सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
वर्ष 2011 की जनगणना में अनुसूचित जातियों की जाति-वार जनसंख्या के आंकड़े उपलब्ध हैं; केंद्र सरकार की सेवाओं में अनुसूचित जातियों का कुल प्रतिनिधित्व 17.14%
अनुसूचित जातियों के जाति-वार सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक, रोजगार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर राष्ट्रीय सर्वेक्षण के लिए कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं
प्रविष्टि तिथि:
07 AUG 2026 7:29PM by PIB Delhi
सरकार ने लोकसभा को सूचित किया है कि भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त के कार्यालय द्वारा आयोजित 2011 की जनगणना से विभिन्न अनुसूचित जातियों की जाति-वार जनसंख्या के आंकड़े उपलब्ध हैं। इसके साथ ही राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाली अनुसूचित जाति की जनसंख्या के जाति-वार आंकड़े उपलब्ध हैं।
यह जानकारी भारत की जनगणना के पोर्टल पर उपलब्ध है। सदन को यह भी बताया गया कि अठारहवीं लोकसभा में अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों की राज्य/केंद्र शासित प्रदेश-वार संख्या भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री श्री रामदास अठावले ने लोकसभा में श्री तारिक अनवर के प्रश्न के लिखित उत्तर में ये विवरण उपलब्ध कराए।

लिखित उत्तर में यह भी कहा गया है कि कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी नीतिगत निर्देशों के अनुसार, केंद्र सरकार के अंतर्गत पदों और सेवाओं में अनुसूचित जातियों के लिए 15 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है।
केंद्र सरकार की सेवाओं में 1 जनवरी 2026 तक, अनुसूचित जातियों का कुल प्रतिनिधित्व 17.14 प्रतिशत था, जो निर्धारित आरक्षण प्रतिशत से अधिक प्रतिनिधित्व को दर्शाता है। यद्यपि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि अनुसूचित जाति श्रेणी के भीतर जाति-वार प्रतिनिधित्व का डेटा केंद्रीय स्तर पर नहीं रखा जाता है।
अनुसूचित जातियों के जाति-वार सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक, रोजगार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर राष्ट्रीय स्तर के सर्वेक्षण के आयोजन से संबंधित प्रश्न के एक अन्य हिस्से के उत्तर में, मंत्री ने सदन को सूचित किया कि सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग में फिलहाल ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
*******
पीके/केसी/पीके/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2296378)
आगंतुक पटल : 109