सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय
अखिल भारतीय राजभाषा समारोह - 2026
प्रविष्टि तिथि:
18 MAY 2026 8:07PM by PIB Delhi
भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) द्वारा दिनांक 18 मई, 2026 को नई दिल्ली स्थित ए. पी. शिंदे संगोष्ठी हॉल, NASC कॉम्प्लेक्स, पूसा में एक दिवसीय “अखिल भारतीय राजभाषा समारोह – 2026” का आयोजन किया गया।
समारोह का उद्घाटन सुश्री गीता सिंह राठौर, महानिदेशक (एनएसएस) द्वारा किया गया। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने राजभाषा हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी विचारों एवं भावनाओं की सरल एवं प्रभावी अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भारत जैसे बहुभाषी देश में हिंदी राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपने दैनिक शासकीय कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आग्रह किया।

इस अवसर पर महानिदेशक (सीएस), अपर सचिव, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय तथा मंत्रालय एवं क्षेत्र संकार्य प्रभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में क्षेत्र संकार्य प्रभाग के क्षेत्रीय कार्यालयों में पदस्थ कनिष्ठ अनुवाद अधिकारियों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान राजभाषा हिंदी के महत्व को रेखांकित करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने हेतु प्रेरित किया गया।

समारोह के अंतर्गत एक परिचर्चा सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्री श्याम सुंदर कथूरिया, निदेशक, कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने राजभाषा हिंदी के संवर्धन हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के सहज एवं प्रभावी उपयोग के विभिन्न उपाय भी साझा किए। साथ ही, देश के तीनों राजभाषा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर रहे पैनल सदस्यों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों एवं चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान भी प्रस्तुत किए गए।
समारोह के अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह संदेश दिया गया कि राजभाषा हिंदी देश के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने वाली भाषा है। सभी को अपने कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी का अधिकतम प्रयोग करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही, जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी का कार्यसाधक ज्ञान प्राप्त नहीं है, उन्हें हिंदी प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके अतिरिक्त, सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को अपने अधीनस्थ उप-क्षेत्रीय कार्यालयों में हिंदी में कार्य को बढ़ावा देने तथा राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार हेतु निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया।
***
Samrat/Pranab
(रिलीज़ आईडी: 2262501)
आगंतुक पटल : 171