अल्‍पसंख्‍यक कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी, उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक और केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने उत्तर प्रदेश के आगरा में “हुनर हाट” के 41वें संस्करण का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया

श्री नकवी ने कहा : देश की सदियों पुरानी कला और शिल्प की समृद्ध विरासत के "संरक्षण, सुरक्षा, संवर्धन" में "हुनर हाट" महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है

देश के सभी राज्यों की कला और संस्कृति को एक स्थान पर एकत्र करना कोई आसान काम नहीं है लेकिन "हुनर हाट" इस संबंध में एक सराहनीय भूमिका निभा रहा है: श्री ब्रजेश पाठक

"हुनर हाट" भारत की संस्कृति, धर्म, आध्यात्मिकता, कला, संगीत और साहित्य को संरक्षित और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है: प्रो. एस. पी. सिंह बघेल

Posted On: 19 MAY 2022 4:51PM by PIB Delhi

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी, उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक और केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने आज उत्तर प्रदेश के आगरा में "कला का समर्थन" और "कौशल की शान" का एक प्रभावी अभियान, हुनर हाट के 41वें संस्करण का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया।

18 से 29 मई, 2022 तक आगरा के ताजगंज में स्थित शिल्पग्राम में आयोजित होने वाले "हुनर हाट", "कौशल कुबेर का कुंभ" के उद्घाटन के दौरान उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री, सांसद और विधायक उपस्थित थे। देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 800 से अधिक कारीगर और शिल्पकार इस 12 दिवसीय "हुनर हाट" में भाग ले रहे हैं।

इस अवसर पर बोलते हुए श्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि "हुनर हाट" एक छत के नीचे पूरे देश की कला और संस्कृति को देखने का एक प्रभावशाली मंच है। उन्होंने कहा कि "हुनर हाट" भारत की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और बढ़ावा देने के लिए प्रभावी ढंग से काम कर रहा है।

श्री पाठक ने कहा कि इस हुनर हाटमें जहां एक ओर देश के कोने-कोने से आए शिल्पकारों और कारीगरों के उत्कृष्ट उत्पाद उपलब्ध हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर देश के हर क्षेत्र के पारंपरिक स्वादिष्ट व्यंजन और भोजन सामग्री भी उपलब्ध हैं। श्री पाठक ने कहा कि देश के सभी राज्यों की कला और संस्कृति को एक स्थान पर एकत्र करना कोई आसान काम नहीं है लेकिन "हुनर हाट" इस संबंध में एक सराहनीय भूमिका निभा रहा है।

अपने संबोधन में प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने कहा कि हुनर हाटभारत की संस्कृति, धर्म, आध्यात्मिकता, कला, संगीत और साहित्य को संरक्षित और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है।

प्रो. बघेल ने कहा कि "हुनर हाट" लोक कला, लोक संस्कृति, लोक भाषा, लोक खान-पान को जीवंत और एकजुट रखता है। उन्होंने कहा कि "हुनर हाट" भारत की कला और संस्कृति को प्रदर्शित करने का एक शानदार एवं समृद्ध मंच है।

इस अवसर पर बोलते हुए, श्री नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी "नीतिगत पक्षाघात की बीमारी" को समाप्त करके, "सुशासन का संस्थान और समावेशी विकास का मिशन" बन गए हैं। श्री मोदी ने आपदा को अवसर में बदलकर देश को सुरक्षित किया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक मंदी के दौरान भी, श्री मोदी ने देश और उसके लोगों की सुरक्षा तथा भलाई के लिए अथक प्रयास किए और ईमानदारी से काम किया।

श्री नकवी ने कहा कि "हुनर हाट" "वोकल फॉर लोकल" यानी स्थानीय के लिए मुखर बनिए, "स्वदेशी", "आत्मनिर्भर भारत" और "एक भारत-श्रेष्ठ भारत" का एक विश्वसनीय संगम है। श्री नकवी ने कहा कि "हुनर हाट" देश की कला और शिल्प की सदियों पुरानी समृद्ध विरासत के "संरक्षण, सुरक्षा, संवर्धन" में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि जाति, समुदाय, क्षेत्र और धर्म की बाधाओं को तोड़ते हुए, “हुनर हाटने पिछले 6 वर्षों में समाज के सभी वर्गों के लगभग 10 लाख 50 हजार कारीगरों और शिल्पकारों को रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए हैं। 50 प्रतिशत से अधिक लाभार्थी सभी वर्गों की महिला कारीगर हैं।

श्री नकवी ने कहा कि हुनर हाटने कला और संस्कृति की सदियों पुरानी स्वदेशी विरासत को एक नया गौरव और मान्यता प्रदान की है, जो विलुप्त होने के कगार पर थी। उन्होंने कहा कि "स्वदेशी" के लिए लोगों का जबरदस्त उत्साह "हुनर हाट" की अपार सफलता का प्रमुख कारण है।

"हुनर हाट" में मिट्टी के बर्तनों से लेकर लकड़ी के सामान से लेकर चंदन का काम, मिट्टी के काम से लेकर कांच के काम, पीतल के काम से लेकर लोहे के काम, हथकरघा से लेकर हस्तशिल्प और अन्य उत्पादों तक के शानदार हस्तनिर्मित उत्पाद उपलब्ध हैं। दर्शक "मेरा गांव, मेरा देश" (फूड कोर्ट) में देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक खान-पान के विभिन्न व्यंजनों का भी आनंद ले रहे हैं। "विश्वकर्मा वाटिका", पारंपरिक सर्कस, लेजर शो, प्रसिद्ध और उभरते कलाकारों के संगीत तथा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेल्फी पॉइंट आदि इस "हुनर हाट" के प्रमुख आकर्षण हैं।

आगरा में आयोजित हो रहे "हुनर हाट" में दर्शक हर शाम संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेंगे। "हुनर हाट" में शैलेंद्र सिंह, पंकज उधास, दलेर मेहदी, अल्ताफ रजा, तलत अजीज, मोहित चौहान, रूप कुमार राठौर और सोनाली राठौर, भूमि त्रिवेदी, पूर्णिमा श्रेष्ठ, राजू श्रीवास्तव, निजामी बंधु, प्रतिभा सिंह बघेल, दिलबाग सिंह, नेहा खान, मोहित खन्ना, रेखा राज, पी. गणेश, बेला सुलेखा, अंकिता पाठक, जॉली मुखर्जी, अदिति खंडेगल, हेमा सरदेसाई, भूपिंदर सिंह भूप्पी, अनिल भट्ट, हमसिका अय्यर, प्रिया मलिक, दिलबाग सिंह, रितेश मिश्रा, भूमिका मलिक, आशु बजाज, विवेक मिश्रा, राहुल जोशी, सुप्रिया जोशी जैसे प्रसिद्ध कलाकार अन्य विभिन्न संगीत, सांस्कृतिक, पारंपरिक कार्यक्रमों, नृत्य कार्यक्रमों और कॉमेडी प्रदर्शन आदि के साथ दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य की कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य, राज्यसभा सांसद श्री हरद्वार दुबे, आगरा के महापौर श्री नवीन जैन, आगरा कैंट के विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, आगरा उत्तर के विधायक श्री पुरुषोत्तम खंडेलवाल, बाह की विधायक श्रीमती रानी पक्षालिका सिंह, एत्मादपुर के विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, फतेहाबाद के विधायक श्री छोटे लाल वर्मा, फतेहपुर सीकरी के विधायक श्री बाबूलाल चौधरी, खेरागढ़ विधायक श्री भगवान सिंह, विधान परिषद के सदस्य डॉ. आकाश अग्रवाल, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री गिरराज सिंह कुशवाह, महानगर अध्यक्ष श्री भानु महाजन, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामबाबू हरित, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अशफाक सैफी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

*****

एमजी/एएम/एमकेएस/वाईबी



(Release ID: 1826750) Visitor Counter : 244


Read this release in: Telugu , English , Urdu