पर्यटन मंत्रालय

श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने विश्व धरोहर विरासत दिवस 2021 के अवसर पर आज वेबिनार 'इंडियाज हेरिटेज: पॉवरिंग टूरिज्म' को संबोधित किया

रामायण पर पहली बार ऑनलाइन प्रदर्शनी का उद्घाटन किया

देश की विरासत को बढ़ावा देने में युवा पीढ़ी और प्रौद्योगिकी की भूमिकाओं का उल्लेख किया

Posted On: 18 APR 2021 7:43PM by PIB Delhi

केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने आज विश्व धरोहर दिवस 2021 के अवसर पर पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित एक वेबिनार 'इंडियाज हेरिटेज: पॉवरिंग टूरिज्म' को संबोधित किया। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित महाकाव्य रामायण पर ऑनलाइन प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया, जो रामायण पर पहली ऑनलाइन प्रदर्शनी है। ऑनलाइन प्रदर्शनी में नई दिल्ली के राष्ट्रीय संग्रहालय के 49 लघु चित्रों के संग्रह दिखाए गए हैं, जो 17वीं से 19वीं शताब्दी के बीच के भारत के अलग-अलग कला विधाओं के हैं।

ऑनलाइन प्रदर्शनी के लिए वेबलिंक: https://nmvirtual.in/Virtual_Tour/Ramayan/

 

 

अपने संबोधन में श्री पटेल ने कहा कि विश्व धरोहर दिवस पिछले 39 वर्षों से मनाया जा रहा है जबकि हमारी विरासत हजारों वर्ष पुरानी है। उन्होंने कहा कि भारत में मंदिरों, नृत्य, संगीत, शास्त्रों की एक अनूठी विरासत है जो दुनिया में कहीं नहीं मिल सकती और भविष्य की पीढ़ियों के लिए इन अमूल्य विरासतों की रक्षा करना एक सामूहिक जिम्मेदारी है तथा इसके लिए नियामक एवं प्रशासनिक संरचना के अलावा समुदाय की भागीदारी और जागरूकता पर नए सिरे से ध्यान देने की जरूरत है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमें अब विरासत के क्षेत्र में विचार-विमर्श और गंभीरता से काम करने की जरूरत है। यह युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह उचित तथ्यों और समय-सीमा के साथ देश की विशाल विरासत को बढ़ावा देने के काम को आगे बढ़ाए। वह पूरी सफलता के साथ यह काम कर सकते हैं क्योंकि वे प्रौद्योगिकी में निपुण हैं और उनके पास अधिक संसाधन हैं जो अमूल्य उपकरण प्रदान करते हैं जिनकी मदद से वे इतिहास और घटनाओं का अधिक सटीक रूप से पता लगा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसे एक चुनौती के रूप में लिया जाना चाहिए।

 .

 

श्री पटेल ने कहा कि हमारी विरासत स्थलों और स्मारकों का विविध कलात्मक परंपराओं और सांस्कृतियों के साथ घनिष्ठ संबंध है। हमारे पास कई प्राचीन स्थल और मंदिर हैं, लेकिन उन्हें वैश्विक मंच पर उनकी वह जगह नहीं मिली है जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने कहा कि संरक्षणवादियों, पुरातत्वविदों और इतिहासकारों से लैस अच्छी गुणवत्ता वाले मानव संसाधन के हमारे समूह को एक साथ लाना जरूरी है जो विशाल विरासत पर उचित प्रकाश डाल सकते हैं और इसे पेशेवर तरीके से विश्व मंच पर ले जा सकते हैं। जरूरी मानव संसाधन के इस समूह का एक साथ निर्माण करते रहना भी आवश्यक है

श्री पटेल ने कहा कि हम पर्यटन को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं और हमारी संस्कृति एवं धरोहर पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण हैं। इसे लेकर हमारे पास दीर्घकालिक योजनाएं होनी चाहिए जिनमें हमारी संस्कृति एवं विरासत का व्यवस्थित विकास शामिल होगा और युवा पीढ़ी की भागीदारी के साथ, ठोस नतीजे हासिल करने के लिए इसे उपयुक्त मंचों पर प्रदर्शित किया जाएगा।

श्री पटेल ने कहा कि विश्व सांस्कृतियों में उत्सव मनाना और ऐतिहासिक स्थलों को लेकर जागरूकता फैलाना समय की जरूरत है। दुनिया भर में, वास्तुकला, पुरातत्व, प्रदर्शन एवं दृश्य कला, संस्कृति जैसे विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की परिणति ने युवा पीढ़ी के लिए मूर्त और अमूर्त विरासत सांस्कृतिक स्मारकों को संरक्षित करने में योगदान दिया है। मुझे उम्मीद है कि इस तरह की प्रतिष्ठित और ज्ञानी हस्तियों से युक्त यह पैनल चर्चा, हमारी अनमोल धरोहरों को संरक्षित करने में काफी मदद करेगी। मैं इस नेक प्रयास के लिए आपको बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।

भारत की व्यापक और शानदार मूर्त एवं अमूर्त विरासत की खोज और पर्यटकों के अनुभव को समृद्ध करने में इसकी महत्ता का पता लगाने के लिए वेबिनार इंडियाज हेरिटेज: पॉवरिंग टूरिज्म (भारत की विरासत: पर्यटन को प्रोत्साहन) का आयोजन किया गया था। अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी), पर्यटन सुश्री रुपिंदर बराड़ ने विचार मंथन सत्र का संचालन किया और विभिन्न क्षेत्रों की इन प्रतिष्ठित हस्तियों ने इसमें हिस्सा लिया:-

 

श्री अभय मंगलदास – हाउस ऑफ मंगलदास

श्री हर्षवर्धन – नो फुटप्रिंट्स

सुश्री शैलजा कटोच – हाउस ऑफ कांगड़ा

डॉ. श्रुति नाडा पोद्दार - नाडा योगा

सुश्री कृतिका सुब्रह्मणियन - स्वत्मा

सुश्री सुदक्षना थंपी – योगा एंड स्पिरिचुअल हीलिंग

डॉ. शोवना नारायण - कथक नृत्यांगना

श्री दिनेश के पटनायक - महानिदेशक, आईसीसीआर

सुश्री लवलीन सागर – डिस्टेंट फ्रंटियर्स

 

इस वर्ष विश्व धरोहर दिवस 2021 का थीम "कॉम्प्लेक्स पास्ट्स: डाइवर्स फ्यूचर्स" (जटिल अतीत: विविध भविष्य) है।

******

एमजी/एएम/पीके/एनके



(Release ID: 1712649) Visitor Counter : 260


Read this release in: English , Urdu , Marathi , Punjabi