ग्रामीण विकास मंत्रालय
सिलीगुड़ी में आयोजित 19वें रोजगार मेले में 82 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र
ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान ने युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया
प्रधानमंत्री के “नागरिक देवो भवः” मंत्र के साथ राष्ट्र सेवा का आह्वान
देशभर के 47 स्थानों पर 51 हजार से अधिक युवाओं को मिला रोजगार अवसर
प्रविष्टि तिथि:
23 MAY 2026 3:31PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित 19वें रोजगार मेले के अंतर्गत सिलीगुड़ी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री, भारत सरकार श्री कमलेश पासवान ने नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

सिलीगुड़ी में आयोजित इस रोजगार मेले में कुल 82 अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें भारत सरकार के भारतीय रेल, डाक विभाग, रक्षा विभाग, वित्तीय सेवा विभाग तथा भारतीय खाद्य निगम (FCI) के पद शामिल हैं। देशभर में आयोजित इस रोजगार मेले के माध्यम से 51 हजार से अधिक युवाओं को केंद्र सरकार की सेवाओं से जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ।
U41D.jpeg)
इस अवसर पर श्री कमलेश पासवान ने कहा कि रोजगार मेला केवल नियुक्ति वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के युवाओं के सपनों, प्रतिभा और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी का उत्सव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं को पारदर्शी, तेज एवं मेरिट आधारित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से निरंतर अवसर प्रदान कर रही है।
1SYG.jpeg)
उन्होंने प्रधानमंत्री जी के मंत्र “नागरिक देवो भवः” का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिकों की सेवा ही सरकार और सरकारी कर्मचारियों का सर्वोच्च कर्तव्य है। उन्होंने नव-नियुक्त युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ करें तथा “राष्ट्र प्रथम” की भावना को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
श्री पासवान ने कहा कि आज भारत विश्व की सबसे युवा आबादी वाला देश है और यही युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। केंद्र सरकार कौशल विकास, डिजिटल इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया, मेक-इन-इंडिया आदि पहलों के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर सृजित कर रही है।

कार्यक्रम में डॉ. जयंती रॉय, माननीय सांसद; डॉ. शंकर घोष, माननीय विधायक, सिलीगुड़ी; श्रीमती शिखा चटर्जी, माननीय विधायक, फुलबाड़ी; श्री आनंदमय बर्मन, माननीय विधायक, माटीगाड़ा–नक्सलबाड़ी; श्री सोनम लामा, माननीय विधायक, कालिम्पोंग; श्री दुर्गा मुर्मू, माननीय विधायक, फांसीदेवा; श्री अनंता देव अधिकारी, माननीय विधायक, जलपाईगुड़ी; एवं श्री धीरराम जी, माननीय विधायक सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अंत में श्री कमलेश पासवान ने सभी नव-नियुक्त युवाओं एवं उनके परिवारों को शुभकामनाएँ देते हुए आवाहन किया कि वे ईमानदारी, निष्ठा और सेवा-भावना को अपने कार्य के केंद्र में रखकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित, आत्मनिर्भर और गौरवशाली भारत के निर्माण की सबसे बड़ी आधारशिला है।
****
RC/PU
(रिलीज़ आईडी: 2264503)
आगंतुक पटल : 96