वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

वित्तीय सेवाएं विभाग द्वारा उदयपुर, राजस्थान में 09-10 अप्रैल, 2026 को 'देश के विकास में भारतीय भाषाओं का योगदान' विषय पर दो दिवसीय राजभाषा सेमिनार का आयोजन


सेमिनार में प्रतिभागियों ने अपने-अपने संगठन में राजभाषा नीति के कार्यान्वयन के नवोन्मेषी कार्यकलापों एवं विचारों को साझा किया

प्रविष्टि तिथि: 10 APR 2026 6:54PM by PIB Delhi

वित्तीय सेवाएं विभाग के प्रशासनिक नियंत्रणाधीन सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, बीमा कंपनियों, वित्तीय संस्थानों, विनियामक संगठनों के लिए श्री चन्द्रदीप कुमार झा, सांख्यिकीय सलाहकार एवं राजभाषा प्रभारी, वित्तीय सेवाएं विभाग की अध्यक्षता में दिनांक 09-10 अप्रैल, 2026 को उदयपुर, राजस्थान में 'देश के विकास में भारतीय भाषाओं का योगदान' थीम पर आधारित दो दिवसीय राजभाषा सेमिनार का आयोजन किया गया | उद्घाटन सत्र के दौरान सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार श्री कृष्ण कुमार 'जुगनूँ' जी भी उपस्थित रहे।

 इस सेमिनार में प्रतिभागियों ने अपने-अपने संगठन में राजभाषा नीति के कार्यान्वयन के नवोन्मेषी कार्यकलापों एवं विचारों को साझा किया। इस सेमिनार में सभी संगठनों को एक दूसरे के कार्यों से सीखने का अवसर मिला।

सेमिनार में 'कुशल नेतृत्व एवं टीम निर्माण', 'संसदीय राजभाषा समिति के निदेशों का अनुपालन, प्रश्नावली में सही रिपोर्टिंग' आदि विषयों पर चर्चा की गई। 'कार्यालयी जटिलताओं के बावजूद कार्यालय में राजभाषा प्रयोग को कैसे बढ़ाया जाए', 'कार्यालय व्यवसाय तथा देश के विकास में भारतीय भाषाओं का योगदान' जैसे विषयों पर भी परिचर्चा सत्र का आयोजन किया गया।

 इस सेमिनार के दौरान प्रतिभागी संगठनों को प्रोत्साहन स्वरूप राजभाषा कार्यान्वयन के उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

*************

AD


(रिलीज़ आईडी: 2250921) आगंतुक पटल : 199