रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रॉयल कलकत्ता टर्फ क्लब में आईएएफ और ईएसी कप रेस का आयोजन किया गया

प्रविष्टि तिथि: 25 FEB 2026 7:39PM by PIB Delhi

प्रतिष्ठित भारतीय वायु सेना (आईएएफ) कप और पूर्वी वायु कमान (ईएसी) कप रेस का भव्य आयोजन 25 फरवरी 2026 को ऐतिहासिक रॉयल कलकत्ता टर्फ क्लब (आरसीटीसी) में किया गया। वर्ष 1996 में प्रारंभ हुई ये वार्षिक प्रतियोगिताएं भारतीय वायु सेना और आरसीटीसी के बीच मजबूत एवं दीर्घकालिक संबंधों का प्रतीक हैं।

वर्ष 1847 में स्थापित और साल 1912 में ‘रॉयल’ उपाधि से सम्मानित आरसीटीसी देश के सबसे प्रतिष्ठित घुड़दौड़ संगठनों में से एक है। तब से यह भारतीय वायु सेना की गौरवशाली विरासत और उल्लेखनीय योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से आईएएफ तथा ईएसी कप दौड़ों का नियमित आयोजन करता आ रहा है।

इस अवसर पर वायु सेना प्रमुख एपी सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और पूर्वी वायु कमान के वायु अधिकारी कमान प्रमुख आईएस वालिया के साथ विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। इस वर्ष भारतीय वायु सेना कप का खिताब एंटनी राज एस ने अपने घोड़े ‘अभिचंद्र’ पर सवार होकर जीता, जो श्री विक्रम बछवात के स्वामित्व में है। वहीं, पूर्वी वायु सेना कप एमएस देवरा ने अपने घोड़े ‘लगुना सेका’ पर सवार होकर जीता, जो मेसर्स कैमहिल स्टड फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स सरायनागा रेसिंग प्राइवेट लिमिटेड के स्वामित्व में है।

वायु सेना प्रमुख ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे सौहार्द को प्रोत्साहित करने तथा रक्षा बलों और आम नागरिकों के बीच संबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में सेना, नौसेना, भारतीय वायु सेना और तटरक्षक बल के वरिष्ठ अधिकारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली, जिसने भारत के सशस्त्र बलों के बीच एकता एवं समन्वय को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया। भारतीय वायु सेना बैंड के मनोहारी संगीत प्रदर्शन ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। उनके मधुर और प्रेरणादायक वादन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा वायु सेना की भावना, गौरव एवं अनुशासन को प्रभावशाली ढंग से प्रतिबिंबित किया।

 

***

पीके/केसी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2232858) आगंतुक पटल : 72
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil