सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

शिल्प समागम मेला 2026: दिल्ली हाट में कुल बिक्री 73.49 लाख रुपये के पार, कारीगरों के उत्पादों को मिल रही लोगों की सराहना


मेले में लोगों की उत्साहजनक भागीदारी, भारत की सांस्कृतिक विविधता का उत्सव

सात विशेष क्षेत्रों में 130 से अधिक स्टॉल पर पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पादों और स्वदेशी वस्तुओं का प्रदर्शन

रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारंपरिक संगीत और लोकनृत्यों से मेले में उत्सव का माहौल

प्रविष्टि तिथि: 11 NOV 2026 8:01PM by PIB Delhi

राष्ट्रीय राजधानी स्थित दिल्ली हाट, आईएनए में आयोजित शिल्प समागम मेला 2026 में नागरिकों, परिवारों और युवाओं की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिल रही है। यह मेला भारत की पारंपरिक शिल्पकला, सांस्कृतिक विरासत और कलात्मक विविधता का जीवंत उत्सव बनकर उभरा है। मेले में लोगों की बढ़ती दिलचस्पी का अंदाजा यहां दर्ज की गई बिक्री से भी लगाया जा सकता है।

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत भाग ले रहे चार राष्ट्रीय निगमों ने 1 नवंबर से 10 नवंबर 2026 के बीच कुल लगभग 73.49 लाख रुपये की बिक्री दर्ज की है। बिक्री के ये आंकड़े मेले में आने वाले लोगों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया और लाभार्थी समुदायों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के लिए बाजार में बढ़ते अवसरों को दर्शाते हैं।

उन्होंने बताया कि मेले में भाग लेने वाले चार निगमों में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (NSFDC), राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (NBCFDC), राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (NSKFDC) और राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम (NDFDC) शामिल हैं।

भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा आयोजित यह 15 दिवसीय मेला एक ऐसे आकर्षक मंच के रूप में उभरा है, जहां आगंतुक स्वदेशी उत्पादों को देखते हैं, विभिन्न क्षेत्रों की कला-संस्कृति का अनुभव करते हैं और देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ते हैं।

‘प्रकाश और परंपरा, ज्योति से ज्योति जलाएँ’ विषय पर आयोजित इस मेले में सात विशेष क्षेत्रों के माध्यम से पारंपरिक शिल्पकला और सांस्कृतिक विरासत को एक साथ प्रस्तुत किया गया है। ये सात क्षेत्र है- कला आँगन, प्रकाश चौक, पूजा पथ, सजावट बाज़ार, घराना, स्वाद चौक और मंच।

प्रत्येक क्षेत्र आगंतुकों को एक अलग अनुभव प्रदान करता है। इनमें पारंपरिक हस्तशिल्प, त्योहारों से जुड़ी सजावट, घर की साज-सज्जा, सांस्कृतिक उत्पादों और विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक खानपान को प्रदर्शित किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि मेले में 130 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, पारंपरिक वस्त्र, दीपक, त्योहारों की सजावट से जुड़ी वस्तुएं, घर की साज-सज्जा के सामान और अन्य स्वदेशी उत्पादों की विविध श्रृंखला प्रदर्शित की गई है।

उन्होंने आगे बताया कि मेले में आने वाले लोग उत्साहपूर्वक विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर रहे हैं, भाग लेने वाले कारीगरों की शिल्पकला की सराहना कर रहे हैं और भारत की समृद्ध कलात्मक परंपराओं को दर्शाने वाले उत्पादों की खरीदारी कर रहे हैं।

मेले का एक प्रमुख आकर्षण हर शाम मंच पर आयोजित होने वाला जीवंत सांस्कृतिक कार्यक्रम है।विभिन्न राज्यों के कलाकार और सांस्कृतिक दल रंगारंग लोकनृत्य, पारंपरिक संगीत और क्षेत्रीय कला रूपों की प्रस्तुतियां दे रहे हैं। इसके माध्यम से देश की विविध सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को एक साझा मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है।

ये प्रस्तुतियां आगंतुकों को भारत की सांस्कृतिक समृद्धि और क्षेत्रीय परंपराओं को करीब से जानने का अवसर प्रदान कर रही हैं। साथ ही, मेले में उत्सव और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का माहौल भी बना रही हैं।

सांस्कृतिक संध्याओं ने मेले को एक विशेष पहचान दी है। इसके चलते यह आयोजन केवल प्रदर्शनी और खरीदारी का केंद्र बनकर नहीं रह गया है।

आगंतुक इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद ले रहे हैं, विभिन्न क्षेत्रों की परंपराओं को जान रहे हैं और भारत की बहुलतावादी सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाली कलात्मक विविधता का अनुभव कर रहे हैं।

यह मेला अनुसूचित जातियों, अन्य पिछड़ा वर्गों, सफाई कर्मचारियों और दिव्यांगजनों से जुड़े कारीगरों एवं लाभार्थियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और सीधे उपभोक्ताओं से जुड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण विपणन मंच उपलब्ध कराता है।

मंत्रालय इनकी भागीदारी को सुगम बनाने के लिए निःशुल्क स्टॉल, यात्रा व्यय, दैनिक भत्ता और सामान के परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराता है। इससे उन्हें आने वाली आर्थिक और व्यवस्थागत बाधाओं को दूर करने में मदद मिलती है।

यह पहल भारत ट्यूलिप जैसे मंचों के माध्यम से बाजार तक व्यापक पहुंच को भी बढ़ावा देती है। यह मंच कारीगरों को ऑनलाइन व्यापार के अवसरों से जोड़ता है। वहीं, पर्पल फेस्ट दिव्यांगजनों की रचनात्मकता और क्षमताओं का उत्सव मनाता है तथा समावेशिता और समान अवसरों को प्रोत्साहित करता है।

वर्ष 2022 से मंत्रालय द्वारा शिल्प समागम मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इनके माध्यम से अनुसूचित जातियों, अन्य पिछड़ा वर्गों और सफाई कर्मचारी समुदायों के 1,000 से अधिक कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के अवसर मिले हैं। इस पहल का उद्देश्य स्वरोजगार को प्रोत्साहित करना, उद्यमिता को मजबूत बनाना और टिकाऊ आजीविका के अवसरों के माध्यम से सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।

शिल्प समागम मेला 2026 नई दिल्ली के आईएनए स्थित दिल्ली हाट में 15 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा।

 

 

पारंपरिक उत्पादों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आम लोगों की भागीदारी के संगम के माध्यम से यह मेला भारत की कलात्मक विविधता का उत्सव मनाने के साथ-साथ समावेशी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का सार्थक मंच प्रदान कर रहा है।

****

पीके/केसी/आरटी/एनएम


(रिलीज़ आईडी: 2335273) आगंतुक पटल : 28
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu