औषधि विभाग
हिंदी के प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए औषध विभाग में मनाया गया हिंदी प्रयोग-प्रोत्साहन पखवाड़ा
विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं से अधिकारियों और कर्मचारियों की रचनात्मक प्रतिभा को मिला मंच
प्रविष्टि तिथि:
01 OCT 2026 2:13PM by PIB Delhi

राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग को प्रोत्साहित करने और सरकारी कामकाज में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से औषध विभाग में 14 सितंबर से 29 सितंबर, 2026 तक हिंदी प्रयोग-प्रोत्साहन पखवाड़े का आयोजन किया गया। पखवाड़े का आयोजन राजभाषा नीति के सुचारु अनुपालन को सुनिश्चित करने के साथ-साथ विभाग में कार्यरत सभी नियमित एवं संविदात्मक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करने, रुचि एवं सहभागिता को बढ़ाने के लिए किया गया।

इस दौरान विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिससे प्रतिभागियों को हिंदी भाषा में अपनी अभिव्यक्ति, रचनात्मकता, लेखन क्षमता तथा भाषा-कौशल को प्रदर्शित करने का मंच मिला।
पखवाड़े के अंतर्गत हिंदी निबंध, हिंदी श्रुतलेखन, हिंदी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन, हिंदी अनुवाद, हिंदी सामान्य ज्ञान, हिंदी वाद-विवाद तथा हिंदी कविता पाठ जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनके माध्यम से प्रतिभागियों ने, विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रकट किए। हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए, जबकि कविता पाठ के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता एवं काव्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इन प्रतियोगिताओं में विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। इन गतिविधियों ने विभाग में हिंदी के प्रति रुचि और सहभागिता को बढ़ावा देने में योगदान दिया तथा राजभाषा हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में विभाग की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
*****
PC/PM
(रिलीज़ आईडी: 2317556)
आगंतुक पटल : 57