सहकारिता मंत्रालय
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के नवनिर्मित ‘सहकार भवन’ का वर्चुअल लोकार्पण किया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय ने देश के सहकारी आंदोलन को नई ऊर्जा और गति प्रदान की है—श्री अमित शाह
आधुनिक तकनीक और रिजर्व बैंक तथा नाबार्ड के मानकों के अनुरूप निर्मित ‘सहकार भवन’ जामनगर एवं देवभूमि द्वारका के किसानों की आर्थिक आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा
लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भवन में प्रशिक्षण केन्द्र, किसान छात्रावास, आधुनिक सम्मेलन कक्ष और सुरक्षित लॉकर सहित अनेक अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध
₹135 करोड़ की जमा, ₹780 करोड़ का ऋण वितरण, ₹24 करोड़ का लाभ और शून्य एनपीए जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक की बड़ी उपलब्धि—श्री अमित शाह
40 शाखाओं, 431 सेवा सहकारी मंडलियों और 652 दुग्ध उत्पादक मंडलियों से जुड़ा बैंक सहकारिता को गांव-गांव तक मजबूत करेगा
दो लाख नई पैक्स व दुग्ध सहकारी समितियां और पैक्स में 20 से अधिक नए व्यवसाय ग्रामीण समृद्धि का आधार बनेंगे—श्री अमित शाह
प्रविष्टि तिथि:
28 JUL 2026 8:55PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए और केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में देश के सहकारी बैंकिंग तंत्र को आधुनिक, पारदर्शी और किसान-केन्द्रित बनाने की दिशा में आज एक और महत्वपूर्ण पहल हुई। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने गुजरात के जामनगर में जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के नवनिर्मित मुख्यालय ‘सहकार भवन’ का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह नया मुख्यालय जामनगर और देवभूमि द्वारका जिलों के किसानों, सेवा सहकारी मंडलियों तथा दुग्ध सहकारी संस्थाओं की वित्तीय एवं संस्थागत आवश्यकताओं की पूर्ति करेगा।
इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्रभाई पटेल, गुजरात सरकार के सहकारिता मंत्री श्री जीतूभाई वाघाणी, गुजरात सरकार में कैबिनेट मंत्री श्री अर्जुनभाई मोढवाडिया, श्री राघवजीभाई पटेल, श्री मुलुभाई बेरा, जामनगर सांसद श्रीमती पूनमबेन माडम, राज्य मंत्री एवं उत्तर जामनगर विधायक श्रीमती रिवाबा जडेजा तथा गुजरात स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन श्री अजयभाई पटेल, जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन श्री जीतूभाई लाल सहित जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के निदेशकगण, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कृषि उपज मंडी समितियों और जिला सहकारी संघों के अध्यक्ष, जामनगर दुग्ध संघ के पदाधिकारी, सहकारी अर्बन बैंकों के चेयरमैन, सेवा सहकारी मंडलियों के प्रतिनिधि, अनेक जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान भाई-बहन भी उपस्थित रहे अथवा वर्चुअल रूप से कार्यक्रम से जुड़े।
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन, बैंक के सभी निदेशकों, सेवा सहकारी मंडलियों के पदाधिकारियों और किसानों को नवनिर्मित मुख्यालय के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि सहकारिता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए उसका आधुनिकीकरण आवश्यक है और इसकी शुरुआत संस्थाओं के मुख्यालयों तथा उनकी कार्यप्रणाली के आधुनिकीकरण से होती है।
श्री अमित शाह ने कहा कि जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक का नया मुख्यालय रिजर्व बैंक और नाबार्ड के सभी मानकों के अनुरूप तथा अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित है। यह मुख्यालय जामनगर जिले के किसानों, सेवा सहकारी मंडलियों और अन्य सहकारी संस्थाओं को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि वर्ष 1969 में केवल ढाई लाख रुपये की छोटी-सी पूंजी से शुरू हुआ जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक आज 215 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सेवा सहकारी मंडलियों और दुग्ध मंडलियों के कार्यक्षेत्र के विस्तार के साथ यह बैंक पूरे जिले के सहकारी क्षेत्र की आर्थिक आवश्यकताओं की पूर्ति करने वाली प्रमुख संस्था के रूप में और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
श्री अमित शाह ने बताया कि लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह आधुनिक मुख्यालय 25 हजार वर्गफुट भूमि पर बनाया गया है और इसमें लगभग 47 हजार वर्गफुट का कार्यक्षेत्र उपलब्ध है। इस भवन की संरचना अगले 15 वर्षों तक बैंक की संभावित आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर की गई है। भवन में प्रशिक्षण केन्द्र, किसान छात्रावास, आधुनिक कॉन्फ्रेंस रूम, सम्मेलन कक्ष, सुरक्षित लॉकर सुविधा और भोजन सहित विभिन्न सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि यह भवन जामनगर और देवभूमि द्वारका, दोनों जिलों के किसानों के लिए एक ऊर्जाकेन्द्र के रूप में कार्य करेगा। भवन में स्थापित 200 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र इसे ग्रीन बिल्डिंग के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि बैंक में लगभग 135 करोड़ रुपये की कुल जमा राशि है। बैंक द्वारा कुल 780 करोड़ रुपये का ऋण वितरण किया गया है, बैंक ने 24 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है और उसका सकल एनपीए शून्य है। उन्होंने इसे बैंक के कुशल प्रबंधन और सहकारी मूल्यों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।
श्री अमित शाह ने कहा कि 40 शाखाओं के माध्यम से संचालित यह बैंक नए मुख्यालय की सहायता से आने वाले दिनों में जामनगर जिले के गांव-गांव तक अपनी पहुंच बढ़ाएगा। बैंक के साथ 431 सेवा सहकारी मंडलियां, छह दुग्ध संघ और 652 दुग्ध उत्पादक मंडलियां जुड़ी हैं तथा बैंक लगभग डेढ़ लाख से अधिक सहकारी सदस्यों को सेवाएं प्रदान कर रहा है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने अलग सहकारिता मंत्रालय की स्थापना कर देश के सहकारी आंदोलन को नई ऊर्जा और नई गति देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि दो लाख से अधिक नई प्राथमिक कृषि ऋण समितियों और दुग्ध सहकारी समितियों की स्थापना, पैक्स में 20 से अधिक नए व्यावसायिक कार्यों को जोड़ने, सहकारी संस्थाओं की ऑडिट व्यवस्था को ऑनलाइन करने और विभिन्न सहकारी संस्थाओं को आपस में जोड़ने जैसी पहलें आने वाले समय में देश के किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
श्री अमित शाह ने कहा कि वे भविष्य में जामनगर की यात्रा के दौरान जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के इस नए मुख्यालय का दौरा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अपनी जामनगर यात्रा के दौरान वे जिले की सेवा सहकारी मंडलियों और दुग्ध मंडलियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सहकारी क्षेत्र के विस्तार और किसानों की समृद्धि से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जामनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक आने वाले दिनों में और अधिक मजबूत होगा तथा गांव-गांव तक नागरिकों, किसानों और सहकारी संस्थाओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करेगा।
*****
AK
(रिलीज़ आईडी: 2290781)
आगंतुक पटल : 147
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English