सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री द्वारा एलिम्को की समीक्षा एवं  अवलोकन

प्रविष्टि तिथि: 30 OCT 2026 5:20PM by PIB Delhi

भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के मुख्यालय का दौरा कर निगम में संचालित विभिन्न गतिविधियों तथा आधुनिकीकरण परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया और उनकी प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निगम के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की तथा दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले सहायक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का जायजा लिया।

इस अवसर पर एलिम्को के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री प्रवीण कुमार ने केंद्रीय मंत्री को निगम की आधुनिकीकरण परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों, तकनीकी उन्नयन, उत्पादन सुविधाओं के विकास तथा विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने आगामी वर्षों में निगम के निर्धारित लक्ष्यों और उनकी प्राप्ति के लिए तैयार की गई कार्ययोजना की भी जानकारी दी।

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के व्यक्तियों को एलिम्को से बहुत अपेक्षाएँ हैं। इन अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए निगम को उच्च गुणवत्ता वाले सहायक उपकरणों के निर्माण के साथ-साथ उत्पादों में निरंतर तकनीकी सुधार, नवाचार और आधुनिक सुविधाओं के समावेश पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि लाभार्थियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर उपकरण उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने कहा कि एलिम्को की आधुनिकीकरण परियोजना, निगम की उत्पादन क्षमता, आधारभूत संरचना और तकनीकी दक्षता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे भारत सरकार की दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के अनुरूप देश में आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण सहायक उपकरणों के निर्माण को प्रोत्साहित करने पर भी बल दिया।

अपने भ्रमण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने निगम में नवीन  तकनीक से स्थापित संयंत्रों एवं उत्पादन सुविधाओं का अवलोकन किया तथा उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आधुनिक तकनीक के उपयोग और उत्पादन व्यवस्था में किए जा रहे सुधारों की सराहना करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता, दक्षता और सेवा वितरण के स्तर को निरंतर बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्रीय मंत्री ने निगम परिसर स्थित एलिम्को प्रोस्थेटिक एवं ऑर्थोटिक केंद्र में भारत सरकार की एडिप योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना  के अंतर्गत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण भी वितरित किए।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री राकेश सचान तथा बिल्हौर के विधायक श्री राहुल बच्चा सोनकर भी उपस्थित अतिथियों ने निगम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश भी दिया।कार्यक्रम में एलिम्को के महाप्रबंधक (वित्त) श्री अतुल रुस्तगी, महाप्रबंधक (कार्मिक एवं प्रशासन) श्री संजीब अरोरा, महाप्रबंधक (उत्पादन) श्री आलोक ठाकुर, महाप्रबंधक (मार्केटिंग) श्री शशि त्रिपाठी सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


*****

के. वी. / एच.के.


(रिलीज़ आईडी: 2330474) आगंतुक पटल : 96