कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
अपोलो मेडस्किल्स, न्यूलैंड फाउंडेशन, जेन टेक्नोलॉजीज और श्री सिद्धार्थ इंफ्राटेक एंड सर्विसेज ने तेलंगाना में 1,011 करोड़ रुपये की लागत वाली आईटीआई में बदलाव से संबंधित परियोजनाओं के लिए पीएम-सेतु के तहत सरकार के साथ एसएचए पर हस्ताक्षर किए
प्रविष्टि तिथि:
19 NOV 2026 5:34PM by PIB Delhi
‘प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआईज’ (पीएम-सेतु) योजना को कार्यान्वित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, तेलंगाना में चार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) क्लस्टरों के लिए ‘शेयरधारकों के समझौते’ (एसएचए) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इन समझौतों में अपोलो मेडस्किल्स लिमिटेड, न्यूलैंड फाउंडेशन, जेन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड और श्री सिद्धार्थ इंफ्राटेक एंड सर्विसेज को ‘प्रमुख औद्योगिक भागीदार’ (एआईपी) के रूप में शामिल किया गया है। इन समझौतों के साथ ही ओल्ड सिटी, संगारेड्डी, मेडचल और पाटनचेरु क्लस्टरों के लिए स्वीकृत ‘रणनीतिक निवेश योजना’ (एसआईपी) को कार्यान्वित करने का चरण शुरू हो गया है। इससे राज्य में सरकारी आईटीआई को उद्योग-आधारित तरीके से बदलने का रास्ता साफ हो गया है।
पीएम-सेतु के तहत इन परियोजनाओं को कार्यान्वित करने हेतु एक संस्थागत ढांचा तैयार करते हुए, भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) के अधीन प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी), तेलंगाना सरकार और संबंधित उद्योग भागीदारों के बीच एसएचए पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
जिन चार क्लस्टरों में लगभग 1,011 करोड़ रुपये के स्वीकृत निवेश की व्यवस्था की गई है, उनमें शामिल हैं:
- हेल्थकेयर और लाइफ साइंसेज सेक्टर में अपोलो मेडस्किल्स लिमिटेड को ‘प्रमुख औद्योगिक भागीदार’ (एआईपी) के रूप में शामिल करते हुए ओल्ड सिटी क्लस्टर, जिसमें 241 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी गई है;
- फार्मास्यूटिकल्स एवं केमिकल्स क्षेत्र में न्यूलैंड फाउंडेशन को ‘प्रमुख औद्योगिक भागीदार’ (एआईपी) के रूप में शामिल करते हुए संगारेड्डी क्लस्टर, जिसमें 241 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी गई है;
- रक्षा एवं इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में जेन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड को ‘प्रमुख उद्योग भागीदार’ (एआईपी) के रूप में शामिल करते हुए मेडचल क्लस्टर, जिसके लिए 254 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी गई है; और
- विविधतापूर्ण मैन्यूफैक्चरिंग के क्षेत्र में श्री सिद्धार्थ इंफ्राटेक एंड सर्विसेज को ‘प्रमुख उद्योग भागीदार’ (एआईपी) के रूप में शामिल करते हुए पाटनचेरु क्लस्टर, जिसके लिए 275 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी गई है।
इन एसएचए पर हस्ताक्षर होने से, स्वीकृत परियोजनाओं को क्रियान्वयन हेतु भारत सरकार, तेलंगाना सरकार और औद्योगिक भागीदारों के बीच सहयोग को औपचारिक रूप मिल गया है। अब प्रत्येक क्लस्टर के लिए अलग-अलग ‘विशेष प्रयोजन वाहन’ (एसपीवी) बनाए जाएंगे, जो परियोजनाओं के क्रियान्वयन और उनके दीर्घकालिक संचालन की देखरेख करेंगे। पीएम-सेतु के ढांचे के तहत, इन एसपीवी में औद्योगिक भागीदार की 51 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी और भारत सरकार तथा राज्य सरकार की 24.5-24.5 प्रतिशत की हिस्सेदारी होगी।
पीएम-सेतु योजना निर्माण के चरण से आगे बढ़कर क्रियान्वयन के चरण में पहुंचा
इन समझौतों पर हस्ताक्षर होने के साथ, तेलंगाना की ये चारों परियोजनाएं योजना निर्माण के चरण से आगे बढ़कर सक्रिय क्रियान्वयन के चरण में आ गई हैं। इन साझेदारियों से व्यावसायिक शिक्षा में उद्योग जगत की भागीदारी और गहरी होने की उम्मीद है। साथ ही, इससे इन साझेदारियों में शामिल औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को आधुनिक एवं भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार तकनीकी उत्कृष्टता केन्द्रों के रूप में बदलने की प्रक्रिया में तेजी आएगी। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ, पीएम-सेतु के तहत हस्ताक्षरित ‘शेयरधारकों के समझौतों’ की कुल संख्या अब सात हो गई है, जो पूरे देश में उद्योग जगत के नेतृत्व में संस्थागत बदलाव की बढ़ती गति को दर्शाती है।
इन स्वीकृत निवेश योजनाओं में उपायों का एक व्यापक पैकेज शामिल है, जिसमें इन बातों का समावेश है:
- प्रशिक्षण संबंधी बुनियादी ढांचे, कार्यशालाओं और प्रयोगशालाओं का आधुनिकीकरण;
- उद्योग जगत के लिए प्रासंगिक तकनीकों एवं उपकरणों का समावेश;
- पाठ्यक्रमों को बदलती क्षेत्रगत जरूरतों के अनुरूप ढालना;
- प्रशिक्षकों का क्षमता विकास एवं प्रशिक्षण;
- उद्योग जगत में बेहतर अनुभव एवं शिक्षुता के अवसर; और
- प्रशिक्षुओं के लिए प्लेसमेंट एवं रोजगार-क्षमता संबंधी परिणामों को बेहतर करना।
इस पहल का उद्देश्य आईटीआई के संचालन एवं विकास में सीधे तौर पर उद्योग जगत की विशेषज्ञता का समावेश करना है ताकि ऐसे संस्थान तैयार किए जा सकें, जो अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप हों और युवाओं को रोजगार के उभरते अवसरों के लिए आवश्यक कौशल से लैस कर सकें।
कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय की सचिव श्रीमती देबाश्री मुखर्जी ने उद्योग जगत के सभी भागीदारों का स्वागत किया और देश भर के आईटीआई में बदलाव लाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम-सेतु संस्थागत बदलाव के केन्द्र में उद्योग जगत को रखकर कौशल विकास के क्षेत्र में एक नया प्रतिमान स्थापित कर रहा है।
उद्योग जगत के चार भागीदारों के प्रतिनिधियों ने विश्वस्तरीय व्यावसायिक शिक्षा इकोसिस्टम से संबंधित सरकार के दृष्टिकोण का समर्थन करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही, उन्होंने स्वास्थ्य सेवा, फार्मास्यूटिकल्स, रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं मैन्यूफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता का योगदान देने की बात कही ताकि इसमें शामिल आईटीआई में दिए जाने वाले प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं प्रासंगिकता को बेहतर बनाया जा सके।












***
पीके/केसी/आरटी/आर/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2338739)
आगंतुक पटल : 23
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English