स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा ने क्षय रोग से होने वाली मृत्यु दर में कमी लाने में भारत की उल्लेखनीय प्रगति को रेखांकित किया; क्षय रोग-मुक्त भारत के संकल्प को दोहराया


विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र ने पूरे क्षेत्र में क्षय रोग से होने वाली मृत्यु दर में कमी लाने में भारत के महत्वपूर्ण योगदान को सराहा

भारत में वर्ष 2015 के बाद से क्षय रोग मृत्यु दर में अब तक की सर्वाधिक 38 प्रतिशत की कमी दर्ज; वैश्विक स्तर पर यह गिरावट 35 प्रतिशत रही: विश्व क्षय रोग रिपोर्ट 2026

भारत में क्षय रोग उपचार की सफलता दर 94 प्रतिशत, जो सुदृढ़ निदान, समय पर उपचार और रोगियों की समग्र देखभाल को दर्शाती है

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में क्षय रोग के खिलाफ लड़ाई प्रौद्योगिकी, सामुदायिक भागीदारी और रोगी-केंद्रित देखभाल से संचालित राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन बन गई है: श्री जे.पी. नड्डा

क्षय रोग मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 25 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच; 11 करोड़ से अधिक छाती के एक्स-रे और 3 करोड़ आणविक जांच की गईं

गहन जांच अभियान के माध्यम से बिना लक्षण वाले क्षय रोग के लगभग 15 लाख मामलों का पता चला, जिससे शीघ्र निदान और समय पर उपचार संभव हुआ

प्रविष्टि तिथि: 13 NOV 2026 2:04PM by PIB Delhi

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने क्षय रोग के खिलाफ लड़ाई में भारत की महत्वपूर्ण प्रगति को रेखांकित किया है। उन्होंने यह विचार विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की वैश्विक क्षय रोग रिपोर्ट 2026 जारी होने के बाद व्‍यक्‍त की। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में वर्ष 2015 के बाद से क्षय रोग से होने वाली मृत्यु दर में 38 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो वैश्विक स्तर पर दर्ज 35 प्रतिशत की गिरावट से अधिक है। इसके साथ ही, औषधि-संवेदनशील क्षय रोग के रोगियों में उपचार की सफलता दर 94 प्रतिशत रही है।

इन परिणामों को उत्साहजनक बताते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने दोहराया कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि क्षय रोग का कोई भी रोगी उपचार और देखभाल से वंचित न रहे। उन्होंने क्षय रोग-मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में प्रगति को गति देने के लिए प्रौद्योगिकी, सामुदायिक भागीदारी और रोगियों की समग्र देखभाल के महत्व पर बल दिया।

भारत की उपलब्धियों को महत्वपूर्ण मान्यता देते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय कार्यालय ने भी पूरे क्षेत्र में क्षय रोग से होने वाली मृत्यु दर में कमी लाने में भारत के योगदान को सराहा है। सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में डब्ल्यूएचओ-एसईएआरओ ने कहा, "विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में क्षय रोग से होने वाली मृत्यु दर में कमी लाने की दिशा में भारत महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।" संगठन ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा विश्व क्षय रोग रिपोर्ट 2026 में रेखांकित भारत की उपलब्धियों के संबंध में की गई घोषणा को भी साझा किया।

अपने संदेश में श्री नड्डा ने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में क्षय रोग के खिलाफ लड़ाई प्रौद्योगिकी, सामुदायिक भागीदारी और रोगी-केंद्रित देखभाल से संचालित राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन में बदल गई है। उन्होंने बताया कि शीघ्र पहचान, उन्नत जांच सुविधाओं, पोषण सहायता और सामुदायिक लामबंदी में निरंतर निवेश से देश के क्षय रोग उन्मूलन प्रयासों को मजबूती मिली है।

क्षय रोग मुक्त भारत अभियान के व्यापक प्रभाव का उल्लेख करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि गहन क्षय रोग जांच अभियान के तहत 25 करोड़ से अधिक लोगों की जांच की गई है। इस दौरान 11 करोड़ से अधिक छाती के एक्स-रे और 3 करोड़ आणविक जांच की गई हैं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप कुल 48.64 लाख क्षय रोग मामलों का पता चला है, जिनमें बिना लक्षण वाले लगभग 15 लाख मामले शामिल हैं। इससे बीमारी का शीघ्र निदान करने और समय पर उपचार शुरू करने में मदद मिली है।

श्री नड्डा ने क्षय रोग देखभाल को सुदृढ़ बनाने और रोगियों को बेहतर सहायता उपलब्ध कराने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित निदान प्रणालियों, नि-क्षय पोषण योजना के तहत पोषण सहायता तथा नि-क्षय मित्रों के समर्पित प्रयासों की भूमिका को भी रेखांकित किया।

सरकार के संकल्प को दोहराते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ये उपलब्धियां इस प्रतिबद्धता को और मजबूत करती हैं कि क्षय रोग का कोई भी रोगी पीछे न छूटे। उन्होंने जोर दिया कि क्षय रोग-मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में निरंतर जनभागीदारी और सामूहिक प्रयास महत्वपूर्ण बने रहेंगे।

विश्व क्षय रोग रिपोर्ट 2026 में क्षय रोग से होने वाली अनुमानित मृत्यु दर में भारत की अब तक की सर्वाधिक गिरावट दर्ज की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2015 में प्रति एक लाख आबादी पर 28 मौतों की तुलना में वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 18 रह गई। औषधि-संवेदनशील क्षय रोग के रोगियों में उपचार की सफलता दर 94 प्रतिशत होना भी राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत निदान, उपचार उपलब्ध कराने, मरीजों की नियमित निगरानी और समग्र सहायता सेवाओं में हुए सुधार को दर्शाता है।

भारत की इस प्रगति में सक्रिय रूप से क्षय रोग मामलों का पता लगाने, प्रौद्योगिकी आधारित जांच और रोगी-केंद्रित देखभाल की दिशा में किए गए निरंतर प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। दिसंबर 2024 में शुरू किया गया क्षय रोग मुक्त भारत अभियान प्रारंभ में 100 दिनों के गहन अभियान के रूप में संचालित किया गया था, जिसे बाद में देशव्यापी स्तर पर विस्तारित किया गया। इस अभियान से कमजोर और उच्च जोखिम वाले समूहों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत हुई है। मार्च 2026 में शुरू किए गए एक और गहन अभियान के माध्यम से शीघ्र पहचान और समय पर उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बिना लक्षण वाले 14.97 लाख क्षय रोग मामलों की पहचान विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। यह उन लोगों में संक्रमण का पता लगाने में सक्रिय जांच की प्रभावशीलता को दर्शाती है, जिनमें बीमारी के सामान्य लक्षण दिखाई नहीं देते। शीघ्र पहचान से समय पर उपचार शुरू करना संभव होता है, जिससे बीमारी के गंभीर रूप लेने और संक्रमण के आगे फैलने का जोखिम कम किया जा सकता है।

एआई आधारित पोर्टेबल डिजिटल छाती एक्स-रे, त्वरित आणविक निदान प्रौद्योगिकियों और नि-क्षय डिजिटल प्लेटफॉर्म सहित तकनीकी नवाचारों ने क्षय रोग की जांच, निदान और उपचार की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाया है। इन प्रयासों को नि-क्षय पोषण योजना के तहत पोषण सहायता और नि-क्षय मित्र पहल के माध्यम से मिलने वाली सामुदायिक सहायता का भी पूरक सहयोग प्राप्त हो रहा है। इससे क्षय रोग का उपचार करा रहे लोगों की व्यापक जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलती है।

सामुदायिक भागीदारी भारत की क्षय रोग उन्मूलन रणनीति की एक प्रमुख विशेषता बनकर उभरी है। वर्ष 2025 में 67,933 ग्राम पंचायतों को क्षय रोग-मुक्त घोषित किया गया, जो इस राष्ट्रीय अभियान में जमीनी स्तर पर बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। जेओएसएच टीम पहल के माध्यम से भी सामुदायिक सहभागिता का विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत सरकारी अधिकारियों, राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेटों और माई भारत के स्वयंसेवकों को एक साथ लाकर स्थानीय स्तर पर जागरूकता, जनसंपर्क और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।

क्षय रोग उन्मूलन के प्रति भारत की प्रतिबद्धता इस तथ्य से भी स्पष्ट होती है कि कार्यक्रम की कुल वित्तपोषण आवश्यकताओं का 96 प्रतिशत घरेलू संसाधनों से पूरा किया जा रहा है। यह क्षय रोग उन्मूलन के लिए देश में निरंतर निवेश और राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

डब्ल्यूएचओ-सीरो द्वारा भारत के योगदान को मिली मान्यता और विश्व क्षय रोग रिपोर्ट 2026 के निष्कर्षों से क्षय रोग मृत्यु दर में कमी लाने तथा इस बीमारी के खिलाफ क्षेत्रीय और वैश्विक प्रयासों को आगे बढ़ाने में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका स्पष्ट होती है। यह प्रगति स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच, वैज्ञानिक नवाचार, कार्यक्रमों के सुदृढ़ कार्यान्वयन और सक्रिय सामुदायिक भागीदारी के संयुक्त प्रभाव का परिणाम है।

इन उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए भारत सरकार क्षय रोग की रोकथाम, शीघ्र निदान, समय पर और प्रभावी उपचार, पोषण सहायता तथा सामुदायिक सहभागिता को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन तथा राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों, स्वास्थ्य पेशेवरों, विकास भागीदारों और नागरिकों की सामूहिक भागीदारी से भारत क्षय रोग-मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

टीबी हारेगा, देश जीतेगा।

*****

पीके/केसी/आरटी/एसएस/एमवाई


(रिलीज़ आईडी: 2335795) आगंतुक पटल : 33
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English