भारी उद्योग मंत्रालय
भारी उद्योग मंत्रालय तथा उसके केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों और स्वायत्त निकायों में बकाया मामलों के निपटान के लिए ‘विशेष अभियान 6’ संपन्न
प्रविष्टि तिथि:
02 NOV 2026 7:56PM by PIB Delhi
भारी उद्योग मंत्रालय ने अपने केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों और स्वायत्त निकायों (सीपीएससी/एबी) के साथ मिलकर बकाया मामलों के निपटान के लिए ‘विशेष अभियान 6’ को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस वर्ष अभियान के दौरान स्वच्छता, लंबित मामलों में कमी लाने और कार्यस्थल के बेहतर प्रबंधन के साथ-साथ ई-कचरे के प्रभावी संग्रह, पृथकीकरण और निपटान पर विशेष जोर दिया गया।
2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक इस अभियान के कार्यान्वयन चरण के दौरान भारी उद्योग मंत्रालय और इसके केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों और स्वायत्त निकायों ने पुरानी भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक फाइलों की व्यापक समीक्षा एवं अनुपयोगी वस्तुओं, स्क्रैप और ई-कचरे की पहचान की तथा उनके उचित निपटान के लिए आवश्यक कदम उठाए। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य कार्यालय में जगह खाली करना, रिकॉर्ड प्रबंधन में सुधार लाना तथा स्वच्छ, सुव्यवस्थित और अधिक कुशल कार्य परिवेश को बढ़ावा देना रहा।

ब्रिज एंड रूफ लिमिटेड के कर्मचारियों ने चेन्नई कार्यालय में अनावश्यक फाइलों को हटाकर जगह खाली करने की पहल की
ई-कचरा प्रबंधन पर विशेष
इस वर्ष के विषय के अनुरूप, भारी उद्योग मंत्रालय (एमएचआई) के तहत आने वाले कार्यालयों और औद्योगिक इकाइयों में ई-कचरा के प्रभावी संग्रह, अलग करने और निपटान पर विशेष ध्यान दिया गया। संबंधित सीपीएससी/एबी ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों में उत्पन्न ई-कचरे की पहचान की और ई-कचरा (प्रबंधन) नियम, 2022 के अनुसार इसके पृथक्करण और निपटान के लिए आवश्यक कदम उठाए।


एवायसीएल और आईसीएटी के परिसरों में ई-कचरे का निपटान
इस पहल से मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले सीपीएसई/एबी में ई-कचरे के उचित निपटान और कचरा प्रबंधन के जिम्मेदार तरीकों को बढ़ावा देने में मदद मिली।
कार्यालय परिसरों और औद्योगिक इकाइयों में स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इन गतिविधियों से कार्यस्थलों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित रखने में मदद मिली, साथ ही स्वच्छता, जवाबदेही और कचरा प्रबंधन के प्रति जिम्मेदार रवैये की संस्कृति को भी बढ़ावा मिला।
विशेष अभियान के कार्यान्वयन चरण (यानी 02 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक) के दौरान हासिल किए गए मुख्य लक्ष्य इस प्रकार हैं:
- कार्यालय परिसरों और औद्योगिक इकाइयों में 1,540 स्वच्छता अभियान चलाए गए।
- कबाड़ (स्क्रैप) के निपटान से 50,19,777 वर्ग फुट जगह खाली कराई गई।
- 4,467 ई-कचरा वस्तुओं को एकत्र किया गया, उन्हें अलग-अलग किया गया और उनका निपटान किया गया।
- कबाड़ और ई-कचरे के निपटान से कुल 13,03,93,845 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
जागरूकता बढ़ाने और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के लिए, 'विशेष अभियान 6.0' के तहत मंत्रालय और इसके सीपीएससी/स्वायत्त निकायों द्वारा की गई महत्वपूर्ण गतिविधियों को रेखांकित करते हुए विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब, लिंक्डइन आदि पर 2108 सोशल मीडिया पोस्ट की गईं।
'विशेष अभियान 6' के अंतर्गत, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), एचपीईपी हैदराबाद ने रायासमुद्रम झील और और आसपास की सड़क पर बड़े पैमाने पर सफाई अभियान का आयोजन किया। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अभियान के दौरान लगभग 32,290 वर्ग फुट क्षेत्र की सफाई की गई। बीएचईएल की पीपीपीयू इकाई ने अपने 'सिविल स्टोर एरिया' के 300 वर्ग फुट हिस्से की सफाई और सुव्यवस्थित करके उसका कायाकल्प कर दिया।

बीएचईएल एचपीईपी हैदराबाद ने रायसमुद्रम झील परिसर को कवर करते हुए सफाई अभियान चलाया
एंड्रयू यूल एंड कंपनी लिमिटेड ने असम स्थित अपने राजगढ़ चाय बागान कार्यालय में स्वच्छता अभियान चलाया और पुरानी फाइलों व दस्तावेजों को छांटकर हटाया।


एवाईसीएल के राजगढ़ चाय बागान कार्यालय, असम की पहले और बाद की तस्वीरें
सीमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (सीसीआईएल), बोकाजन ने स्वच्छता को बढ़ावा देने और आसपास के वातावरण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सीसीआईएल टाउनशिप चिल्ड्रेन्स पार्क में एक स्वच्छता अभियान आयोजित किया। इस पहल ने एक स्वच्छ, स्वस्थ और अधिक जीवंत समुदाय बनाने में योगदान दिया। इसके अलावा, कार्यस्थल पर स्वच्छता, बेहतर व्यवस्था और समग्र कार्यक्षमता को बढ़ाने के लिए मानव संसाधन विभाग का नवीनीकरण किया गया।

सीसीआईएल कार्यालय में मानव संसाधन विभाग का नवीनीकरण
'विशेष अभियान 6' के माध्यम से, मंत्रालय ने कार्यस्थलों को अधिक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और कुशल बनाने, लंबित कार्यों को कम करने तथा संवहनीय अपशिष्ट प्रबंधन के तरीकों को मजबूत करने का प्रयास किया। इसमें ई-कचरे के प्रभावी संग्रह, अलग करने और निपटान पर विशेष ध्यान दिया गया। मंत्रालय ने अपने सीपीएसई और एबी के साथ मिलकर, स्वच्छता बनाए रखने, संसाधनों के कुशल उपयोग को सुनिश्चित करने तथा सुशासन और कार्यस्थल की कार्यकुशलता की संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
****
पीके/केसी/आरटी/एसके/ डीए
(रिलीज़ आईडी: 2331824)
आगंतुक पटल : 45