वित्त मंत्रालय
वित्तीय सेवाएं विभाग के प्रशासनिक नियंत्रणाधीन संस्थान/संगठन राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए विभिन्न श्रेणियों में वर्ष 2025-26 के ‘राजभाषा कीर्ति’ पुरस्कार से सम्मानित
प्रविष्टि तिथि:
15 SEP 2026 4:57PM by PIB Delhi
राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय द्वारा माननीय गृह एवं सहकारिता मंत्री, श्री अमित शाह जी की अध्यक्षता में दिनांक 14-15 सितंबर 2026 को सिडको एग्जिबिशन सेंटर, वाशी, नवी मुंबई में आयोजित किए जा रहे हिंदी दिवस एवं छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के दौरान राजभाषा के क्षेत्र में वर्ष 2025-26 के दौरान उत्कृष्ट कार्यान्वयन एवं नवोन्मेषी उपलब्धियों के लिए वित्तीय सेवाएं विभाग के प्रशासनिक नियंत्रणाधीन कार्यालयों का प्रदर्शन प्रशंसनीय रहा|विनियामक संगठन में भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण को ‘राजभाषा कीर्ति’ के अंतर्गत ‘ग’ क्षेत्र के लिए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसी क्रम में राष्ट्रीयकृत बैंक/वित्तीय संस्थानो के 800 से कम कार्मिक वाले मुख्यालय में, इंडियन ओवरसीज बैंक को प्रथम, इंडियन बैंक को द्वितीय और राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही, राष्ट्रीयकृत बैंक 800 से अधिक कार्मिक वाले मुख्यालय में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को प्रथम, बैंक ऑफ बड़ौदा को द्वितीय तथा बैंक ऑफ इंडिया को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अलावा, गृह पत्रिकाओं के लिए राजभाषा कीर्ति पुरस्कार योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत ‘क’क्षेत्र के अंतर्गत पंजाब नैशनल बैंक की पत्रिका ‘पीएनबी प्रतिभा’ को प्रथम, ‘ख’ क्षेत्र के अंतर्गत यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की पत्रिका ‘यूनियन सृजन’को प्रथम तथा ‘ग’ क्षेत्र के अंतर्गत केनरा बैंक की पत्रिका ‘केनरा ज्योति’ को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त बैंकों द्वारा संचालित दिल्ली, हैदराबाद तथा पणजी के नगर राजभाषा कार्यान्वयनसमितियों को भी राजभाषा कीर्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
इस सम्मेलन में देश-भर से राजभाषा के क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न मंत्रालयों/ विभागों के प्रशासनिक नियंत्रणाधीन संस्थानों/संगठनों के शीर्ष प्रतिनिधियों ने भाग लिया। राजभाषा विभाग द्वारा प्रदान किया गया यह पुरस्कार वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीयकृत बैंक/वित्तीय संस्थान/विनियामक संगठनों में राजभाषा का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करने, हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी पत्रिकाओं के क्षेत्र में किए गए अभिनव एवं रचनात्मक प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
***
SR/AD
(रिलीज़ आईडी: 2310494)
आगंतुक पटल : 196