कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय
निवेशकों को सशक्त बनाने तथा शिकायतों के निवारण और दावा न की गई लाभांश राशि की प्राप्ति की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए आईईपीएफए और एसईबीआई नई दिल्ली में ‘निवेशक शिविर’ का आयोजन करेंगे
प्रविष्टि तिथि:
16 NOV 2026 2:51PM by PIB Delhi
केंद्र सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के अंतर्गत निवेशक शिक्षा एवं संरक्षण निधि प्राधिकरण (आईईपीएफए) भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (एसईबीआई-सेबी) तथा बाजार अवसंरचना संस्थानों (एमआईआई) के सहयोग से 17 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर के जैकरांडा हॉल में एक दिवसीय ‘निवेशक शिविर’ का आयोजन कर रहा है।
इस पहल का उद्देश्य निवेशकों और शेयरधारकों को दावा न की गई लाभांश राशि, निवेशक शिक्षा और संरक्षण निधि (आईईपीएफ) में अंतरित किए गए शेयरों तथा दावेदारों से संबंधित अन्य शिकायतों के निवारण में सहायता प्रदान करना है।
इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग तथा कॉरपोरेट कार्य राज्य मंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा और कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल को आमंत्रित किया गया है।
निवेशक शिविर के माध्यम से आईईपीएफए निम्नलिखित सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखता है:
- प्रत्यक्ष सुविधा: कंपनियों के पास छह से सात वर्षों से रखी हुई दावा न की गई लाभांश राशि और शेयरों की वापसी प्राप्त करने में प्रत्यक्ष सहायता।
- मौके पर ही केवाईसी अपडेट करने की सुविधा: मौके पर ही अपने ग्राहक को जानें (केवाईसी) संबंधी विवरण अद्यतन करने तथा नामांकन से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराना।
- तत्काल सहायता एवं समाधान: आईईपीएफए में लंबित दावों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल सहायता प्रदान करना और उनका समाधान करना।
निवेशक शिविर का यह मॉडल निवेशकों, कंपनियों तथा रजिस्ट्रार एवं ट्रांसफर एजेंटों (आरटीए) के बीच बिचौलियों से मुक्त प्रत्यक्ष संवाद और संपर्क को बढ़ावा देता है। शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित करने के लिए आयोजन स्थल पर विशेष सेवा डेस्क स्थापित किए जाएंगे।
निवेशक शिविर में पहली बार बड़ी संख्या में दावा न की गई लाभांश राशि वाले खाते रखने वाली कंपनियां भी सीधे भाग ले रही हैं, ताकि संबंधित पात्र और वास्तविक दावेदारों को स्वयं कंपनियों से मार्गदर्शन मिल सके।
निवेशक शिविर आईईपीएफए के देशव्यापी निवेशक संपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम का हिस्सा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य वित्तीय साक्षरता को मजबूत करना, पारदर्शिता बढ़ाना तथा दावा न किए गए निवेशों को पुनः प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाना है। यह पहल देशभर में एक सुरक्षित, सुलभ और निवेशक-केंद्रित वित्तीय इकोसिस्टम के निर्माण के प्रति आईईपीएफए की प्रतिबद्धता को दोहराती है।
आईईपीएफए के बारे में
केंद्र सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत निवेशक शिक्षा एवं संरक्षण निधि प्राधिकरण (आईईपीएफए) देशभर में निरंतर वित्तीय साक्षरता पहलों और सहयोगात्मक संपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से निवेशक शिक्षा, जागरूकता और संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।
इच्छुक दावेदार नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से शिविर के लिए पंजीकरण कर सकते हैं:
https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSeEnQuu89P0h5zL8wWQZ5ksmNP5pFKphFmQEPOwzkbe6R03jg/viewform
अधिक जानकारी के लिए कृपया वेबसाइट देखें: www.iepf.gov.in
***
पीके/केसी/आरटी/आईएम/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2336935)
आगंतुक पटल : 24