युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी मिलने पर “सामूहिक प्रतिबद्धता और खेल भावना” की सराहना की


 “भारत का समय आ गया है”: केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भारतीय खेलों के लिए नए युग की घोषणा की

Posted On: 26 NOV 2025 9:09PM by PIB Delhi

भारत को आधिकारिक तौर पर वर्ष 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी मिल गई है, जिसमें अहमदाबाद (Amdavad) को मेजबान शहर घोषित किया गया है। यह ऐतिहासिक घोषणा बुधवार को ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (CGF) की महासभा में की गई।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज शाम देश भर में जश्न की बात करते हुए, X (ट्विटर) पर पोस्ट कर अपनी भावना व्यक्त की:

"भारत को वर्ष 2030 के शताब्दी राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की बोली जीतने पर मैं अत्यंत खुश हूँ! भारत की जनता और खेल इकोसिस्टम को बधाई। यही हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता और खेल भावना है जिसने भारत को वैश्विक खेल मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया है। 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना के साथ, हम इन ऐतिहासिक खेलों को बड़े उत्साह के साथ मनाने को तैयार हैं। हम दुनिया का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं!"

20-वर्षों के बाद हरेक 4-वर्ष में आयोजित होने वाले इन खेलों की मेजबानी के लिए भारत की वापसी को देखते हुए, इस घोषणा के साथ ही नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में ऐतिहासिक जश्न शुरू हो गया।

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय (MYAS) ने राजधानी में एक विशेष समारोह का आयोजन किया, जिसमें केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, भारतीय ओलंपिक संघ के वरिष्ठ प्रतिनिधि, खेल सचिव तथा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय (MYAS)  एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।  ओलंपियंस, राष्ट्रमंडल पदक विजेता और खेल जगत की प्रमुख हस्तियां भी उपस्थित रहीं, जो भारत के बढ़ते खेल पुनर्जागरण का प्रतीक बनीं।

सभा को संबोधित करते हुए, डॉ. मांडविया ने इस दिन को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, "वर्ष 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों के 100वें वर्ष का आयोजन करना राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (CGF) और हमारे, दोनों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का खेल क्षेत्र बदल रहा है। बॉक्सिंग विश्व कप, हॉकी विश्व कप, विश्व पैरा एथलेटिक्स जैसे आयोजनों की मेजबानी करना दिखाता है कि हम उच्च स्तर की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए अब पूरी तरह तैयार हैं।"

"हम वर्ष 2029 विश्व पुलिस खेल की मेजबानी की भी तैयारी कर रहे हैं, और ये सभी वर्ष 2036 ओलंपिक खेलों के लिए हमारी तैयारी को आगे बढ़ाएंगे, जिनकी मेजबानी की हमें उम्मीद है।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "खेलो भारत नीति और स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट भी भारतीय खेलों में हमारे बदलाव और सुधार को बढ़ावा देंगे। अगले 10-वर्षों में, भारत शीर्ष 10 में होगा, और वर्ष 2047 तक, हम शीर्ष 5 में होंगे। अब मैं सभी एथलीटों से आग्रह करता हूं कि वे देश को गर्व की अनुभूति कराने के लिए तैयार हो जाएं।"

डॉ. मंडाविया ने भारत की मेज़बानी करने की क्षमता के बारे में दुनिया के बढ़ते भरोसे पर भी जोर दिया। उन्होंने हाल ही में विश्व पैरा एथलेटिक्स के अध्यक्ष पॉल फिट्ज़गेराल्ड, विश्व बॉक्सिंग के अध्यक्ष बोरिस वैन डेर वोर्स्ट और क्यूबा के ओलंपिक लेजेंड जेवियर सोटोमेयर जैसे अतंर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों से मिले हालिया प्रशंसा का भी जिक्र किया। उन्होंने आगे कहा, “इस तरह की पहचान इस बात को और मजबूत करती है जो दुनिया पहले से महसूस करती रही है: भारत तैयार है। भारत काबिल है। भारत इस मुकाम पर आ गया है।”

राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (CGF) ने आधिकारिक बयान में कहा गया—

"इस निर्णय से पुष्टि होती है कि दुनिया का सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश इन ऐतिहासिक खेलों की मेजबानी करेगा, जिसके लिए 74-राष्ट्रमंडल सदस्य देशों और क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने ग्लासगो में राष्ट्रमंडल खेल महासभा के दौरान भारत की बोली को मंजूरी प्रदान की।

बयान में आगे कहा गया, "भारत ने वर्ष 2030 खेलों के लिए एक प्रभावशाली विजन प्रस्तुत किया, जो गुजरात के शहर अहमदाबाद पर केंद्रित है, जो ग्लासगो 2026 द्वारा स्थापित नींव पर आधारित होगा, जिससे भारत इस शताब्दी समारोह को भव्य तरीके से मना सके।”

बुधवार शाम को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में एक खास तौर पर तैयार की गई ऑडियो-विज़ुअल फिल्म दिखाई गई, जिसमें भारत की राष्ट्रमंडल खेलों की विरासत को दिखलाया गया तथा इसमें पदक उपलब्धियों से लेकर वर्ष 2010 की मेजबानी तक शामिल है। घोषणा के बाद एक शानदार लेजर शो और आतिशबाज़ी का आयोजन हुआ, जिसके अंत में आधिकारिक हैशटैग #CWG2030InBHARAT जारी किया गया, जो विकसित भारत 2047 की दिशा में भारत की महत्वाकांक्षा और विजन को दर्शाता है। भारत के बड़े पैमाने पर खेल आयोजनों की मेजबानी में सततता (सस्टेनेबिलिटी) के सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए, इस कार्यक्रम में धुआं-रहित पर्यावरण अनुकूल ग्रीन क्रैकर्स का उपयोग किया गया।

भारत ने वर्ष 2010 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल में कुल 101 पदक जीते थे, जिसमें 38 स्वर्ण शामिल थे। इनमें से 30 पदक सिर्फ शूटिंग से आए थे। वर्ष 2022 में भारत ने कुल 61 पदक जीते, जिनमें 22 स्वर्ण शामिल थे। बर्मिंघम में हुए इस राष्ट्रमंडल खेल में शूटिंग को शामिल नहीं किया गया था।

***

पीके/केसी/पीकेपी


(Release ID: 2195116) Visitor Counter : 53
Read this release in: English