीय नाविक की सुरक्षा, संरक्षा और कुशलता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है : सर्बानंद सोनोवाल
प्रविष्टि तिथि:
19 NOV 2026 9:28PM by PIB Delhi
पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग (एमओपीएसडब्ल्यू) मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने वाणिज्यिक जहाजों पर बार-बार हो रहे हमलों की निंदा की है, खासकर उन हमलों की जिनमें भारतीय नाविक शामिल हैं। उन्होंने समुद्री सुरक्षा और बचाव के उपायों को मजबूत करने के लिए स्थिति की समीक्षा की। मंत्रालय इस समय होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिम में मौजूद नौ ऐसे जहाजों पर नजर रख रहा है, जो भारत के झंडे वाले हैं या जिनसे भारत के हित जुड़े हैं।
श्री सोनोवाल ने कहा कि हम दुनिया के विभिन्न हिस्सों में वाणिज्यिक जहाजों पर बार-बार होने वाले हमलों की कड़ी निंदा करते हैं, खासकर उन हमलों की जिनमें भारतीय नाविक शामिल हैं। इस तरह की घटनाएं नाविकों की सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा पैदा करती हैं, समुद्री व्यापार में बाधा डालती हैं और वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं की स्थिरता को कमजोर करती हैं।
श्री सोनोवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में आवाजाही की स्वतंत्रता और वाणिज्यिक जहाजों की निर्बाध आवाजाही, अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून के मूलभूत सिद्धांत हैं। समुद्री मार्गों को सुरक्षित और निरापद बनाए रखना न केवल वैश्विक व्यापार को निरंतर जारी रखने के लिए, बल्कि आर्थिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और राष्ट्रों की समृद्धि को बनाए रखने के लिए भी आवश्यक है।
श्री सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुसार हमारे नाविकों की सुरक्षा को मुख्य उद्देश्य मानते हुए मैंने मैरीटाइम एडमिनिस्ट्रेशन के महानिदेशालय (डीजीएमए) और सभी संबंधित अधिकारियों को समुद्री सुरक्षा उपायों को और अधिक मजबूत करने का निर्देश दिया है।
इनमें उच्च-जोखिम वाले क्षेत्रों में गतिविधियों की बेहतर निगरानी, सुरक्षा सलाहों का समय पर प्रसार, शिपिंग कंपनियों और जहाज संचालकों के साथ नियमित संवाद तथा संभावित खतरों और एहतियाती उपायों के बारे में भारतीय नाविकों के बीच जागरूकता बढ़ाना शामिल होगा।
श्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विदेश मंत्रालय (एमईए), भारतीय राजनयिक मिशनों, समुद्री क्षेत्र से जुड़े हितधारकों और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम करने का निर्देश दिया है। श्री सोनोवाल ने कहा कि मैंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे विदेश मंत्रालय, भारतीय राजनयिक मिशनों, समुद्री क्षेत्र से जुड़े हितधारकों और संबंधित अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ करीबी तालमेल बनाए रखें, ताकि भारतीय ध्वज वाले जहाजों या भारतीय नाविकों से जुड़ी किसी भी घटना की स्थिति में तुरंत मदद और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
मंत्रालय होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिम में फारस की खाड़ी क्षेत्र में नौ जहाजों पर नजर रख रहा है, जो या तो भारत के ध्वज वाले हैं या जिनसे भारत के हित जुड़े हैं। भारत के ध्वज वाले जहाजों या भारत के लिए माल ले जा रहे जहाजों द्वारा इस जलडमरूमध्य से कुल 86 बार आवागमन किया गया है।
केंद्रीय मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने पीड़ितों को मिलने वाले मुआवजे की स्थिति की समीक्षा की और शिपिंग महानिदेशक को निर्देश दिया कि वे उन्हें इस मामले में हुई प्रगति के बारे में व्यक्तिगत रूप से जानकारी दें। उन्होंने इस बारे में भी जानकारी ली कि पीड़ितों के परिजनों को समय पर सहायता सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
ई-नाविक - भारतीय नाविकों की ट्रैकिंग
मंत्रालय का 'ई-नाविक' सीफेयरर ट्रैकिंग मॉड्यूल जलडमरूमध्य के पश्चिम में फारस की खाड़ी में 800 से अधिक जहाजों पर नजर रख रहा है, जबकि होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में ओमान की खाड़ी में 200 से अधिक जहाजों की निगरानी की जा रही है।
श्री सोनोवाल ने कहा कि हर भारतीय नाविक की सुरक्षा, संरक्षा और कुशलता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। भारत सरकार अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप, भारतीय समुद्री हितों की रक्षा करने और नौवहन की स्वतंत्रता के सिद्धांत को बनाए रखने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

पीके/केसी/आरटी/आरकेजे
(रिलीज़ आईडी: 2338856)
आगंतुक पटल : 21
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English