रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रक्षा राज्य मंत्री द्वारा रक्षा मंत्रालय की गृह पत्रिका ‘सशक्त भारत’ के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ विशेषांक का विमोचन

प्रविष्टि तिथि: 13 AUG 2026 11:29AM by PIB Delhi

रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने 13 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में रक्षा मंत्रालय की गृह पत्रिका ‘सशक्त भारत’ के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ विशेषांक का विमोचन किया । इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक, भाषायी और भौगोलिक विविधता विश्व में अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि विभिन्न परंपराओं, जीवन-शैलियों एवं आस्थाओं के बावजूद हमारा देश सदैव एकता और समरसता की भावना से जुड़ा रहा है और अनेकता में एकता की यही भावना भारत की पहचान एवं सबसे बड़ी शक्ति है।

‘सशक्त भारत’ पत्रिका का नवीनतम अंक ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की व्यापक भावना को समर्पित है। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों - उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक - भारत की भौगोलिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विविधता को रचनात्मक दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है। इस विशेषांक के विमोचन के अवसर पर रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

‘सशक्त भारत’ गृह पत्रिका रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रचनात्मक प्रतिभा, साहित्यिक अभिरुचि और विचारों को अभिव्यक्ति देने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है। राजभाषा प्रभाग, रक्षा मंत्रालय द्वारा प्रकाशित इस पत्रिका में अधिकारी एवं कर्मचारी लेख, कविताएँ, कहानियाँ, यात्रा-वृत्तांत और विभिन्न विषयों पर आधारित रचनाओं के माध्यम से अपने अनुभवों एवं विचारों को साझा करते हैं।

*****

वीके/असएचके


(रिलीज़ आईडी: 2298745) आगंतुक पटल : 917