विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

टिप्पण लेखन की विधि” पर हिन्दी कार्यशाला

प्रविष्टि तिथि: 19 JUN 2026 1:26PM by PIB Delhi

सीएसआईआर–संरचनात्मक अभियांत्रिकी अनुसंधान केन्द्र (सीएसआईआर-एसईआरसी) एवं सीएसआईआर मद्रास कॉम्प्लेक्स के संयुक्त तत्वावधान में 17 जून 2026 को विज्ञान ऑडिटोरियम के सेमिनार हॉल में “टिप्पण लेखन की विधि” विषय पर हिन्दी कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ डॉ. आशा जी. नायर, हिन्दी अधिकारी द्वारा स्वागत भाषण से हुआ।  इस अवसर पर डॉ. अमर प्रकाश, वैज्ञानिक-जी एवं उपाध्यक्ष, राजभाषा कार्यान्वयन समिति ने मुख्य वक्ता श्रीमती बेल्ला का शॉल भेंट कर उनका स्वागत किया तथा राजभाषा हिन्दी के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के महत्व पर बल दिया।

कार्यशाला की मुख्य वक्ता श्रीमती बेल्ला, उप निदेशक एवं कार्यालयाध्यक्ष, हिन्दी शिक्षण योजना (दक्षिण क्षेत्र) थीं। उन्होंने टिप्पण लेखन की प्रक्रिया, प्रशासनिक शब्दावली के उचित प्रयोग तथा प्रभावी कार्यालयीन लेखन के विभिन्न पहलुओं पर व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। उदाहरणों एवं अभ्यासों के माध्यम से उन्होंने विषय को सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यशाला में सीएसआईआर-एसईआरसी एवं सीएसआईआर मद्रास कॉम्प्लेक्स के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संवादात्मक एवं सहभागितापूर्ण सत्र में प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से प्रश्न पूछे तथा विषय से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।

कार्यक्रम के अंत में श्री नितिन खंडेलवाल, वैज्ञानिक-डी, एफएफएल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। कार्यशाला का समापन सफलतापूर्वक हुआ।

*****

NKR/AK


(रिलीज़ आईडी: 2275075) आगंतुक पटल : 208