वित्त मंत्रालय
केंद्रीय मादक पदार्थ ब्यूरो (सीबीएन) की मध्य प्रदेश इकाई ने नशीले पदार्थों के खिलाफ तीन बड़े अभियान चलाए; 2,774.650 किलोग्राम अफीम (पोस्त) का भूसा और पांच वाहन जब्त कर चार लोगों को गिरफ्तार किया
प्रविष्टि तिथि:
31 OCT 2026 6:10PM by PIB Delhi
मादक पदार्थों की तस्करी और मादक पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ निरंतर अभियान में केंद्रीय मादक पदार्थ ब्यूरो (सीबीएन) की मध्य प्रदेश इकाई ने पिछले कुछ दिनों के दौरान तीन महत्वपूर्ण अभियान चलाए, जिसके परिणामस्वरूप 2,774.650 किलोग्राम अवैध अफीम का भूसा (डोडाचूरा) और पांच वाहन जब्त किए गए। इन मामलों में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
27 अक्टूबर 2026 को एक पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर सीबीएन की मध्य प्रदेश इकाई के अधिकारियों की एक टीम ने मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर सीतामऊ के पास राजस्थान में पंजीकृत एक कंटेनर ट्रक को रोका। ऐसी आशंका थी कि इस वाहन के माध्यम से पंजाब की ओर भारी मात्रा में अफीम का भूसा ले जाया जा रहा था। गहन तलाशी के दौरान 115 सफेद बोरियों में भरा 2,308 किलोग्राम अफीम का भूसा बरामद हुआ, जिसे कवर कार्गो के तौर पर इस्तेमाल की जा रही चने की भूसी की 598 सफेद बोरियों के नीचे छिपाकर रखा गया था। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद प्रतिबंधित सामान और कंटेनर को जब्त कर लिया गया और नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। आगे की जांच चल रही है।

कंटेनर के साथ 2,308 किलोग्राम अफीम का भूसा जब्त किया गया
28 और 29 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात एक पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर सीबीएन (मध्य प्रदेश इकाई) के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने मंदसौर जिले की तहसील मंदसौर के गांव इशाकपुर में एक ऑपरेशन चलाया। इस दौरान उन्होंने एक संदिग्ध फर्जी पंजीकरण संख्या वाले महिंद्रा पिकअप ट्रक और एक महिंद्रा बोलेरो गाड़ी को रोका। ऑपरेशन के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा गया, जबकि सीबीएन की एक दूसरी टीम द्वारा कुछ दूर तक पीछा किए जाने के बाद एक अन्य संदिग्ध बोलेरो गाड़ी छोड़कर भाग गया। दोनों वाहनों की गहन तलाशी लेने पर 416.560 किलोग्राम अवैध अफीम का भूसा (डोडाचूरा) बरामद किया गया, जो 22 प्लास्टिक की बोरियों में भरा हुआ था। इनमें से 17 बोरियां पिकअप ट्रक से और पांच बोरियां बोलेरो गाड़ी से मिलीं। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों वाहनों और बरामद नशीले पदार्थों को जब्त कर लिया गया। साथ ही नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। मामले की आगे की जांच चल रही है।

दो वाहनों के साथ 416.560 किलोग्राम अफीम का भूसा जब्त किया गया
28 अक्टूबर 2026 को एक पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर सीबीएन (मध्य प्रदेश यूनिट) के अधिकारियों की एक टीम ने फतेहगढ़-नायकखेड़ा-पिपलिया मंडी मार्ग पर मध्य प्रदेश में रजिस्टर्ड एक हुंडई ग्रैंड आई-10 कार और एक टीवीएस मोटरसाइकिल को रोका। खुफिया जानकारी से पता चला कि एक मोटरसाइकिल कार को रास्ता दिखा रही थी। इस कार के माध्यम से फतेहगढ़ फंटा से पिपलिया मंडी की ओर लगभग 50-60 किलोग्राम अफीम का भूसा ले जाए जाने का संदेह था। कार की गहन तलाशी लेने पर दो बोरियों में पैक किया गया 50.090 किलोग्राम अफीम का भूसा बरामद हुआ। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बरामद नशीले पदार्थों को हुंडई ग्रैंड आई-10 कार और टीवीएस मोटरसाइकिल को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट, 1985 के संबंधित प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया। इस मामले के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। आगे की जांच चल रही है।

दो वाहनों के साथ 50.090 किलोग्राम अफीम का भूसा जब्त किया गया
ये समन्वित प्रवर्तन अभियान नशीले पदार्थों की अवैध खेती, उत्पादन, अपने पास रखने और तस्करी पर रोक लगाने के प्रति सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (मध्य प्रदेश इकाई) की निरंतर सतर्कता और प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। सीबीएन नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने, नशीले पदार्थों की अवैध आवाजाही को रोकने, एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों को लागू करने और 'नशा मुक्त भारत' के राष्ट्रीय मिशन में योगदान देने के अपने प्रयासों में पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
***
पीके/केसी/आरटी/आरकेजे
(रिलीज़ आईडी: 2331064)
आगंतुक पटल : 22
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English