निर्वाचन आयोग
azadi ka amrit mahotsav

निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी तैयारियों की समीक्षा की

प्रविष्टि तिथि: 26 FEB 2026 8:07PM by PIB Delhi
  1. मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) श्री ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन आयुक्तों डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ आज चेन्नई में आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी तैयारियों की विस्तार से और व्यापक समीक्षा की।
  2. समीक्षा यात्रा के दौरान, आयोग ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों जैसे आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, नेशनल पीपुल्स पार्टी, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, देस्य मुर्पोकु द्रविड़ कड़गम, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, नाम तमिलर काची और विदुथलाई चिरुथैगल काची के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की और उनके सुझाव मांगे।
  3. अधिकतर राजनीतिक दलों ने तमिलनाडु में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को शांतिपूर्ण एवं सुचारू तरीके से आयोजित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की सराहना की।
  4. राजनीतिक दलों ने आयोग से चुनाव के दौरान धनबल के इस्तेमाल और मुफ्त सामान के वितरण पर अंकुश लगाने के लिए कड़े कदम उठाने का आग्रह किया। कुछ राजनीतिक दलों ने चुनाव के दौरान होने वाली गड़बड़ियों को रोकने के लिए उड़न दस्तों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
  5. कुछ राजनीतिक दलों ने आयोग से आग्रह किया कि चुनाव की तारीखें तय करते समय आगामी त्योहारों को ध्यान में रखा जाए।
  6. मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने सभी राजनीतिक दलों को आश्वासन दिया कि उनके सुझावों पर विचार किया जाएगा और चुनाव हमेशा कानून के अनुसार स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित किए जाते हैं।
  7. राजनीतिक दलों के साथ बातचीत के बाद, आयोग ने प्रवर्तन एजेंसियों के प्रमुखों/नोडल अधिकारियों, आईजी, डीआईजी, डीईओ और एसपी के साथ चुनाव योजना, ईवीएम प्रबंधन, चुनाव की व्यवस्था, चुनाव कर्मचारियों के प्रशिक्षण, जब्ती, कानून व्यवस्था, मतदाता जागरूकता और जनसंपर्क गतिविधियों के हर पहलू की विस्तृत समीक्षा की।
  8. आयोग ने प्रवर्तन एजेंसियों के सभी प्रमुखों/नोडल अधिकारियों को पूर्ण निष्पक्षता के साथ कार्य करने और प्रलोभन से संबंधित सभी गतिविधियों पर सख्ती से नकेल कसने का निर्देश दिया।
  9. आयोग ने सभी मतदान अधिकारियों और विशेष पुलिस अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा और सुगमता को प्राथमिकता देने, अधिकारियों को बेहतर प्रशिक्षण प्रदान करने और चुनावी प्रक्रियाओं के बारे में व्यापक जागरूकता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
  10. आयोग ने अधिकारियों को पूरी निष्पक्षता सुनिश्चित करने और बिना किसी भय या पक्षपात के कार्य करने का निर्देश दिया और इस बात पर जोर दिया कि चुनाव संचालन के दौरान कानूनों, नियमों और संबंधित प्रावधानों के उल्लंघन के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।

***

पीके/केसी/एसएस/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2233353) आगंतुक पटल : 36
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English