गृह मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज गुजरात के अहमदाबाद में माता उमिया धाम परिसर में नवनिर्मित हॉस्टल भवन का लोकार्पण किया


पूरे गुजरात के शिक्षण संस्थानों के सभी विद्यार्थियों को मिला विश्वसनीय, आधुनिक और सुविधासंपन्न छात्रावास

गुजरात के विकास में पाटीदार समाज का अप्रतिम योगदान है, गुजरात से लेकर गंगासागर तक अपनी मेहनत और देशभक्ति का लोहा मनवाया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में बंगाल में परिवर्तन हुआ, गंगासागर से गंगोत्री तक, देश के 80% भूभाग पर अब हमारी पार्टी की सरकार

मोदी जी के नेतृत्व में नक्सलवाद का पूर्ण अंत हुआ, आंतरिक सुरक्षा के तीनों हॉटस्पॉट में शांति आई

पहले बंगाल में रोज बड़ी संख्या में आते थे घुसपैठिए, अब हमारी सरकार में रोज बड़ी संख्या में वापस जा रहे

मोदी जी के नेतृत्व में बनी डेमोग्राफी चेंज पर कमिटी, एक साल के भीतर बताएगी Unnatural Demographic Change के कारण और निवारण

विपक्षी दलों ने किया SIR का विरोध, पर सुप्रीम कोर्ट ने भी माना -  SIR पूरी तरह संवैधानिक है

बंगाल चुनाव में जनता ने दिखा दिया वह SIR के साथ है, देश में घुसपैठ अब नहीं चलेगी

देश का भविष्य तय करने का अधिकार सिर्फ़ देश के नागरिकों को है, घुसपैठियों को बाहर जाना ही होगा

प्रविष्टि तिथि: 28 MAY 2026 8:52PM by PIB Delhi

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज गुजरात के अहमदाबाद में माता उमिया धाम परिसर में नवनिर्मित हॉस्टल भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि आज यहां श्री जे एस पटेल छात्रावास का लोकार्पण हो रहा है। लगभग 104 करोड़ रूपए की लागत से 13 मंज़िली भव्य और आधुनिक इमारत में 1600 विद्यार्थियों को माँ उमिया के सान्निध्य में अभ्यास की आधुनिक व्यवस्था मिलेगी। इस आधुनिक व्यवस्था से पूरे गुजरात के शिक्षा संस्थानों के सभी बच्चों के लिए एक विश्वसनीय और आधारभूत संरचनावाला आधुनिक छात्रालय उपलब्ध हुआ है।

श्री अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद 75 वर्षों में गुजरात के पाटीदार समाज ने जो प्रगति की है उसका भारत में कहीं कोई जोड़ नहीं है। उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद गुजरात और पाटीदार समाज का विकास समानान्तर रूप से हुआ है। गुजरात के विकास में पाटीदार समाज के विकास का बहुत बड़ा योगदान है। अगर हमें त्याग, तपस्या, पारदर्शिता, प्रामाणिकता, पुरुषार्थ और देशभक्ति को एक साथ ढूँढ़ना हो तो पाटीदार समाज में यह सब गुण मिल जाएंगे। कृषि, शिक्षा, टेक्सटाईल, सिरेमिक्स, डायमंड, फार्मास्युटिकल्स और रियल एस्टेट सहित कई क्षेत्रों में एक प्रकार से पाटीदार समाज ने अपना दबदबा कायम किया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि समावेशी विचार के कारण देशभर में पाटीदार समाज को पहुँचने में भी देर नहीं लगी, न ही स्वीकृति पाने में देर लगी। उन्होंने कहा कि पाटीदार समाज के लोग जिस क्षेत्र में भी गए उस क्षेत्र का नेतृत्व भी किया। उन्होंने कहा कि सादगी और समावेशी विचार पाटीदार समाज की पहचान हैं और इन विशेषताओं का अभ्यास करना चाहिए और दूसरे समाज के लिए मॉडल बनने की जिम्मेदारी भी हमारी है।

श्री अमित शाह ने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में बंगाल में बड़ा परिवर्तन करने का काम वहां की जनता ने किया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में परिवर्तन आने के साथ ही गंगासागर से लेकर गंगोत्री तक के भारत के पूरे भूभाग पर हमारी पार्टी की सरकारें चुनने का काम देश की जनता ने किया है। आज इस देश के 80 प्रतिशत भूभाग पर हमारी पार्टी की सरकारों का शासन है। श्री शाह ने कहा कि हमारी पार्टी की सरकारें बनने के साथ ही देश में परिवर्तन की भी शुरूआत हुई है। पूरे देश में आर्थिक परिवर्तन तो हुआ ही है, देश की सुरक्षा की दिशा में भी आमूलचूल परिवर्तन हुआ है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा की दृष्टि से आतंकवाद और नक्सलवाद को दस वर्ष के कम समय में प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में समाप्त करने का काम हुआ है। पाँच दशक से देश के लिए नासूर बने हुए नक्सलवाद को 31 मार्च, 2026 तक समाप्त करने का काम हमारी सरकार ने किया है। बंगाल में अभी हाल ही में हमारी सरकार बनी है और पहले जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में घुसपैठ होती थी, अब प्रतिदिन बड़ी संख्या में घुसपैठिए वापस जा रहे है। श्री शाह ने कहा कि हाल ही में मोदी सरकार द्वारा घोषित high-level committee on demographic changes को भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने बनाया है। यह डेमोग्राफिक चेन्ज मिशन जनसंख्या में होने वाले अप्राकृतिक बदलाव का अध्य्यन करेगा, उसके कारण ढूंढेगा और उसके समाधान के लिए उपाय भी सुझाएगा।

श्री अमित शाह ने कहा कि जब चुनाव आयोग ने SIR शुरू किया तब देशभर में विपक्षी पार्टियों ने इसके खिलाफ अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि बंगाल के चुनाव में बंगाल की जनता ने दिखा दिया कि वो SIR के साथ है और देश में घुसपैठ नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने निर्णय दिया है कि SIR संवैधानिक रूप से पूर्णतया ठीक है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का मानना है कि इस देश में देश का भविष्य तय करने का अधिकार केवल देश के नागरिकों का होना चाहिए न कि देश में अवैध रुप से आने वाले घुसपैठियों का।

****

आरके / आरआर / पीआर


(रिलीज़ आईडी: 2266411) आगंतुक पटल : 201
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English