विधि एवं न्‍याय मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

विधि और न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग ने सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को बढ़ावा देने और लंबित मामलों को कम करने के लिए विशेष अभियान 6 सफलतापूर्वक पूरा किया


चिन्हित सभी लंबित मामलों का शत-प्रतिशत निपटारा किया गया

ई-कचरे और कबाड़ की नीलामी से दो लाख 41 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ और लगभग 300 वर्ग फुट जगह खाली कराई गई

प्रविष्टि तिथि: 06 NOV 2026 5:58PM by PIB Delhi

प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग के मार्गदर्शन में, विधि और न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग ने लंबित मामलों के निपटारे और कार्यालय परिसर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के लिए विशेष अभियान 6 चलाया।

यह अभियान दो चरणों में आयोजित किया गया। पहला चरण 15 से 30 सितंबर 2026 तक चला। इस दौरान सांसदों से प्राप्त संदर्भों, संसदीय आश्वासनों, राज्य सरकारों और विभिन्न मंत्रालयों से मिले संदर्भों तथा जन शिकायतों सहित लंबित मामलों की पहचान की गई। इसके अलावा, कार्यालय परिसर में सफाई और सौंदर्यीकरण के लिए स्थान भी चिन्हित किए गए।

दूसरा चरण 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चला। इस दौरान चिन्हित लंबित मामलों का निपटारा करने और कार्यालय परिसर की सफाई तथा सौंदर्यीकरण पर ध्यान दिया गया।

विशेष अभियान के पहले चरण में न्याय विभाग ने 211 जन शिकायतों, 309 जन शिकायत अपीलों, सांसदों से मिले पांच संदर्भों, दो संसदीय आश्वासनों, प्रधानमंत्री कार्यालय से मिले एक संदर्भ, राज्य सरकारों से मिले चार संदर्भों और मंत्रिमंडलों के बीच एक संदर्भ के निपटारे के लिए चिन्हित किया। इसके अलावा समीक्षा और हटाने के लिए 20 भौतिक फाइलों की पहचान की गई। नई दिल्ली के जैसलमेर हाउस स्थित विभागीय कार्यालय परिसर में सफाई और सौंदर्यीकरण के लिए चार स्थान भी चिन्हित किए गए। निपटारे के लिए ई-कचरे और कबाड़ की 49 वस्तुओं की पहचान की गई। लंबित मामलों की स्थिति नियमित रूप से एससीडीपीएम पोर्टल पर अपलोड की गई।

विशेष अभियान 6 के दूसरे चरण में न्याय विभाग ने पहले चरण में चिन्हित सभी लंबित मामलों के निपटारे के लिए हरसंभव प्रयास किए। कार्यालय परिसर, गलियारों और लॉन आदि की सफाई के लिए विशेष अभियान भी चलाया गया। न्याय विभाग ने निर्धारित समय के भीतर सभी चिन्हित लंबित मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया। इसके अलावा जीईएम पोर्टल के माध्यम से ई-कचरे और कबाड़ की 49 चिन्हित वस्तुओं की नीलामी से दो लाख 41 हजार रुपये प्राप्त हुए। विभाग में लगभग 300 वर्ग फुट जगह भी खाली कराई गई।

विशेष अभियान 6 के तहत न्याय विभाग की ओर से की गई विभिन्न गतिविधियों की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की गई। अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियों की पहले और बाद की तस्वीरों सहित ट्वीट और पीआईबी की प्रेस विज्ञप्तियां भी समय-समय पर जारी की गईं और अपलोड की गईं। अभियान के समापन पर न्याय विभाग के सचिव के नेतृत्व में जैसलमेर हाउस परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसमें सक्रिय रूप से भाग लिया। इस तरह विशेष अभियान 6 सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

****

पीके/केसी/आरटी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2333780) आगंतुक पटल : 47
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu