औषधि विभाग
azadi ka amrit mahotsav

औषधि विभाग ने आईआईटीएफ 2026 में भारतीय फार्मा एवं मेडटेक नवाचारों का किया प्रदर्शन


एआई-संचालित डायग्नोस्टिक्स, उन्नत उपचार और स्वदेशी चिकित्सा प्रौद्योगिकियां स्टार्टअप नवाचारों के प्रमुख आकर्षण

वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार ने पीआरआईपी समर्थित 10 स्टार्टअप्स के नवाचारों प्रदर्शित करने वाले स्टॉलों का किया उद्घाटन

प्रविष्टि तिथि: 19 NOV 2026 8:06PM by PIB Delhi

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image001_20261119200720_4f915b.jpg

रसायन और उर्वरक मंत्रालय के अंतर्गत औषधि विभाग, भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) द्वारा भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किए जा रहे 45वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) 2026 में भारतीय फार्मास्युटिकल और मेडटेक नवाचारों का प्रदर्शन कर रहा है। इस मेले के अंतर्गत, विभाग ने उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) के सहयोग से 19 से 23 नवंबर 2026 तक 'हॉल ऑफ इंस्पिरेशन' में स्टॉल प्रायोजित किए हैं, जो उभरते स्टार्टअप्स को अपने उत्पादों, प्रोटोटाइप, प्रौद्योगिकियों और नवीन समाधानों को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान कर रहे हैं।

औषधि विभाग के वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार श्री अवधेश कुमार चौधरी ने आज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में विभाग के स्टॉलों का उद्घाटन किया।

इन स्टॉलों में फार्मा-मेडटेक में अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने वाली योजना (पीआरआईपी) के तहत समर्थित 10 स्टार्टअप्स के नवाचारों को प्रदर्शित किया गया है, जो स्वास्थ्य सेवा अनुसंधान, उत्पाद विकास और स्वदेशी प्रौद्योगिकी में भारत की बढ़ती क्षमताओं को उजागर करते हैं।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image002_20261119200731_99ac62.jpg

प्रदर्शित किए जा रहे नवाचारों में आनुवंशिक परीक्षण के माध्यम से तपेदिक सहित अन्य बीमारियों का पता लगाने के लिए एआई-संचालित माइक्रोस्कोप और स्वचालित डायग्नोस्टिक मशीनें; श्रवण बाधित लोगों के लिए किफायती एआई-सक्षम बायोनिक ईयर इम्प्लांट्स और पुनर्वास उपकरण; तथा कूल्हे और घुटने के प्रत्यारोपण जैसी जटिल प्रक्रियाएं करने वाले डॉक्टरों के लिए डिज़ाइन किए गए सुरक्षात्मक सर्जिकल हेलमेट शामिल हैं। इस प्रदर्शनी में उन्नत वैक्सीन और जैविक दवा विकास प्रौद्योगिकियां भी शामिल हैं, जिनमें कीमोथेरेपी उपचारों की प्रभावशीलता का आकलन करने में मदद करने वाले 3डी ट्यूमर मॉडल प्रमुख हैं। अन्य नवाचारों में अंग पुनर्निर्माण के लिए प्रत्यारोपण योग्य हड्डी-लंबी करने वाले उपकरण, रक्त कैंसर के लिए सीएआर-टी सेल थेरेपी और वंशानुगत रक्त विकारों के लिए जीन थेरेपी शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, भाग लेने वाले स्टार्टअप्स मोटापे और मधुमेह के लिए विकासाधीन एआई-डिज़ाइन की गई ओरल दवाएं, क्षतिग्रस्त ऊतकों की मरम्मत तथा आंख, लिवर और फेफड़ों की बीमारियों के इलाज के लिए पुनर्योजी चिकित्सा प्रौद्योगिकियां, मात्र 10 मिनट में ब्लड काउंट परिणाम देने में सक्षम पोर्टेबल रक्त-परीक्षण मशीनें, और तपेदिक तथा कोविड-19 जैसे संक्रमणों का पता लगाने के लिए किफायती, स्वदेशी आणविक नैदानिक किट एवं मशीनें भी प्रस्तुत कर रहे हैं।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image003_20261119200741_ea8ed9.jpghttps://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/image004_20261119200751_04eba0.jpg

यह पहल स्वदेशी नवाचार को बढ़ावा देने, भारतीय फार्मास्युटिकल और मेडटेक स्टार्टअप्स की क्षमताओं को सुदृढ़ करने तथा देश में एक मजबूत, प्रतिस्पर्धी और नवाचार-आधारित फार्मास्युटिकल और मेडटेक इकोसिस्टम के विकास का समर्थन करने के प्रति विभाग की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

पीके/केसी/आरटी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2338853) आगंतुक पटल : 23
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu