संचार मंत्रालय
सरकार ने चक्रवात अर्नब के दौरान दूरसंचार कनेक्टिविटी की निरंतरता सुनिश्चित की
प्रभावित जिलों में टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं के समन्वित प्रयासों से टेलीकॉम सेवाएं बहाल करने का काम चल रहा है
आंध्र प्रदेश के प्रभावित जिलों में इंट्रा-सर्कल रोमिंग शुरू कर दी गई है; कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए 11 'सेल्स ऑन व्हील्स' (पोर्टेबल या मोबाइल सेल टावर) तैनात किए गए हैं
प्रविष्टि तिथि:
30 OCT 2026 10:17PM by PIB Delhi
आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों पर चक्रवात अर्नब के आने के बाद दूरसंचार विभाग (डीओटी) ने दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) के साथ मिलकर कनेक्टिविटी बहाली के प्रयास शुरू कर दिए हैं। साथ ही, प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी संचार सेवाएं लगातार बनी रहें, यह सुनिश्चित करने के लिए दूरसंचार नेटवर्क की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है। भारी बारिश, अचानक आई बाढ़, पेड़ों के गिरने और बिजली के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने के कारण आंध्र प्रदेश, ओडिशा और आसपास के इलाकों में दूरसंचार सेवाएं प्रभावित हुईं।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा में नेटवर्क कनेक्टिविटी बहाल करने की दिशा में काफी प्रगति हुई है, जिसमें बिजली आपूर्ति की बाधाओं को दूर करने और ऑप्टिकल फाइबर कनेक्टिविटी को फिर से चालू करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। आमलोगों के लिए निर्बाध संचार की सुविधा और प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बहाली गतिविधियों का सहयोग करने के लिए आईसीआर और सीओडब्ल्यू की तैनाती सहित आपातकालीन कनेक्टिविटी व्यवस्था बनाए रखी जा रही है।
आंध्र प्रदेश में कुल टेलीकॉम नेटवर्क की उपलब्धता 99.18 प्रतिशत तक पहुंच गई है। प्रभावित जिलों में, नेटवर्क की उपलब्धता पश्चिम गोदावरी में 98.5 प्रतिशत और डॉ. बी. आर. अंबेडकर कोनासीमा में 91.96 प्रतिशत है। व्यावसायिक बिजली आपूर्ति में रुकावटें और स्थानीय स्तर पर ऑप्टिकल
फाइबर केबल (ओएफसी) का कट जाना नेटवर्क संचालन को प्रभावित करने वाले मुख्य कारक हैं। ग्राहकों के लिए कनेक्टिविटी की सुविधा के लिए प्रभावित जिलों में इंट्रा-सर्कल रोमिंग (आईसीआर) चालू है, चाहे वे किसी भी सेवा प्रदाता के हों। इसके अलावा आपातकालीन संचार सेवाओं को मजबूती प्रदान करने के लिए 11 'सेल ऑन व्हील्स' (सीओडब्ल्यू) तैनात किए गए हैं।
ओडिशा में चक्रवात अर्नब के बाद बारिश कम होने और बाढ़ का पानी घटने के साथ ही गंजाम, गजपति और कंधमाल जिलों में टेलीकॉम नेटवर्क की स्थिति धीरे-धीरे बेहतर हो रही है। टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स (टीएसपी) ने प्रभावित जगहों पर बहाली का काम शुरू कर दिया है, जिससे नेटवर्क कनेक्टिविटी में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और सर्विस में आने वाली रुकावटें कम हो रही हैं।
सभी टीएसपी प्राथमिकता के आधार पर लगातार प्रयास कर रहे हैं ताकि शेष प्रभावित स्थलों पर कनेक्टिविटी को बहाल किया जा सके, दूरसंचार सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य बनाया जा सके और जनता के लिए निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सके।
आईसीआर क्या है और इसका इस्तेमाल कैसे करें :
इंट्रा सर्कल रोमिंग (आईसीआर) एक दूरसंचार व्यवस्था है जहां एक मोबाइल ग्राहक उसी दूरसंचार सर्कल (क्षेत्र) के भीतर दूसरे ऑपरेटर (टीएसपी) के नेटवर्क से जुड़ता है। यह यूजर को मोबाइल सेवाओं का उपयोग करने की अनुमति देता है, भले ही उनके अपने ऑपरेटर (टीएसपी) के पास उस विशिष्ट क्षेत्र में कोई कवरेज न हो। प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जब मोबाइल इंफ्रास्ट्रक्चर क्षतिग्रस्त हो जाता है, तब यह एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
आपदा के समय यदि किसी क्षेत्र में मोबाइल इंफ्रास्ट्रक्चर क्षतिग्रस्त हो जाता है, तो डीओटी टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स को आईसीआर लागू करने का निर्देश देता है।
आईसीआर के काम को सुनिश्चित करने के लिए :
- अपने फोन की सेटिंग में ऑटोमैटिक नेटवर्क सिलेक्शन को इनेबल रखें
- यदि स्वचालित कनेक्शन विफल हो जाता है;
- सेटिंग्स > मोबाइल नेटवर्क > नेटवर्क ऑपरेटर पर जाएं
- मैन्युअल रूप से कोई दूसरा उपलब्ध नेटवर्क चुनें
- अधिक जानकारी के लिए डीओटी हैंडल को फॉलो करेंः -
*******
पीके/केसी/आरटी/आरकेजे
(रिलीज़ आईडी: 2330744)
आगंतुक पटल : 58