ग्रामीण विकास मंत्रालय
सड़क निर्माण में नवाचार के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय की NRIDA को प्रतिष्ठित U.P. Medal 2025 हेतु चुना गया
इंडियन रोड्स कांग्रेस द्वारा प्रदान किया जाएगा सम्मान; ग्रामीण सड़क निर्माण में स्टील स्लैग के अभिनव उपयोग के लिये पुरस्कार
प्रविष्टि तिथि:
13 NOV 2026 7:08PM by PIB Delhi
ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत आने वाली राष्ट्रीय ग्रामीण अवसंरचना विकास एजेंसी (NRIDA) को सड़क निर्माण में नवाचार के लिए प्रतिष्ठित U.P. Medal for Innovative Technology in Roads – 2025 हेतु चुना गया है। यह सम्मान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत ग्रामीण सड़क निर्माण में स्टील स्लैग के अभिनव उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रदान किया जा रहा है।
पुरस्कार इंडियन रोड्स कांग्रेस (IRC) द्वारा 19 नवंबर, 2026 को हैदराबाद, तेलंगाना में आयोजित उसके 85वें वार्षिक सत्र के वार्षिक समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा।
इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय और NRIDA की ओर से झारखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-III के तहत स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों में स्टील स्लैग के अभिनव उपयोग को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।
इस परियोजना के तहत कुल 381.57 किलोमीटर सड़क निर्माण में स्टील स्लैग का उपयोग किया गया है। इसके उपयोग से निर्माण लागत में 26 प्रतिशत की कमी लाने में मदद मिली है। इसके अतिरिक्त, औद्योगिक इस्पात संयंत्रों की निकटता के कारण परिवहन लागत को कम करने में भी सहायता मिली है।
यह पहल औद्योगिक अपशिष्ट स्टील स्लैग के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ संसाधनों के बेहतर उपयोग और सतत ग्रामीण अवसंरचना विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सतत ग्रामीण अवसंरचना के विकास के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय और NRIDA की प्रतिबद्धता
ग्रामीण विकास मंत्रालय और NRIDA द्वारा अब तक सतत तकनीकों के उपयोग से संबंधित 1,81,923 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 1,39,901 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य पूरे किए जा चुके हैं।
यह सम्मान सड़क निर्माण में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्रियों, सीमांत सामग्रियों और अपशिष्ट पदार्थों के उपयोग को प्रोत्साहित करने की NRIDA की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही, यह पीएमजीएसवाई के अंतर्गत नवाचारपूर्ण एवं हरित तकनीकों को अपनाने की दिशा में ग्रामीण विकास मंत्रालय और NRIDA के प्रयासों को भी रेखांकित करता है।
यह पहल देशभर में टिकाऊ, मजबूत और पर्यावरण के अनुकूल ग्रामीण सड़क अवसंरचना विकसित करने के सरकार के दृष्टिकोण को और सुदृढ़ करती है।
****
PU
(रिलीज़ आईडी: 2335995)
आगंतुक पटल : 49
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English