महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने आज देवघर, झारखंड में पोषण, सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े जमीनी कार्यों की समीक्षा की

सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि पोषण, सुरक्षा और संरक्षण से जुड़ी योजनाएँ ज़मीनी स्तर पर प्रभावी रूप से पहुंचें : श्रीमती अन्नपूर्णा देवी

Posted On: 20 JUN 2025 10:02PM by PIB Delhi

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने आज झारखंड के देवघर स्थित  मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, वन स्टॉप सेंटर और बालिका स्वाधार गृह का दौरा किया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने पोषण, महिला सुरक्षा और बच्चों के संरक्षण से जुड़े जमीनी कार्यों को नजदीक से देखा और स्थानीय जरूरतों की गहन समझ ली।

केन्द्रीय मंत्री ने ग्राम पंचायत चाँदडीह स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और मातृ-सेवाओं का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली और सेवाओं की सराहना की, साथ ही ज़मीनी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन के सुझावों को भी जाना।

इसके बाद उन्होंने देवघर स्थित वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया, जो संकट में पड़ी महिलाओं को तत्काल सहायता, परामर्श, चिकित्सा और सुरक्षा जैसी सुविधाएँ प्रदान करता है। केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री ने वहां कार्यरत टीम से बातचीत की और सेवा की गुणवत्ता को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

Image

 

बालिका स्वाधार गृह के दौरे में मंत्री ने बालिकाओं के पुनर्वास, देखभाल और सशक्तिकरण से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हर बच्ची को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिलना चाहिए।

Image

श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि पोषण, सुरक्षा और संरक्षण से जुड़ी योजनाएँ ज़मीनी स्तर पर प्रभावी रूप से पहुंचें। ऐसे दौरे हमें नीतियों को और अधिक व्यावहारिक और संवेदनशील बनाने में मदद करते हैं।

****

SS/MS

 



(Release ID: 2138187)