भारी उद्योग मंत्रालय
भारी उद्योग मंत्रालय और इसके केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई) एवं स्वायत्त निकायों (एबी) ने स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) 2026 और विशेष अभियान 6 का आयोजन किया
प्रविष्टि तिथि:
28 OCT 2026 6:23PM by PIB Delhi
भारी उद्योग मंत्रालय (एमएचआई) ने अपने केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई) और स्वायत्त निकायों (एबी) के साथ मिलकर, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएस) तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) के संयुक्त तत्वावधान में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित राष्ट्रव्यापी स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस)-2026 अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस वर्ष की थीम, “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत”, स्वच्छता, सततता और जागरूकता को बढ़ावा देने में सामूहिक भागीदारी के महत्त्व को रेखांकित करती है।
भारी उद्योग मंत्रालय ने अपने केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों और स्वायत्त निकायों के साथ मिलकर स्वच्छ, सतत और प्रगतिशील राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया है। अभियान के तहत, 81 स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों (सीटीयू) को चिन्हित कर उनका कायाकल्प किया गया और 85 सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई। जागरूकता बढ़ाने और व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए, स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान के तहत मंत्रालय तथा इसके केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों और स्वायत्त निकायों द्वारा की गई महत्वपूर्ण गतिविधियों को उजागर करते हुए एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर 286 ट्वीट पोस्ट किए गए।
भारी उद्योग मंत्रालय अपने केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों और स्वायत्त निकायों के साथ 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक लंबित मामलों के निपटान के लिए विशेष अभियान 6 (एससीडीपीएम 6) में भी सक्रिय रूप से भाग ले रहा है।
27 अक्टूबर, 2026 तक विशेष अभियान 6 के कार्यान्वयन चरण के दौरान प्राप्त प्रमुख लक्ष्यों का विवरण निम्नलिखित है:
- कार्यालय परिसरों और औद्योगिक इकाइयों में 1,424 स्वच्छता अभियान चलाए गए
- रद्दी के निपटान से 47,97,239 वर्ग फुट जगह खाली कराई गई
- 34,440 भौतिक फाइलों की समीक्षा की गई और 25,899 भौतिक फाइलों को हटाया गया
- 1,02,144 ई-फाइलों की समीक्षा की गई और 93,606 ई-फाइलें पूर्ण की गईं
- 3,839 ई-कचरा वस्तुओं को एकत्र किया गया, वर्गीकृत किया गया और उनका निपटान किया गया
स्वच्छता ही सेवा–2026 के तहत, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पौधारोपण अभियान के माध्यम से माताओं के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण की भावना को एक साथ जोड़ा। एचपीईपी हैदराबाद में आयोजित गांधी जयंती और शास्त्री जयंती समारोहों के अवसर पर पौधारोपण, स्वच्छता शपथ और पदयात्रा का आयोजन किया गया। एचईपी भोपाल के पिपलानी टाउनशिप क्षेत्र में 2 एकड़ भूमि पर 1,440 पौधे लगाए गए।

बीएचईएल ने हैदराबाद स्थित एचपीईपी और भोपाल स्थित एचईपी में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पौधारोपण अभियान आयोजित किया
सीमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (सीसीआईएल) राजबन ने राजबन प्राथमिक विद्यालय में स्वच्छता, कचरे के पृथक्करण और प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने के बारे में जागरूकता सत्र आयोजित किया। राजबन प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वच्छता की शपथ भी ली।

सीसीआईएल राजबन ने राजबन प्राथमिक विद्यालय में जागरूकता सत्र आयोजित किया
राष्ट्रीय ऑटोमोटिव बोर्ड (एनएबी) ने मानेसर, गुरुग्राम के एक स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता और सामूहिक चर्चा आयोजित की। साथ ही, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण अभियान भी आयोजित किया गया।


स्वच्छ सार्वजनिक स्थल पहल के तहत एचएमटी मशीन टूल्स लिमिटेड ने अजमेर में स्वच्छता अभियान चलाए। इसके साथ ही, पर्यावरणीय स्थिरता तथा स्वच्छ और हरित भविष्य को बढ़ावा देने के लिए बेंगलुरु के जलहल्ली स्थित एचएमटी टाउनशिप में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण अभियान चलाया गया।

एचएमटी लिमिटेड ने बेंगलुरु के जलहल्ली स्थित एचएमटी टाउनशिप में पौधारोपण अभियान चलाए
ब्रिज एंड रूफ कंपनी लिमिटेड (बी एंड आर) ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित रशॅल स्ट्रीट और हावड़ा के जी.टी. रोड पर स्वच्छता अभियान आयोजित किए। साथ ही, पश्चिम बंगाल के हावड़ा वर्क्स और गुजरात के वडीनार में स्वास्थ्य जांच शिविर और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए, जिससे स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा मिला।

बी एंड आर ने मेघालय में शिलांग स्थित मावडियांगडियांग में स्वच्छता लक्ष्य इकाई (सीटीयू) का कायाकल्प किया
स्वच्छता ही सेवा-2026 और विशेष अभियान 6, दोनों में भारी उद्योग मंत्रालय तथा इसके केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों और स्वायत्त निकायों ने सक्रिय और उत्साहपूर्ण भागीदारी की। इससे स्वच्छ और हरित भारत की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को बल मिला। इस अभियान ने सतत कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देने और स्वच्छ भारत–विकसित भारत के विज़न को आगे बढ़ाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दोहराया।
***
पीके/केसी/आरटी/पीके/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2329747)
आगंतुक पटल : 43