रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय : उर्वरक विभाग
उर्वरक विभाग ने आगामी 'विशेष अभियान 6' की रूपरेखा की तैयार; फील्ड कार्यालयों में स्वच्छता और ई-कचरा प्रबंधन को दिया जाएगा बढ़ावा
2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता और लंबित मामलों के निपटारे पर रहेगा विशेष जोर
प्रविष्टि तिथि:
23 SEP 2026 5:59PM by PIB Delhi
भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (DARPG) ने सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को संस्थागत रूप देने और लंबित मामलों को कम करने के उद्देश्य से 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान 6 के आयोजन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को व्यापक स्तर पर लागू करना, कार्यालयों की साफ-सफाई में सुधार करना और आम लोगों के लिए सरकारी कार्यालयों के अनुभव को बेहतर बनाना है। अभियान में “ई-कचरे का प्रभावी संग्रह, पृथक्करण और निपटान” पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उर्वरक विभाग, उसके संबद्ध कार्यालयों और उर्वरक क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रमों ने 1 सितंबर से 15 सितंबर 2026 तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया। इस दौरान 1 सितंबर 2025 को सचिव के नेतृत्व में स्वच्छता शपथ दिलाई गई, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इसके अलावा, 10 सितंबर 2026 को शास्त्री भवन स्थित कार्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान किया गया। 14 सितंबर 2026 को स्वच्छता और एकल-उपयोग प्लास्टिक के उन्मूलन के विषयों पर द्विभाषी निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
वर्तमान में उर्वरक विभाग, उसके संबद्ध कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों, संयुक्त उपक्रमों, सोसाइटियों और उर्वरक कंपनियों में स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान 2026 भी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। यह अभियान जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल और स्वच्छता विभाग (DDWS) तथा आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) के शहरी विकास विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित किया जा रहा है। सभी उर्वरक कंपनियों को इस संबंध में जागरूक किया गया है। 22 सितंबर 2026 को वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार, उर्वरक विभाग की अध्यक्षता में उर्वरक कंपनियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में अभियान के विषयों और निर्धारित गतिविधियों की जानकारी दी गई तथा “कबाड़ से कला”, “खेल एवं खेल भावना” और “ज्ञान यात्रा” जैसी प्रमुख पहलों पर विशेष जोर दिया गया।
विशेष अभियान 6 का आयोजन उर्वरक विभाग, उसके संबद्ध कार्यालयों और सभी उर्वरक सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। अभियान के लिए सभी उर्वरक सार्वजनिक उपक्रमों, संबद्ध कार्यालयों और विभाग के प्रभागों को तैयार रहने के लिए निर्देशित किया गया है। अभियान के अंतर्गत अभियान स्थलों की पहचान और ई-कचरे से संबंधित जानकारी संकलित की जा रही है।
इस अभियान के दौरान उर्वरक विभाग और उसके सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा पुरानी फाइलों और ई-फाइलों की समीक्षा एवं रिकॉर्ड रिटेंशन शेड्यूल के अनुसार अनुपयोगी फाइलों को हटाने, लोक शिकायतों तथा वीआईपी/सांसदों से प्राप्त संदर्भों के निपटारे, रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण, ई-कचरे और कबाड़ सामग्री के निपटारे की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे कार्यालयों की कार्यक्षमता बढ़ाने और उपलब्ध स्थान के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी।
विशेष अभियान 6 की प्रगति की निगरानी DARPG द्वारा समर्पित पोर्टल www.scdpm.gov.in पर की जाएगी। उर्वरक विभाग द्वारा अभियान की प्रगति से संबंधित जानकारी नियमित रूप से SCDPM पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
***
नीरज कुमार भट्ट/शत्रुघ्न प्रसाद
cmc.fertilizers[at]gmail[dot]com
(रिलीज़ आईडी: 2314058)
आगंतुक पटल : 156