राज्यसभा सचिवालय
प्रेस नोट
प्रविष्टि तिथि:
14 SEP 2026 6:42PM by PIB Delhi
राज्य सभा सचिवालय द्वारा हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 14 से 28 सितंबर, 2026 तक हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ 14 सितंबर, 2026 को हिंदी निबंध एवं सामान्य हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता तथा हिंदी अनुवाद एवं सामान्य हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता के आयोजन के साथ हुआ। इन प्रतियोगिताओं में सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा हिंदी के प्रति अपनी रुचि और अनुराग का परिचय दिया। पखवाड़े के आगामी कार्यक्रमों के अंतर्गत कम्प्यूटर पर हिंदी टंकण प्रतियोगिता, सुलेख एवं शुद्ध लेखन प्रतियोगिता, हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा हिंदी काव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को हिंदी भाषा के विभिन्न आयामों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राजभाषा हिंदी के प्रति अपने जुड़ाव को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलेगा। राज्य सभा सचिवालय का राजभाषा अनुभाग प्रत्येक वर्ष हिंदी पखवाड़े का आयोजन करता है। इसका उद्देश्य सचिवालय में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना, अधिकारियों और कर्मचारियों में हिंदी के प्रति अभिरुचि का संवर्धन करना तथा उन्हें हिंदी में कार्यालयी कार्य करने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर संयुक्त सचिव (संपादन एवं अनुवाद) श्री महेन्द्र सिंह ने सचिवालय के कार्यालयी कामकाज में हिंदी के प्रयोग में हो रही उत्तरोत्तर वृद्धि की सराहना करते हुए कहा कि हिंदी पखवाड़ा केवल प्रतियोगिताओं के आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कार्यालयी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए अनुकूल वातावरण निर्मित करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर हिंदी के प्रति अपने लगाव तथा राजभाषा के प्रति अपने सम्मान को अभिव्यक्त करें।
हिंदी पखवाड़े का समापन पुरस्कार वितरण समारोह तथा राज्य सभा सचिवालय की वार्षिक गृह पत्रिका ' नूतन प्रतिबिंब' के 21वें अंक के लोकार्पण के साथ किया जाएगा।

****
आरकेके
(रिलीज़ आईडी: 2310198)
आगंतुक पटल : 119