पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

समुद्री क्षेत्र में सुधारों के माध्यम से प्रमुख जहाज निर्माण परियोजना को बढ़ावा मिला


सीएमए सीजीएम एवं कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड ने छह एलएनजी-ईंधन वाले कंटेनर जहाजों के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर किया

प्रविष्टि तिथि: 18 FEB 2026 8:01PM by PIB Delhi

भारत में समुद्री क्षेत्र के सुधार जहाज निर्माण एवं हरित शिपिंग में ठोस परिणाम दे रहे हैं, जिसके अंतर्गत आज नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में वैश्विक पोत परिवहन कंपनी सीएमए सीजीएम और कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) मे छह 1,700 टीईयू एलएनजी-ईंधन वाले फीडर कंटेनर जहाजों के निर्माण के लिए एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किया।

इस समारोह में पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय में राज्य मंत्री श्री शांतनु ठाकुर; सीएमए सीजीएम समूह के अध्यक्ष एवं सीईओ श्री रोडोल्फ सादे; पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के सचिव श्री विजय कुमार; मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और सहयोगी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

इन जहाजों का निर्माण कोच्चि स्थित कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा किया जाएगा और इन्हें भारतीय ध्वज के तहत पंजीकृत किया जाएगा। यह परियोजना भारत के वाणिज्यिक जहाज निर्माण ऑर्डर बुक में बढ़ोत्तरी करती है और समुद्री क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की नीतिगत संरचना के अंतर्गत भारतीय शिपयार्डों के साथ बढ़ते वैश्विक जुड़ाव को दर्शाती है।

इस अवसर पर अपने संदेश में, केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री श्री सरबानंद सोनोवाल ने कहा, “भारत और फ्रांस एक गहरी एवं भरोसेमंद रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं, जिसमें रक्षा, अंतरिक्ष सहयोग, स्वच्छ ऊर्जा एवं हिंद-प्रशांत समुद्री सुरक्षा शामिल है। हाल ही में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा हमारे द्विपक्षीय संबंधों की शक्ति एवं परिपक्वता को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत एक स्पष्ट रोडमैप के साथ एक प्रमुख समुद्री राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जो स्थिरता, नवाचार एवं वैश्विक साझेदारी द्वारा प्रेरित है। सीएमए सीजीएम एवं कोचिन शिपयार्ड लिमिटेड के बीच सहयोग इस दृष्टिकोण का समुद्री क्षेत्र में प्राकृतिक विस्तार है।

यह भारत की जहाज निर्माण क्षमताओं में वैश्विक समुद्री दिग्गजों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है और एक मजबूत, आत्मनिर्भर एवं वैश्विक स्तर पर एकीकृत समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता है।"

अपने संबोधन में, पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय में राज्य मंत्री श्री शांतनु ठाकुर ने कहा, “यह उपलब्धि एक उच्च स्तरीय रणनीतिक सहयोग से प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 12 फरवरी 2025 को फ्रांस की आधिकारिक यात्रा की थी और उस दौरान उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति के साथ सीएमए सीजीएम मुख्यालय का दौरा भी किया था। बातचीत के दौरान, सीएमए सीजीएम के अध्यक्ष ने भारत की प्रगतिशील जहाजरानी नीति के अंतर्गत, भारत में जहाजों को पंजीकृत करने एवं भारतीय शिपयार्ड में नए जहाज निर्माण की संभावनाओं पर गहरी रुचि व्यक्त की थी। आज का समझौता उसी बातचीत एवं साझा दृष्टिकोण का ठोस परिणाम है।”

जहाज की विशिष्टताओं को अंतिम रूप प्रदान करने के लिए हुई कई बैठकों के बाद, कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) ने सीएमए सीजीएम के साथ छह फीडर कंटेनर जहाजों के डिजाइन एवं निर्माण के लिए आशय पत्र (एलओआई) पर हस्ताक्षर किया, जिनमें से प्रत्येक की क्षमता 1,700 टीईयू है और ये द्रवीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) से संचालित होते हैं। आशय पत्र के अंतर्गत, कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड और सीएमए सीजीएम ने तकनीकी-व्यावसायिक शर्तों को अंतिम रूप दिया है जिसके परिणामस्वरूप दोनों के बीच औपचारिक जहाज निर्माण का अनुबंध हुआ है।

पीके/केसी/एके/डीके


(रिलीज़ आईडी: 2229938) आगंतुक पटल : 68
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu